गुरुवार, जनवरी 26, 2012

मनमोहक डलहौजी

चिलचिलाती गर्मी से दूर किसी ठण्डे स्थान पर जाने का मन किसका नहीं करेगा, जहां चारों तरफ ऊंचे-ऊंचे पहाड व हरी-भरी वादियों का विहंगम नजारा देखने को मिले। यदि आप टूर डेस्टिनेशन अभी तक तय नहीं कर पाये हैं, तो हिल स्टेशन डलहौजी जायें। चीड के पेडों से घिरे ढलाननुमा पहाडों पर विभाजित रास्तों से पर्यटक पैदल यात्रा कर डलहौजी की खूबसूरत वादियों का नजारा ले सकते हैं। ‘गेटवे ऑफ चम्बा वैली’ से मशहूर इस कोलोनियल टाउन की स्थापना 1854 में ब्रिटिश गवर्नर-जनरल लॉर्ड डलहौजी ने की थी। पहाडों से बहती मंद-मंद हवा और विहंगम दृश्य रोमांच से भर देने के लिये काफी हैं। यहां की नैसर्गिक खूबसूरती पर्यटकों को अपने आगोश में समाने के लिये हमेशा तैयार प्रतीत होती है। डलहौजी का प्राकृतिक महत्व के साथ ऐतिहासिक महत्व भी है। यहां की खूबसूरती से अंग्रेज इतने प्रभावित हुए थे कि 18वीं शताब्दी में यहां के राजा से कुछ पहाडियों को लॉर्ड डलहौजी ने खरीद लिया था। 

आकर्षण 

जंध्री घाट: सुभाष बावली से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित जंध्री घाट में मनोहर पैलेस ऊंचे-ऊंचे चीड के पेडों के बीच स्थित है। लॉर्ड डलहौजी के आने से पहले यहां चम्बा के पूर्व शासक का शासन था। पैलेस के अलावा यहां आप चाहें तो चीड के पेड से होकर निकलती सुगंधित मंद-मंद हवा में बैठकर पिकनिक का भी मजा ले सकते हैं। डलहौजी से पांच किलोमीटर दूर बकरोटा हिल्स से भी बर्फ से ढकी पहाड की चोटियों का नजारा मिलता है। 
सतधारा: पंजपुला के रास्ते में 2036 मीटर ऊंचाई पर स्थित सात झरनों वाली सतधारा है, जिसका उपचारात्मक महत्व भी है। पानी में मौजूद मिका मेडिसिनल प्रॉपर्टी के लिये मशहूर है। 
सुभाष बावली: यहां से भी आप बर्फ से ढके ऊंचे पर्वतों का विहंगम नजारा देख सकते हैं। यहां स्थित झरने की ऊंचाई 2085 मीटर है। 
कैथोलिक चर्च: डलहौजी अपने अनगिनत पुराने चर्चों के लिये भी मशहूर है। यहां स्थित सेंट फ्रांसिस के कैथोलिक चर्च का निर्माण 1894 में हुआ था। 

आसपास 

बडा पत्थर: कालाटोप के रास्ते में पडने वाले अहला गांव में घने जंगलों के बीच भुलवानी माता का छोटा सा मन्दिर स्थित है। यहां जुलाई में माता के आदर सत्कार व पूजा-अर्चना के लिये मेले का भी आयोजन किया जाता है। यह डलहौजी से चार किलोमीटर दूर है। 
डैनकुण्ड: डलहौजी से दस किलोमीटर दूर 2745 मीटर की ऊंचाई पर स्थित डैनकुण्ड से पहाडियों, घाटियों और नदी व्यास, रावी, चेनाब की कलकल लहरें देख सकते हैं। 
पंजपुला: डलहौजी से सिर्फ दो किलोमीटर दूर पांच पुल ‘फाइव ब्रिजेज’ को भारत के फ्रीडम फाइटर अजित सिंह की याद में बनवाया गया है। यहां स्थित प्राकृतिक टैंक और प्रतिष्ठित लोगों की मूर्ति इस स्थान को और भी शान्ति का आभास दिलाती है। इन छोटे छोटे पांच पुलों के नीचे से बहता पानी काफी आकर्षक लगता है। मान्यता है कि इसके पानी से कई तरह की बीमारियां ठीक होती हैं। 
साथ ही डलहौजी से ढाई किलोमीटर दूर खजियार झील है, जिसका आकार तश्तरीनुमा है। 

कैसे जायें 

हवाई मार्ग: नजदीकी हवाई अड्डा गग्गल (कांगडा) है, जो डलहौजी से 140 किलोमीटर दूर है। 
रेल मार्ग: नजदीकी रेलवे स्टेशन पठानकोट है, जो अमृतसर, जम्मू, दिल्ली और जालंधर से रेल मार्ग से जुडा हुआ है। 
सडक मार्ग: पठानकोट से डलहौजी बस या टैक्सी से जा सकते हैं। पंजाब और हिमाचल रोडवेज भी बस सेवा उपलब्ध कराती हैं। 

कहां ठहरें 

आप फाइव स्टार होटल में नहीं रहना चाहते, तो स्मॉल बजट होटल के साथ टूरिस्ट लॉज भी हैं, जहां उचित कीमत पर कमरा मिल जाता है। 

मौसम:
गर्मी में यहां का अधिकतम तापमान 30 और सर्दियों में 0 डिग्री से नीचे चला जाता है। 

लेख: अंशुमाला (राष्ट्रीय सहारा में 29 मई 2011 को प्रकाशित)

बुधवार, जनवरी 25, 2012

पलनी- भगवान कार्तिकेय की भूमि

महापुराणों में से स्कंद पुराण भगवान कार्तिकेय को समर्पित है। कार्तिकेय दक्षिण भारत में आकर क्यों बसे? इसका भी वर्णन स्कंद पुराण में मिलता है। मान्यता है कि कैलाश पर्वत पर भगवान शंकर से मिलने देवर्षि नारद पधारे। मिलने के बाद नारद जी ने उन्हें ज्ञानफल दिया। ज्ञानफल को प्राप्त करने के लिये गणेश जी और कार्तिकेय जी दोनों लालायित हो उठे। तब, भगवान शिव ने अपने दोनों पुत्रों को ब्रह्माण्ड की परिक्रमा लगाकर आने को कहा। कार्तिकेय बिना विलम्ब किये अपने वाहन मयूर पर बैठकर ब्रह्माण्ड परिक्रमा के लिये निकल गये, जबकि गणेश अपने वाहन मूषक पर बैठकर अपने माता-पिता अर्थात पार्वती जी और शिवजी की परिक्रमा यह कहते हुए करने लगे कि आपसे ही ब्रह्माण्ड है, तो आपकी परिक्रमा करना ब्रह्माण्ड की परिक्रमा है। इस पर प्रसन्न होकर शिवजी ने देवर्षि नारद द्वारा प्रदत्त ज्ञानफल गणेश जी को प्रदान कर दिया। जब, ब्रह्माण्ड परिक्रमा कर कार्तिकेय जी पहुंचे तो इस घटना से नाराज होकर कैलाश पर्वत त्याग कर दक्षिण दिशा की ओर चल दिये। वहां पहुंचकर कार्तिकेय जी ने शिवगिरि पर्वत को अपना निवास बनाया। यहां पर कार्तिकेय ने वर्षों तक तपस्या की। 

मान्यता है कि कार्तिकेय को ब्रह्माण्ड के रहस्यों को बतलाने तथा उनकी अपनी क्षमता से परिचित कराने के लिये भगवान शिव आये और उन्हें ‘पलनी’ कहा। इसका अर्थ हुआ- तुम तो स्वयं ज्ञानफल हो। इस प्रकार कार्तिकेय का एक नाम पलनी हो गया। तब इनके नाम और महिमा की चर्चा पूरे दक्षिण भारत में फैल गई और यह स्थान महान तीर्थ बन गया। इनके पलनी नाम पर पूरी पर्वतमाला पलनी पर्वतमाला कहलाने लगी और शिवगिरि पहाडी के आसपास बसा नगर भी पलनी नाम से विख्यात हो गया। वर्तमान में, पलनी शैवभक्तों के लिये महत्वपूर्ण तीर्थ-स्थल है। लोग शिवगिरि पहाडी को पवित्र पहाडी के रूप में पूजते हैं। 

माना जाता है कि शिवगिरि पहाडी कभी कैलाश पर्वत के निकट स्थित थी। एक समय अगस्त मुनि को भगवान शिव एवं देवी उमा ने शिवगिरि एवं शक्तिगिरि पर्वत पर बैठे हुए रूप में दर्शन दिया था। बाद में, अगस्त मुनि ने भगवान शिव से इन पहाडियों को दक्षिण में अपने निवास तक ले जाने की आज्ञा मांगी। आज्ञा मिल जाने पर अगस्त मुनि ने अपने शिष्य असुर इंदुम्बन को उन पहाडियों को दक्षिण में लाने की आज्ञा दी। इंदुम्बन अपने गुरू की आज्ञा मानकर शहतीर में सर्प की मदद से कांवर का रूप देकर उन पहाडों को लेकर चल दिया। भगवान के आशीर्वाद से जब वह कांवर को उठाता तो पहाडियों का वजन काफी हल्का हो जाता और वह बडे आराम से चलता। रास्ते में इंदुम्बन कई स्थानों पर रुककर विश्राम करता हुआ, आगे की ओर बढता जा रहा था। इसी क्रम में एक दिन जब इंदुम्बन अपनी दिनभर की यात्रा के बाद रात्रि में विश्राम कर रहा था तभी आकाश में विचर रहे कार्तिकेय जी का ध्यान इन दोनों सुन्दर पहाडियों पर गया। कार्तिकेय इस पर इतना मोहित हो गये कि इसे अपना निवास स्थान बना लिया। उधर, जब इंदुम्बन विश्राम कर आगे की यात्रा के लिये कांवर उठाने लगा, तो कांवर काफी भारी हो गया और उससे हिला भी नहीं। वह परेशान हो इधर-उधर ऊपर नीचे देखने लगा। तभी बैठे कार्तिकेय पर उसकी नजर पडी। उस वक्त कार्तिकेय जी ने युवा सन्यासी का रूप धारण कर लिया था। जब इंदुम्बन ने अपनी यात्रा का प्रयोजन बताते हुए, उन्हें पहाडी के ऊपर से हटने को कहा, तब उन्होंने कहा, अब यह हमारा निवास स्थल बन गया है। इस पर इंदुम्बन क्रोधित होकर उन्हें युद्ध के लिये ललकारने लगा। दोनों में भयंकर युद्ध हुआ। इंदुम्बन हार गया। बाद में अगस्त मुनि वहां पहुंचकर इंदुम्बन से बोले कि यह कोई और नहीं, शिवजी के दूसरे पुत्र कार्तिकेय हैं। इंदुम्बन ने इतना सुनते ही उन्हें दण्डवत प्रणाम किया। उन्होंने इंदुम्बन को आशीर्वाद दिया और कहा कि जो भी व्यक्ति इस स्थान पर कांवर लेकर आयेगा, उसे सभी मनोकामनाओं की प्राप्ति होगी। 

वर्तमान में, पलनी दक्षिण भारत के प्रमुख राज्य तमिलनाडु का पवित्र धार्मिक शहर है। यहां सुब्रमण्यम स्वामी अर्थात कार्तिकेय जी का भव्य और बहुत ही खूबसूरत मन्दिर है। यह समुद्र तल से डेढ हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है। मन्दिर का स्थापत्य पांड्य शैली का है। इसका निर्माण 11वीं शताब्दी में शिवभक्त चेरमल पेरुमल ने करवाया था। मन्दिर की चारों दिशाओं में एक-एक द्वार हैं। इन द्वारों पर छोटे-छोटे गोपुरम बने हुए हैं। मन्दिर के मुख्य द्वार का नाम राजा गोपुरम है। मन्दिर का सुन्दर विमान सोने से मढा हुआ है। गर्भगृह में भगवान स्कंद अर्थात कार्तिकेय की अत्यन्त सौम्य प्रतिमा विराजमान है। यहां कार्तिकेय सन्यासी रूप में हैं। इनके हाथ में दंड है। मान्यता है कि स्कंद पुराण में इन्होंने अत्याचारी सूरपदम का अंत किया था। दण्ड धारण करने के कारण इन्हें ‘दण्डायुधपाणि’ भी कहते हैं। भगवान कार्तिकेय का नाम मुरुगन भी है। इसका तात्पर्य सुन्दरता, सौम्यता, मधुरता, सुगंध एवं यौवन से भी है। यहां विराजमान विग्रह में ये सभी गुण दिखलाये गये हैं। दिव्य ज्ञान के रूप में पूजनीय भगवान कार्तिकेय के दर्शनार्थी यहां सालभर पधारते रहते हैं। यहां स्थापित मूल प्रतिमा नौ धातुओं के मिश्रण से बनी हुई है। इसकी अदभुत विशेषता है। इसका अभिषेक दुग्ध एवं पंचामृत से किया जाता है। मान्यता है कि जिस दुग्ध एवं पंचामृत से इनका अभिषेक किया जाता है, उसमें औषधीय गुण आ जाता है। यहीं पंचामृत आने वाले भक्तों को प्रसाद रूप में प्रदान किया जाता है। प्रतिमा के श्रंगार से पूर्व बारह बार अभिषेक किया जाता है। विभिन्न अलंकरणों से सुशोभित यह पावन प्रतिमा अत्यंत मनमोहक है। यहां दिनभर में छह बार भगवान का अभिषेक किया जाता है। छह दैवीय गुणों की स्तुति का यह प्रतीक है। 

यहां फाल्गुनी उथिरम अग्नि नक्षत्रम, कण्डाषष्ठि, और थाइपूसम प्रमुखता के साथ मनाया जाने वाला पर्व है। थाइपूसम पर्व को लेकर मान्यता है कि इस दिन माता पार्वती ने कार्तिकेय जी को सूरपदम जैसी आसुरी ताकतों से लडने की शक्ति प्रदान की थी। यह उत्सव दस दिनों तक चलता है। इस दौरान यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड उमडती है। इस अवसर पर भक्तों द्वारा कांवर लाने की परम्परा है। पीत वस्त्र धारण कर कंधे पर कांवर रखकर लम्बी पदयात्रा कर लोग यहां पहुंचते हैं। भक्तजन जो सामग्री भगवान को अर्पित करना चाहते हैं, उसे कांवर में रखकर लाते हैं। मन्नत पूरी होने पर यहां केश अर्पण अर्थात सिर मुडाने एवं कर्ण (कान) छेदन कराने की भी परम्परा है। पलनी मन्दिर में दर्शन से पूर्व तीर्थयात्री माता पार्वती को समर्पित मन्दिर पेरियानाथकी अम्मन मन्दिर के दर्शन और विनायक जी मन्दिर में नारियल चढाते हैं। पहाडी पर पहुंचने के लिये 697 सीढियां चढनी पडती हैं। यहां रज्जु मार्ग (रोप व ट्रॉली) की भी व्यवस्था है। मन्दिर से पलनी शहर का विहंगम दृश्य दिखलाई पडता है। यहीं से शक्तिगिरि पहाडी भी दिखाई पडती है। यहां इंदुम्बन का भी मन्दिर बना हुआ है। सुब्रमण्यम स्वामी के द्वारपालक के रूप में इंदुम्बन की पूजा अर्चना की जाती है। 

मदुरै से पलनी की दूरी 115 किलोमीटर है। पर्यटन स्थल कोडैकनाल से यहां की दूरी 64 किलोमीटर है। यहां पलनी देवस्थानम बोर्ड द्वारा भक्तों को ठहराने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। बोर्ड द्वारा प्रसाद के रूप में पंचामृत तथा विभूति की बिक्री की जाती है, जिसे अपने परिजनों एवं बंधु-बांधवों के लिये लोग श्रद्धा स्वरूप ले जाते हैं। 

लेख: दीपक कुमार सिन्हा (राष्ट्रीय सहारा में 29 मई 2011 को प्रकाशित)

मंगलवार, जनवरी 24, 2012

कामाख्या मन्दिर में ‘अंबुबाची’ मेला

तंत्र- मंत्र साधना के लिये चर्चित कामरूप कामाख्या में शक्ति की देवी कामाख्या का मन्दिर है, जहां हर साल आषाढ महीने में होने वाले ‘अंबुबाची’ मेले को कामरूप का कुम्भ माना जाता है। देश भर के तमाम साधु और तांत्रिक इस समय यहां पहुंचते हैं। ये साधक नीलांचल पर्वत की विभिन्न गुफाओं में बैठकर साधना करते हैं। ‘अंबुबाची’ मेले के दौरान यहां तरह तरह के हठयोगी पहुंचते हैं। कोई अपनी दस-बारह फीट लम्बी जटाओं के कारण देखने लायक होता है, कोई पानी में बैठकर साधना करता है तो कोई एक पैर पर खडे होकर। चार दिनों तक चलने वाले अंबुबाची मेले में करीब चार-पांच लाख श्रद्धालु जुटते हैं। 

धार्मिक मान्यता 

पूरी धार्मिक श्रद्धा के साथ लोग यहां जुटते हैं। जून-जुलाई (आषाढ) माह के अंत में पृथ्वी के मासिक चक्र की समाप्ति पर अंबुबाची मेला आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर मन्दिर चार दिन के लिये बंद कर दिया जाता है। कहते हैं, इस समय माता रजस्वला रहती हैं। हिन्दू समाज में रजोवृत्ति के दौरान शुभ कार्य नहीं होते, इसलिये इन दिनों असम में कोई शुभ कार्य नहीं होता। विधवाएं, साधु-संत आदि अग्नि को नहीं छूते और आग में पका भोजन नहीं करते। साधु और तांत्रिक मन्दिर के आस पास वीरान जगहों और कंदराओं में तप में लीन हो जाते हैं। चार दिन बाद मन्दिर के कपाट खुलने पर पूजा-अर्चना के बाद ही लौटते हैं। इस पर्व में देवी माता के रजस्वला होने से पूर्व गर्भ-गृह में स्थित महामुद्रा पर सफेद वस्त्र चढाये जाते हैं। कहते हैं कि बाद में ये लाल रंग के हो जाते हैं। बाद में मन्दिर के कपाट खुलने पर पुजारियों द्वारा प्रसाद स्वरूप दिये गये लाल वस्त्र के टुकडे पाकर श्रद्धालु धन्य हो जाते हैं। मान्यता है, इस वस्त्र का अंशमात्र मिल जाने पर भी सारे विघ्न दूर हो जाते हैं। कामाख्या मन्दिर में लोग लाल चुनरी और दूसरे वस्त्र चढाते हैं। यहां कन्या पूजन की भी परम्परा है। 

इस मन्दिर को कामनाओं की पूर्ति वाला मन्दिर भी कहते हैं। कहते हैं, माता के दरबार से कोई निराश नहीं लौटता। यहां पर माता की महिमा ही ऐसी है कि जो भक्त मां का द्वार खटखटाता है, मां उसे खाली हाथ नहीं लौटातीं। हिन्दू धर्म में 51 शक्तिपीठों में कामाख्या या कामाक्षा कामरूप शक्तिपीठ का काफी महत्व है। मन्दिर भारत के असम राज्य में गुवाहाटी से दो मील दूर पश्चिम में नीलगिरि पर्वत पर स्थित है। इस स्थल को ‘कामरूप’ इसलिये कहते हैं क्योंकि माना जाता है कि यहां देवी की कृपा से कामदेव को अपना मूल रूप प्राप्त हुआ था। अपने देश में जितने भी पीठ हैं, उनमें से कामाख्या पीठ महापीठ कहलाती है। मन्दिर में 12 स्तम्भों के बीच देवी मां की विशाल मूर्ति है। मन्दिर गुफा में स्थित है। यहां आने का रास्ता बहुत पथरीला है, जिसे ‘नरकासुर पथ’ कहते हैं। मन्दिर के पास ही कुण्ड है, जिसे ‘सौभाग्य कुण्ड’ कहते हैं। इस स्थल को ‘योनि पीठ’ के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि सती की योनि यहीं गिरी थी। इसलिये मन्दिर में मां की योनि की पूजा होती है। यहां देवी का रूप शक्ति स्वरूप है और भैरव का रूप उमानाथ या उमानंद। उमानंद को भक्त का रक्षक माना जाता है। माना जाता है कि उमानाथ मन्दिर में विराजमान शिव ही कामाख्या माता के भैरव हैं, इसलिये जो देवी मन्दिर में आता है उसे उमानाथ के भी दर्शन करने होते हैं। 

पर्वत पर स्थित मन्दिर के सामने ही तालाब है। वैसे पूरे पर्वत पर मन्दिर ही मन्दिर दिखते हैं। नीलांचल की चोटी पर भुवनेश्वर देवी का मन्दिर है, जहां से पूरे गुवाहाटी शहर को देखा जा सकता है। मन्दिर परिसर तक बस सेवा मिलती है। अलग से पैदल मार्ग भी बना है। अन्य कई तीर्थस्थलों की तुलना में यहां के पंडित या पंडे बहुत सरल और सीधे हैं। ये लोग दान-दक्षिणा के लिये किसी पर दबाव नहीं डालते। 

लेख: अनिता घोष (राष्ट्रीय सहारा में 19 जून 2011 को प्रकाशित)

शुक्रवार, जनवरी 20, 2012

डल लेक इन नड्डी

हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल मैक्लोडगंज से लगभग तीन किलोमीटर दूरी पर स्थित है- नड्डी गांव। अगर किसी ने डल झील न देखी हो तो नड्डी गांव आकर इस झील का लुत्फ उठा सकता है। यह जगह कश्मीर नहीं, पर इस गांव में डल झील जरूर है। नड्डी गांव समुद्र तल से 1830 मीटर से ज्यादा की ऊंचाई पर है। इसी वजह से यहां ज्यादातर कोहरा और बरसात जैसा मौसम बना रहता है। गर्मियों में यहां दूर-दूर से पर्यटक आते हैं। यह जगह शहरों की उमस, शोरगुल और दमघोंटू माहौल से दूर मंद मंद ठण्डी हवा के झोंको वाली है जो पर्यटकों के दिलोदिमाग को सुकून देती है। यहां की सुरमई शाम और चिडियों की चहचहाहट सुबह आने वाले पर्यटकों को लुभाती है। नड्डी गांव आने के लिये मार्च से जुलाई तक का समय ज्यादा अच्छा माना जाता है। 

गर्मी के मौसम में भी ये पहाडियां सफेद नजर आती हैं। गर्मी की छुट्टियों में लोग यहां आना इसलिये पसन्द करते हैं क्योंकि यहां गर्मी में सर्दी का एहसास होता है। सफेद पर्वतों से घिरा यह गांव ऐसा लगता है मानों प्रकृति ने इसे अपनी गोद में बिठा रखा हो। दिसम्बर-जनवरी के महीने से ही यहां का मौसम सुहाना होने लगता है। ऐसा लगता है कि हिमालय की चोटियों पर प्रकृति ने बर्फ की सफेद चादर बिछा दी हो। चारों तरफ बर्फ ही बर्फ नजर आती है। यह गांव इस ओर का सबसे ऊंचा और अंतिम पडाव भी है। 

क्या देखें 

यहां बडी लाइब्रेरी है, जिसमें तिब्बती सभ्यता के बारे में जानने को बहुत कुछ मिलेगा। करीब 10-12 किलोमीटर दूर प्रसिद्ध भागसूनाग मन्दिर है। मन्दिर के पास का झरना पर्यटकों को लुभाता है। यहां आने के लिये तीन-चार दिन की छुट्टी चाहिये तभी हरी-भरी वादियों का पूरा मजा ले पायेंगे। 

नड्डी गांव: हरे-भरे खेतों, छोटे बडे देवदार के पेडों के बीच ऊंची-नीची मिट्टी पर उगी हरी घास, पतले और घुमावदार रास्ते और जहां तक नजर जाये, वहां तक बस पहाड ही दिखता है। इसके अलावा दर्शनीय हैं- मैक्लोडगंज, सेंट जोसेफ चर्च, धर्मकोट, त्रिउंड, वार मेमोरियल, कुनाल पथरी और करेरी। 

कैसे जायें 

बस से: दिल्ली से 12-14 घण्टे, चण्डीगढ से 8-9 घण्टे, पठानकोट से 4-5 घण्टे। 
सडक मार्ग: चण्डीगढ से 239 किलोमीटर, दिल्ली से 514 किलोमीटर, नांगल से 145 किलोमीटर, जालंधर से 166 किलोमीटर, होशियारपुर से 128 किलोमीटर, मण्डी से 147 किलोमीटर, ज्वालामुखी से 55 किलोमीटर, कुल्लू से 214 किलोमीटर, मनाली से 252 किलोमीटर, चम्बा से 192 किलोमीटर और शिमला से 322 किलोमीटर। 
रेल मार्ग: रेलमार्ग से जाना चाहते हैं तो पठानकोट उतरना होगा। वहां से बस या टैक्सी द्वारा धर्मशाला या सीधे नड्डी गांव तक पहुंचा जा सकता है। 
हवाई मार्ग: गग्गल एयरपोर्ट 15 किलोमीटर की दूरी पर है। यह कांगडा में पडता है। यहां ठहरने की भी कोई समस्या नहीं। हर किसी के बजट में होटल और गेस्ट हाउस मौजूद हैं। 

लेख: अनिता घोष (राष्ट्रीय सहारा में 15 मई 2011 को प्रकाशित)

गुरुवार, जनवरी 19, 2012

निर्वाण स्थली बोधगया

गौतम बुद्ध को ज्ञान प्राप्ति जिस बोधि वृक्ष के नीचे हुई, वह जगह आज ‘बोध गया’ नाम से पहचानी जाती है। विश्व में बौद्ध गया को बौद्धों के महत्वपूर्ण धार्मिक और पवित्र स्थल के तौर पर जाना जाता है। 2002 में यूनेस्को द्वारा वर्ल्ड हेरीटेज घोषित की जा चुकी यह जगह बिहार की राजधानी पटना से करीब 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। मौर्य सम्राट अशोक ने इस क्षेत्र को विकसित किया। यहां के बौद्धमठ को अशोक ने बौद्ध भिक्षुओं के लिये बनाया। यहां अशोक स्तंभ भी स्थित है। मुख्य आकर्षण महाबोधि मन्दिर और बोधि वृक्ष के अलावा यहां श्रीलंका, म्यांमार और चीन के भी मन्दिर हैं। इस जगह को मन्दिरों का शहर भी कहा जाता है। यहीं पर भारत की सबसे ऊंची बुद्ध मूर्ति भी है, जो छह फीट ऊंचे कमल के फूल पर प्रतिष्ठापित है। माना जाता है कि मुख्य मन्दिर में भगवान बुद्ध की जो मूर्ति है, उसे स्वयं उन्होंने ही बनाया है। 

महाबोधि मन्दिर 

यह मन्दिर बोधि वृक्ष के पूर्व में स्थित है। इसका आर्किटेक्चर गजब का भव्य है। इस मन्दिर की कुल ऊंचाई 170 फीट है और इसके भीतरी चबूतरे पर छत्र बने हुए हैं, जो धर्म की प्रधानता के प्रतीक हैं। इस मन्दिर की बनावट सम्राट अशोक द्वारा स्थापित स्तूप सदृश्य है। मन्दिर के मुख्य हिस्से में बुद्ध की बहुत बडी मूर्ति पदमासन अवस्था (बैठे हुए है, जो दाहिने हाथ से धरती को छू रहे हैं) में हैं। माना जाता है कि बुद्ध को इसी अवस्था में ज्ञान प्राप्त हुआ था। यह मूर्ति काले पत्थर की है। मन्दिर परिसर में स्तूप बने हुए हैं, जो हर आकार के हैं। माना जाता है कि ये 2500 साल पहले के अवशेष हैं। मन्दिर को घेरे हुए रेलिंग पत्थर की नक्काशीदार हैं, कहा जाता है कि ये ही बोधगया के सबसे पुराने अवशेष हैं। इस मन्दिर में सात स्थानों को चिह्नित किया गया है, जिनके बारे में माना जाता है कि बुद्ध ने ज्ञान प्राप्ति के बाद सात सप्ताह यहीं व्यतीत किये। मुख्य मन्दिर के पीछे बुद्ध की सात फीट ऊंची विराजमान मुद्रा में प्रतिमा है। यह प्रतिमा लाल बलुए पत्थर की है। माना जाता है कि सम्राट अशोक ने यहीं पर हीरे का राजसिंहासन लगवाया था और इसे धरती का नाभि-केंद्र कहा था। इस प्रतिमा के आगे बुद्ध के बडे बडे पदचिह्न भी बने हुए हैं। 

रत्नागढ 

मन्दिर के उत्तर पश्चिम भाग में छतविहीन भग्नावशेष हैं, जिसे रत्नागढ कहा जाता है। यहां बुद्ध ने चौथा सप्ताह व्यतीत किया था। मान्यता है कि जब बुद्ध ध्यान में मग्न थे तो उनके शरीर से पांच रंग की किरणें निकलीं। इन्हीं रंगों का प्रयोग विभिन्न देशों ने यहां लाई अपनी पताकाओं में किया है। बुद्ध ने मुख्य मन्दिर से थोडी दूर स्थित अजपाला-निग्रोधा पेड के नीचे पांचवां सप्ताह और छठा सप्ताह मूचालिंडा झील के पास बिताया था। इस झील के बीचोंबीच बुद्ध की मूर्ति है, जिसमें एक सांप उनकी रक्षा कर रहा है। इसके बारे में कथा यह है कि बुद्ध तपस्या में इतने लीन थे कि वे बारिश में फंस से गये। तब सांपों के राजा मूचालिंडा ने उनकी रक्षा की। पास में राजयातना पेड के नीचे बुद्ध ने सातवां सप्ताह बिताया। यहां बर्मा के दो निवासियों ने बुद्ध से आश्रय मांगा था। यहीं उन्होंने प्रार्थना के रूप में ‘बुद्धमं शरणं गच्छामि’ का जाप किया था। 

मठ 

तिब्बती मठ बोधगया का सबसे पुराना मठ है। बर्मी विहार में भगवान बुद्ध की विशाल प्रतिमा के अलावा दो प्रार्थना कक्ष भी हैं। यहां थाई मठ भी है, जिसकी स्थापना थाईलैण्ड के राजपरिवार ने की थी। इसे गोल्डन मठ भी कहा जाता है। दरअसल इसकी भीतरी छत को सोने के पानी से रंगा गया है। इंडोसन-निप्पन-जापानी मन्दिर को लकडी के प्राचीन जापानी मन्दिरों के आधार पर बनाया गया है। यहां बुद्ध के जीवन को तस्वीरों के माध्यम से दिखाया गया है। चीनी मन्दिर में बुद्ध की प्रतिमा सोने की है। भूटानी मठ की दीवारों पर नक्काशी का काम है। नवीनतम मन्दिर वियतनाम का है। यहां बुद्ध के अवतार अवलोकितेश्वर की मूर्ति स्थापित है। 

चंक्रमना 

मुख्य मन्दिर के उत्तरी भाग को चंक्रमना कहा जाता है। माना जाता है कि ज्ञान प्राप्ति के बाद बुद्ध ने तीसरा सप्ताह यहीं बिताया था। यह भी माना जाता है कि जहां जहां बुद्ध ने अपने पैर रखे, उस जगह पर कमल के फूल खुद ही खिल गये। यहां काले पत्थर का कमल का फूल भी है। 

महाबोधि वृक्ष 

माना जाता है कि वर्तमान का बोधि वृक्ष असल में बोधि पेड की पांचवीं पीढी है, जिसके नीचे बुद्ध ने ज्ञान प्राप्त किया था। यहां वज्रासन भी है यानी स्थिरता की जगह। यह पत्थर का प्लेटफॉर्म है, जिसके बारे में मान्यता है कि बुद्ध बैठकर पूर्व की ओर देखते हुए ध्यान लगाते थे। 

लेख: स्पर्धा (राष्ट्रीय सहारा में 15 मई 2011 को प्रकाशित)

बुधवार, जनवरी 18, 2012

लद्दाख- खेल, पर्यटन और अपनेपन का पर्याय

प्रकृति की मनमोहक छटाओं से प्रेम करने वाले जितेन्द्र बाजवा की खेलों में गहरी दिलचस्पी है। उन्होंने वाटर स्पोर्ट्स, शूटिंग और मोटर स्पोर्ट्स में अपनी अलग पहचान बनाई है। तीन बार हिमालयन कार रैली ’रेड डी हिमालया’ के विजेता रहे बाजवा ने ’डेजर्ट स्टॉर्म’ में भी कई बार शिरकत की है। निशानेबाजी के शौक को अपनी बहुमुखी प्रतिभा के साथ जोडते हुए पाकिस्तान में आयोजित ’सैफ खेलों’ में शूटिंग स्पर्धा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। दुनिया के सबसे हसीन इलाके लद्दाख की खूबसूरती को बयां करता उनका यह आलेख... 

लद्दाख भारत के जम्मू कश्मीर प्रान्त का सबसे बडा पूर्ववर्ती जनपद है। समुद्र की सतह से 12000 फीट की गौरवमयी ऊंचाई लिये सिन्धु नदी की ऊपरी घाटी को चूमता यह क्षेत्र सच में भारत का ताज है। यह अपनी अलग ही सांस्कृतिक व भौगोलिक पहचान लिये हुए है। उन चकरा देने वाली ऊंचाईयों में अगर गगन चूमते पर्वत हैं, तो उसी ऊंचाई पर हजारों वर्ग मील में फैले हैं वहां के ठण्डे रेगिस्तान। यहां का रहन-सहन, वेश-भूषा, धार्मिक सोच तिब्बत से इतना मिलता है कि इसे ‘भारत का तिब्बत’ कहना गलत नहीं होगा। यहां के दसवीं शताब्दी के ‘आल्ची’ व ‘लामायुरू’ मठ पूरे विश्व से बौद्ध धर्मावलम्बियों को ही नहीं, बल्कि पर्यटकों को भी आकर्षित करते हैं। यहां प्रकृति ने अपने भण्डार खोल कर अपना सौन्दर्य दोनों हाथों से लुटाया है। इस क्षेत्र में बहने वाली नदियां सिन्धु जिसे यहां सेंग्गे खब्बाब भी कहते हैं और श्योक जिन घाटियों से बहती हैं, उनके पहरेदार हैं कराकोरम पर्वतमाला, लद्दाख पर्वतमाला और जांस्कार पर्वतमाला। इन पर्वतमालाओं के चरण पखारती इन नदियों के सौन्दर्य को प्रतिद्वंदिता देती हैं इस क्षेत्र की झीलें, जिन्हें ‘त्सो’ कहते हैं। पेंगोंग त्सो इस क्षेत्र की ही नहीं बल्कि एशिया की सबसे बडी झील है। मोरीरी त्सो भी एक निर्मल जल की अत्यन्त सुन्दर झील है। 

1995 में यहां ‘लद्दाख ऑटोनोमस हिल डेवलपमेंट काउंसिल’ के सूत्रपात के बाद से जब उत्तरी भारत कडाके की सर्दी से ग्रस्त होता है और ठिठुरन हड्डियों को कंपाती है, तो ‘गुरगुर’ चाय का आनन्द उठाते हुए लद्दाखी जुट जाते हैं शीत खेलों के आयोजन की तैयारी में। कई सौ किलोमीटर में फैला लद्दाख का ‘ठण्डा मरुस्थल’ आयोजन स्थल होता है वहां के स्थानीय खेलों का। पोलो से मिलते जुलते एक खेल में प्रयोग होता है वहां के छोटे कद के जंगली घोडे ‘क्यांग’ का। उस क्षेत्र के लिये अति उपयुक्त ये तंदुरुस्त घोडे इस खेल की स्पर्धा को और भी रोचक बना देते हैं। लद्दाख में ‘लद्दाख शीत खेल क्लब’ के गठन के बाद से वहां शीतकालीन खेलों का नियमित रूप से वार्षिक आयोजन होने लगा है। इस क्लब के अथक प्रयासों ने लद्दाख को अब भारत के शीतकालीन खेलों के मानचित्र पर एक अलग ही स्थान प्रदान किया है। लद्दाख, जो किसी समय तक केवल अपने प्राकृतिक सौन्दर्य के साथ साथ आत्मिक व धार्मिक वातावरण के लिये जाना जाता था, अब केवल पर्वत व मठों का प्रदेश न होकर अपने शीतकालीन खेलों से भी पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। 

वहां के स्थानीय खेलों के अलावा अब आइस हॉकी और आइस स्केटिंग सरीखे खेल भी नियमित रूप से आयोजित किये जाते हैं, जो कि भारत के ही नहीं, बल्कि विश्व भर से पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। आइस हॉकी की लद्दाख में बढती लोकप्रियता इस खेल ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण लद्दाख क्षेत्र के लिये ही एक वरदान प्रतीत हो रही है। कनाडा के इस राष्ट्रीय खेल को लोकप्रिय करने में लद्दाख शीत खेल क्लब को सहयोग मिल रहा है कनाडा के भारत स्थित उच्चायुक्त निकेल से। निकेल का कहना है कि अब इस खेल के प्रति रुचि केवल संगठनीय टीमों में ही नहीं, यहां के स्थानीय निवासियों में भी बढती जा रही है। उनकी अपनी टीम ‘न्यू देलही सेक्रेड बुल्स’, जो अब तक की सबसे लोकप्रिय टीम रही है और हर वर्ष लद्दाख शीतकालीन खेलों में आइस हॉकी टूर्नामेंट जीतती आ रही है, अब वहां की स्थानीय टीम से कडा मुकाबला पाती है। 

12000 फीट की ऊंचाई पर ठोस बर्फ में बदल जाती झीलें इन खेलों का आयोजन स्थल रहती हैं। ग्रीष्म ऋतु में जब लद्दाख की नदियां अपने हिम आवरण से बाहर निकलकर निर्मल जल की अविरल धाराएं बन जाती हैं, तब यहां व्हाइट वाटर राफ्टिंग में रुचि रखने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों का जमावडा देखते ही बनता है। यही वह समय भी होता है, जब लद्दाख का वातावरण बहुत लुभावना हो जाता है और ट्रेकिंग के शौकीनों को चुनौतियां स्वीकार करने का आमंत्रण देता है। यहां के दुर्गमताओं से परिपूर्ण ट्रेकिंग के रास्ते, अनछुई ऊंची पर्वत चोटियां उत्साहित करती हैं मनुष्य को अदम्य साहस का परिचय देने के लिये। 

आज कोई तो लद्दाख जाता है इन चुनौतियों का सामना करने, कोई आकर्षित होता है वहां की अद्वितीय मनोरम दृश्यावलियों से, तो कोई देखना चाहता है विश्व के इस ऊंचे अनूठे आश्चर्य को। कोई बौद्ध कलाकृतियों से आकर्षित है, तो कोई वहां की हिम-आच्छादित पर्वत चोटियों से, जहां से गुजरते हैं विश्व के कुछ अत्यंत जटिल, ऊंचे, जोखिम भरे रास्ते, जिनमें अब हिमालयन कार रैलियां (रेड डी हिमालया) अपना रास्ता चुनती हैं। बहरहाल, आज लद्दाख प्रगति के पथ पर अग्रसर होते हुए अपने स्वर्णिम भविष्य की ओर चल पडा है और वहां के लोग अपना आतिथ्य लिये, बाहें फैलाये हमेशा तैयार हैं सभी को अपना बनाने के आत्मीय जज्बे के साथ। 

बने हैं अटूट रिश्ते 

इन खेलों ने लद्दाख को नया आकर्षण दिया है तो पर्यटन भी बढाया, स्थानीय निवासियों को आजीविका दी, साथ ही कनाडा और भारत के रिश्तों को नया आयाम दिया। इन खेलों ने लद्दाख और कनाडा के लोगों के अटूट रिश्तों को जन्म दिया है। 2011 में लद्दाख शीत खेल क्लब ने विंटर टूरिज्म प्रमोशन कप का आयोजन किया, जिसमें लगभग 70 कनेडियाई खिलाडियों ने शिरकत की। इस क्लब द्वारा कई स्थानीय खिलाडियों को संरक्षण मिला और उन्हें फिनलैंड, चीन, अमेरिका व पोलैंड आइस हॉकी और आइस स्केटिंग प्रतिस्पर्धाओं में भेजा गया। 

टूटकर भी नहीं बिखरा 

भारत के बंटवारे के बाद पाकिस्तान व चीन ने वृहद लद्दाख का क्रमशः 78114 वर्ग किमी और 37555 वर्ग किमी क्षेत्र गैर-कानूनी तरीके से कब्जा लिया। बाकी करीब 45110 वर्ग किमी क्षेत्र भारत से जुडा रहा। जो आज अपनी अनुपन छटा के लिये पूरी दुनिया में जाना जाता है। यह दुर्गम व दूरस्थ क्षेत्र भी भारत की अनोखी पहचान ‘अनेकता में एकता’ दर्शाने में पीछे नहीं है। यहां तिब्बती भाषा बोलने वाले बहुसंख्यक लद्दाखी हैं, लेकिन यहां पर मुस्लिम और ईसाई भी बसते हैं। 

दैनिक जनवाणी में 3 अप्रैल 2011 को प्रकाशित

मंगलवार, जनवरी 17, 2012

अप्रतिम येलागिरी

यदि भागदौड भरी जिन्दगी से इतर अपनी लाइफ में ठहराव, सुकून व शान्ति भरा पल बिताना चाहते हैं, तो येलागिरि की सैर कर आइये। येलागिरि तमिलनाडु के मशहूर हिल स्टेशनों में से एक है, जो चार पर्वत श्रंखलाओं के बीच बसा है। इसकी ऊंचाई समुद्र तल से 920 मीटर है। यहां का स्वास्थ्यवर्द्धक मौसम एवं वातावरण वर्षभर सुहाना बना रहता है। इसलिये जब भी तमिलनाडु का ट्रिप प्लान करें, यहां जरूर जायें। हालांकि यह छोटा हिल स्टेशन है, पर वीकएण्ड मनाने के लिये बेहतर हिल स्टेशनों में से एक माना गया है। येलागिरि में 14 छोटे गांव हैं, जहां आदिवासी रहते हैं। यहां की शान्त व रिलैक्स्ड जीवन-शैली इसे पर्यटकों के बीच और भी खास बनाती है। व्यापक-अदभुत नजारा, ऊंची ऊंची ढलाननुमा पर्वत श्रंखलाएं, हरी-भरी वादियां इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाती हैं। यहां के स्थानीय आदिवासी खेती (एग्रीकल्चर), बागवानी (हॉर्टिकल्चर) और वानिकी (फॉरेस्ट्री) पर ही निर्भर हैं। इनके रीति-रिवाज, घर की बनावट इतनी यूनीक है कि पर्यटक इसे देखने के लिये खिंचे चले आते हैं। 

दर्शनीय स्थल 

पुंगनूर लेक: यह आर्टीफिशियल लेक है, जो येलागिरि पहाडियों के मध्य करीब 570 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। इस लेक में बोटिंग का भी मजा ले सकते हैं। साथ ही, यहां खूबसूरत पार्क भी है, जिसकी देखभाल येलागिरि हिल डेवलपमेंट एंड टूरिज्म प्रमोशन सोसाइटी करता है। लेक के बीचोंबीच बना फव्वारा (फाउंटेन) झील की खूबसूरती को बढाता है। पार्क में बच्चों के खेलने के लिये कई चीजें भी लगाई गई हैं। 

हर्बल फार्म: झील के नजदीक ही हर्बल फार्म है, जिसकी देखभाल वन विभाग करता है। यहां कुछ ऐसे दुर्लभ व असाधारण हर्बल मिल जायेंगे, जिनका इस्तेमाल आयुर्वेदिक ट्रीटमेंट में किया जाता है। 

परन टेलीस्कोप: घाट रोड में प्रवेश करते ही टेलीस्कोप लगा दिख जायेगा, जिससे आप डीप स्लोप, ग्रीन वैली आदि का नजारा देख सकते हैं। 

वेलावन टेम्पल: इस मन्दिर में देव मुरुगन की मूर्ति है, जो येलागिरि के सबसे ऊंचे पहाड की चोटी पर स्थित है। यहां से पूरे येलागिरि का विहंगम नजारा देखने को मिलता है। मन्दिर के सामने ही कडोथकजन की खडी आकृति भी पर्यटकों को आकर्षित करती है। जुलाई महीने में यहां हर साल धूमधाम व भव्य तरीके से त्यौहार आयोजित किये जाते हैं, जिनमें स्थानीय निवासी व श्रद्धालु भी जुटते हैं। 

जलगमपरई वाटर फॉल: अट्टारु नदी येलागिरि पहाडियों से गुजरकर जदयानुर में 30 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिरती है, जिसे नाम दिया गया है जलगमपरई वाटर फॉल। कहा जाता है कि इस वाटर फॉल में स्नान करने से कई बीमारियां ठीक हो जाती हैं, क्योंकि यह पहाडियों में उगे तरह-तरह के हर्बल प्लांट्स से होकर गुजरती है। आप निलवर से इस वाटर फॉल तक ट्रेकिंग के जरिये भी पहुंच सकते हैं। 

समर फेस्टिवल: मई से जून में यहां प्रत्येक वर्ष समर फेस्टिवल सेलिब्रेट किया जाता है, जिसका मुख्य आकर्षण ट्राइबल फोक डांस, म्यूजिक, रीति-रिवाज, सांस्कृतिक और परम्परागत कार्यक्रमों का आयोजन होता है। 

ट्रेकिंग: हालांकि यह हिल स्टेशन छोटा है, पर कहते हैं न, छोटा पैकेज-बडा धमाल। ठीक उसी तरह येलागिरि में आकर्षक स्थलों को देखने के अलावा यहां की पहाडियों में ट्रेकिंग और माउंटेनियरिंग का भी मजा ले सकते हैं। ट्रेकिंग के जरिये घने जंगलों, वाटरफॉल्स, पीक प्वाइंट्स और वैली व्यू प्वाइंट्स को भी देख सकते हैं। 

ध्यान रखने योग्य बातें: येलागिरि में न तो कोई पेट्रोल पम्प है और न ही रिपेयरिंग की दुकान। इसलिये पहले से ही रिपेयर कराने के साथ उसमें पेट्रोल भी भरा लेना सही होगा। इसके अलावा, फर्स्ट-एड किट और रेग्यूलर इस्तेमाल में आने वाली दवाइयां भी रखें क्योंकि यहां आपको एक भी हेल्थ सेंटर नहीं मिलेगा। 

ट्रेकिंग के रूट्स: पुंगनूर से निलवर जलगमपराई (14 किलोमीटर), पुंगनूर- स्वामीमलाई हिल (6 किलोमीटर), मंगलम से स्वामीमलाई (2 किलोमीटर), इंफॉर्मेशन सेंटर से कूसी कुट्टई (1.5 किलोमीटर), पुथुर से पेरुमडु वाटरफॉल (3 किलोमीटर), बोट हाउस से पुलिचा कुट्टई (3 किलोमीटर)। 

कैसे पहुंचें 

पोन्नेरी से येलागिरि 14 किलोमीटर दूर है और तिरुओथर से इसकी दूरी 27 किलोमीटर है, जहां आप बस व टैक्सी से जा सकते हैं। 
रेल मार्ग: येलागिरि का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन जोलरपेट्टाई है, जो 21 किलोमीटर दूर है। 
हवाई मार्ग: नजदीकी हवाई अड्डा चेन्नई (233 किलोमीटर) व बेंगलूरू (145 किलोमीटर) है। 

राष्ट्रीय सहारा में 6 फरवरी 2011 को प्रकाशित

सोमवार, जनवरी 16, 2012

श्रद्धा का केन्द्र- राजगीर

बिहार में नालन्दा से 13 किलोमीटर की दूरी पर बौद्धों की श्रद्धा का केन्द्र राजगीर नामक स्थान है। राजगीर को प्राचीन काल में राजगृह के नाम से जाना जाता था। राजगीर का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व बहुत अहम है। यह कभी मगध साम्राज्य की राजधानी थी। इसी जगह से महान मौर्य साम्राज्य का उदय हुआ था। कहते हैं कि राजगीर भगवान ब्रह्मा की पवित्र यज्ञ भूमि, भगवान बुद्ध और जैन तीर्थंकर भगवान महावीर की साधना भूमि रहा है। जरासंध ने यहीं भगवान श्रीकृष्ण को हराकर उन्हें मथुरा से द्वारका जाने को मजबूर किया था। 

मकर और मलमास का मेला 

राजगीर का मकर और मलमास का मेला बहुत प्रसिद्ध है। शास्त्रों के अनुसार मलमास को 13वें महीने के रूप में बताया गया है, इसलिये इसे अपवित्र महीना माना गया है। इस महीने में कोई धार्मिक कार्य भी नहीं किया जाता। कहते हैं कि इस समय सभी देवी-देवता राजगीर में निवास करते हैं तथा यहां भगवान ब्रह्मा द्वारा प्रकट किये गये ब्रह्म कुण्ड में स्नान करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है। 

राजगीर से बौद्ध धर्म का बहुत नजदीकी सम्बन्ध रहा है। भगवान बुद्ध ने यहां कई वर्षों तक निवास किया था तथा यहां कई बार उपदेश भी दिये थे। भगवान बुद्ध के निर्वाण के बाद यहीं प्रसिद्ध ’ह्यसप्तपर्णी गुफा’ में पहला बौद्ध सम्मेलन आयोजित किया गया था। यहीं पर भगवान बुद्ध के उपदेशों को लिपिबद्ध भी किया गया था। यहां जापान के बौद्ध संघ द्वारा निर्मित ’ह्यविश्व शान्ति स्तूप’ बहुत सुन्दर है। यह स्तूप गिरिधरकूट पहाडी पर बना है। बताया जाता है कि इस पर्वत पर भगवान बुद्ध ने कई उपदेश दिये थे। इस स्तूप के चारों कोनों पर भगवान बुद्ध की चार दिव्य प्रतिमाएं स्थापित हैं। यहां से कुछ दूरी पर प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल ’पावापुरी’ स्थित है। यहां पर भगवान महावीर का एक भव्य मन्दिर भी है। यहां पर जरासंध का अखाडा, लक्ष्मीनारायण मन्दिर, सप्तपर्णी गुफा, पिपली गुफा, स्वर्ण भण्डार आदि प्रमुख दर्शनीय स्थल भी देखने योग्य हैं। 

कैसे पहुंचे राजगीर 

गया से सीधे जुडे हुए राजगीर के रेलवे स्टेशन पर देश के लगभग हर कोने से ट्रेनें आती हैं। सडक मार्ग द्वारा जाना हो तो पटना से राजगीर की दूरी 103 किलोमीटर है। राजगीर नालन्दा से 12 और गया से 34 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। हवाई मार्ग से आने के लिये आपको गया या पटना तक आना पडेगा। इसके बाद सडक या रेल मार्ग दोनों से राजगीर पहुंचा जा सकता है। 

दैनिक जनवाणी में 6 मार्च 2011 को प्रकाशित

रविवार, जनवरी 15, 2012

पचमढी- सतपुडा की रानी

गर्मी ने अपनी दस्तक दे दी है, तो जाहिर है कि पेड की छांव, नदी या झरनों की लहरों की कलकल, शीतल मंद समीर यानी पुरसुकून फिजा की याद बरबस ही आ जाती होगी। मन करता होगा कि ऐसी कोई जगह हो जहां बन्द कमरों से निकलकर कुछ पल के लिये कुदरती शीतलता का एहसास कर सकें। तो आइये, ले चलते हैं इस बार आपको ऐसी ही जगह जहां देता है हर मौसम आपको आमंत्रण...

सतपुडा के घने जंगल, नींद में डूबे हुए से ऊंघते अनमने जंगल।’ भवानी प्रसाद मिश्र की यह कविता तो आपने सुनी ही होगी। पर यकीन मानिये ये जंगल बिल्कुल भी ऊंघते हुए या अनमने नहीं हैं। यहां है कुदरत की वह जीवंतता, जो हर मौसम के साथ इठलाती है, उल्लास भरी अंगडाईयां लेती है और आमंत्रण देती है आपको अपनी मनोरम दृश्यावली से सजी हुई गलियों में विचरने का। जीवंतता से भरे हुए इन विशाल जंगलों के बीच ही है सतपुडा की रानी यानी पचमढी। 1857 में एक ब्रिटिश आर्मी कप्तान द्वारा जंगलों के बीच खोजी गई पचमढी को प्राकृतिक सुन्दरता और झरनों के उन्मुक्त प्रवाह के कारण नाम दिया गया प्रकृति की अल्हड संतान का। कहते हैं कि सतपुडा के जंगल और पहाडी वादियां हिमालयी क्षेत्रों से भी 15 करोड साल पुरानी हैं और उसकी लाक्षणिकता से बिल्कुल अलग भी। 

डर नहीं पैदा करते ये जंगल 

सतपुडा के जंगल पूरी दुनिया में बाघों का सबसे बडा घर भी है और पचमढी वह जगह है जहां से आप सतपुडा नेशनल पार्क और बोरी सेंचुरी जैसे इन घरों तक आसानी से पहुंच सकते हैं। कान्हा और पेंच जैसे राष्ट्रीय उद्यान भी यहां से ज्यादा दूर नहीं हैं। पचमढी पूरी तरह से जंगल की आभा से घिरी हुई जगह है, लेकिन ये जंगल किसी भी तरह का डर पैदा नहीं करते, बल्कि कई तरह के फूल-पत्तों से सजी सुन्दरता से आपको सुकून ही पहुंचाते हैं। हर साल की गर्मियों में लाखों सैलानी मध्य प्रदेश के इस छोटे से लेकिन विलक्षण सुन्दरता से भरे पर्यटन केंद्र की ओर इसी सुन्दरता के कारण खिंचे चले आते हैं। 

अनूठी अल्हडता 

प्रकृति की इस अल्हड संतान की अपनी भी खासियतें हैं। महादेव गुफा इसके आकर्षण का बडा केंद्र है, जहां पत्थरों पर की गई अनूठी चित्रकारी बरबस ही आपका ध्यान आकर्षित करती है। कहते हैं कि यह चित्रकारी 5 से 8वीं शताब्दी के बीच की गई थी। कुछ चित्र तो इससे भी दस हजार साल पुराने बताये जाते हैं। जमुना प्रपात, रजत प्रपात और जलावतरण प्रपात तो जैसे पचमढी की अल्हडता के गीतों का सामुहिक गान हैं। जमुना प्रपात में जहां आप झरने के किनारे बैठने से लेकर नहाने तक का लुत्फ उठा सकते हैं, वहीं हांडी खोह के पेड-पौधे तो आपको किसी और ही दुनिया का आभास करायेंगे। भगवान शिव से जुडे हजारों साल पुराने मन्दिरों जटाशंकर गुफा, महादेव और छोटा महादेव मन्दिर की प्राकृतिक मनोहारी छटा जहां धार्मिक लोगों को आकर्षित करती है, वहीं प्रकृति प्रेमियों को भी। पुरातनकालीन पांडव गुफा भी आकर्षण का बडा केंद्र है। कहते हैं कि वनवास के दौरान पांडवों ने यहीं पर अपना अज्ञातवास बिताया था। इसके साथ ही धूपगढ की ऊंची पहाडी से सांझ के डूबते सूरज की लालिमा को निहारने का दृश्य शायद ही कभी भूल सकें आप। 

तो आओ 

चलें प्रकृति की इस मनोरम छटा तक पहुंचना भी मुश्किल नहीं है। सबसे नजदीकी एयरपोर्ट भोपाल है, जो कि 195 किलोमीटर की दूरी पर है, लेकिन यदि आप रेलमार्ग से पहुंचना चाहते हैं तो पहुंचिये पिपरिया, जिसकी पचमढी से दूरी महज 47 किलोमीटर है। पिपरिया के लिये भोपाल, जबलपुर, इटारसी, होशंगाबाद सबसे नजदीकी रेलवे जंक्शन हैं। इन्हीं जगहों से सीधे पचमढी के लिये बस सेवा भी है। पचमढी में ठहरने के लिये सरकारी अमलतास काम्पलेक्स और सतपुडा रिट्रीट, ग्लेन व्यू जैसे होटलों के अलावा कई और छोटे-मझोले होटल भी मौजूद हैं। 

दैनिक जनवाणी में 13 मार्च 2011 को प्रकाशित

शनिवार, जनवरी 14, 2012

कुमाराकोम- ईश्वर का देश

प्राकृतिक सौन्दर्य की बात हो और भारत के दक्षिणी अंचल की बात न हो, ये भला कैसे हो सकता है। भारत के दक्षिणी राज्यों में केरल की खूबसूरती सबसे ज्यादा प्रसिद्ध है। केरल के ही कोट्टायम शहर से मात्र 16 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है वह जगह, जिसके बारे में अपनी ही तरह के एकमात्र मशहूर गायक पॉल मैककार्टनी ने कहा था ’वाकई, यह ईश्वर का अपना घर है।’ यह जगह है कुमाराकोम। 

प्रकृति की दुर्लभ संतान 

केरल की सबसे लम्बी ताजे पानी की झील वेबनद पर बसे कुमाराकोम में दुनिया की सबसे दुर्लभ और खूबसूरत पेड-पौधों, फूलों और पक्षियों की प्रजातियां हैं। यही इसकी खास पहचान भी है। कुमाराकोम बर्ड सेंचुरी दुनिया की उन जगहों में से एक है, जहां 14 एकड के विशाल दायरे में प्रवासी पक्षियों की तमाम प्रजातियां एक साथ देखने का मौका मिलता है और वेबनद झील तो वैसे श्रिंप और प्रॉन मछलियों के लिये स्वर्ग ही है। दुनिया के तमाम हिस्सों से सैलानियों की भीड का खास केंद्र होती हैं ये दोनों ही जगहें। 

आत्मा का सुकून 

चारों ओर से हरियाली से आच्छादित इस साफ पानी की लम्बी झील में जब सैलानी नौकाओं में बैठकर प्रकृति का आनन्द उठाने निकलते हैं, तो दिल को बाग-बाग कर देने वाली मनोरम छटाओं के साथ-साथ पानी की कल-कल मन और आत्मा को वह सुकून देती है कि हर सैलानी मैककार्टनी का जुमला ही दोहराता है। भले ही शब्द अलग हों। वहीं फिशिंग के शौकीन भी इस झील में उतरते ही अपना शौक पूरा करने से नहीं चूकते। 

कुछ अलग है यह गांव 

वैसे शायद आपको पता न हो कि अरुंधती राय के उपन्यास ’द गॉड ऑफ स्मॉल थिंग्स’ का गांव अयमानम भी यहीं है। यह कुमाराकोम से बिल्कुल सटा हुआ गांव है। और उपन्यास में जो ’हिस्ट्री हाउस’ है, वह है ताज गार्डन रिट्रीट होटल, जिसे ब्रिटिश पीरियड में अल्फ्रेड जॉर्ज बेकर ने बनवाया था। अपने स्थापत्य के लिये यह होटल भी यहां के दर्शनीय स्थलों में शुमार किया जाता है। 

सबसे दूर का आकर्षण 

केरल सरकार द्वारा विशिष्ट पर्यटन स्थल का दर्जा हासिल कर चुके कुमाराकोम को पर्यटन पत्रिका कोंदे नास्त ट्रेवलर ने दुनिया के सबसे दूरस्थ और आकर्षक स्थान के रूप में चिन्हित किया है। हालांकि यहां अब होटलों की भरमार है, लेकिन इसके प्राकृतिक सौन्दर्य में बनावटीपन अब तक शामिल नहीं हुआ है। पूर्व प्रधानमन्त्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी इस जगह का उल्लेख करते हुए लिखा है कि यहां की खामोश प्राकृतिक सुन्दरता ध्यान और चिन्तन के लिये सर्वोत्तम माहौल प्रदान करती है। 

तो आओ चलें 

यदि आप इस खामोश प्राकृतिक सौन्दर्य की गोद में ईश्वर के देश का आनन्द उठाना चाहते हैं, तो पहुंच जायें कोच्चि, जो सिर्फ 85 किलोमीटर दूर है और कुमाराकोम का सबसे नजदीकी एयरपोर्ट है। रेलयात्रा करना चाहते हैं तो नजदीकी रेलवे स्टेशन है कोट्टायम। दोनों ही जगहों से आप सडक मार्ग से कुमाराकोम पहुंच सकते हैं। रहने के लिये ताज गार्डन कुछ लोगों को थोडा महंगा लग सकता है, लेकिन चिन्ता न करें, यहां आपको सस्ते और अच्छे टूरिस्ट रिजॉर्ट्स भी उपलब्ध होंगे। चाहें तो हाउसबोट में भी रह सकते हैं। 

दैनिक जनवाणी में 10 अप्रैल 2011 को प्रकाशित

शुक्रवार, जनवरी 13, 2012

कुम्भलगढ- इतिहास और प्रकृति का अनूठा संगम

यूं तो पूरे भारत में पर्यटन के लिहाज से कई स्थान हैं और सबकी अपनी ही अलग छटा है। लेकिन जिन्हें इतिहास, स्थापत्य और विरासत को जानने की ललक है उनके लिये पुराने रजवाडों, किलों और ऐतिहासिक धरोहरों की पर्याय बन चुकी जगहों में खास दिलचस्पी होती है। ऐसी ही जगहों में से एक है भारत का राज्य राजस्थान। अलग-सी सांस्कृतिक छटा लिये यह राज्य इतिहास से जुडी उन धरोहरों की पूरी की पूरी दास्तान अपने में समेटे हुए है। चाहे वह हल्दीघाटी के मैदान की गौरव गाथा हो या फिर ढोला-मारू की कोने-कोने में गाई जाने वाली अनूठी प्रेमकथा। राजस्थान के ऐसे ही स्थानों में से एक है कुम्भलगढ, जो सिर्फ महाराणा कुम्भा, महाराणा प्रताप की जन्मस्थली ही नहीं है, बल्कि इतिहास, प्रकृति, संस्कृति और रेगिस्तान के बीच जन्नत कहे जा सकने वाले सौन्दर्य की जीती-जागती मिसाल भी है। 

स्थापत्य 

कई सदियों पुराने इस किले में तरह-तरह की पुरातात्विक महत्व की चीजें भी हैं, जो महाराणा प्रताप के समय से सुने हुए कई किस्सों की याद को ताजा करती हैं। इस किले का स्थापत्य अदभुत की श्रेणी में ही रखा जा सकता है। इसमें कई दरवाजे हैं, जिसकी शुरूआत आरेठ पोल से होती है, उसके बाद हल्ला पोल, हनुमान पोल, विजय पोल, भैरव पोल, नीबू पोल, चैगान पोल, पागडा पोल, गणेश पोल और विजय पोल हैं। विजय पोल से प्रारम्भ होकर असीमित ऊंचाई तक फैली पहाडी की एक चोटी पर किले का सबसे ऊंचा भाग बना हुआ है, जिसे कहारगढ भी कहा जाता है। हिन्दू और जैन समुदाय के कई मन्दिर विजय पोल के पास की समतल भूमि पर बने हैं। इन्हीं में मौजूद नीलकण्ठ महादेव मन्दिर अपने ऊंचे-ऊंचे सुन्दर स्तम्भों वाले बरामदे की अपनी विशिष्ट बनावट के लिये खास मुकाम रखता है। शिल्प शास्त्र के ज्ञाता महाराणा कुम्भा ने यज्ञादि के उद्देश्य से शास्त्रोक्त रीति से वेदी बनवाई थी। राजपूताने में प्राचीन काल के यज्ञ स्थानों का यहीं एक स्मारक शेष रह गया है। कहते हैं कि इसी वेदी पर कुम्भलगढ की प्रतिष्ठा का यज्ञ भी हुआ था। किले के सबसे ऊंचे भाग पर भव्य महल बने हुए हैं और नीचे भाली वान (बावडी) और मामादेव का कुण्ड है। 

महाराणा कुम्भा इसी कुण्ड पर बैठे अपने ज्येष्ठ पुत्र उदयसिंह (ऊदा) के हाथों मारे गये थे। इसी कुण्ड के पास मामावट नामक स्थान पर कुभ स्वामी मन्दिर अपनी टूटी-फूटी अवस्था के बावजूद दर्शनीय है। यहीं मौजूद पांच शिलाओं पर मेवाड के राजाओं की वंशावली, उनमें से कुछ का संक्षिप्त परिचय तथा भिन्न-भिन्न विजयों का विस्तृत विवरण भी इतिहास में दिलचस्पी रखने वालों के लिये आकर्षण का मुख्य केन्द्र है। गणेश पोल के सामने वाली समतल भूमि पर गुम्बदाकार महल तथा देवी का स्थान है। महाराणा उदयसिंह की रानी झाली का महल यहां से कुछ सीढियां और चढने पर था जिसे झाली का मलिया कहा जाता है। 

गणेश पोल के सामने बना हुआ महल ऊंचाई पर बने होने के कारण यहां गर्मियों के दिनों में काफी ठण्डक बनी रहती है, गर्मियों में तपते रेगिस्तान के बीच जिसकी अपनी यह खास विशेषता है। कुम्भलगढ का पर्यटन अपनी वाइल्डलाइफ सेंचुरी के लिये मुख्य रूप से जाना जाता है। यहां की सुन्दरता, वातावरण, घने वनों की वजह की सुन्दरता के कारण ही इसे रेगिस्तान में जन्नत कहा जा सकता है। कुम्भलगढ वाइल्डलाइफ सेंचुरी में दुनिया के सबसे दुर्लभ और खूबसूरत पेड-पौधे, फूल और जानवरों की प्रजातियां हैं। 

हजारों वर्ग किलोमीटर में फैले रेगिस्तान के बीच मौजूद कुम्भलगढ वाइल्डलाइफ सेंचुरी इसे सम्पूर्ण पर्यटक स्थल बनाती है। कुम्भलगढ की हरी-भरी घाटी राजस्थान के राजसमन्द जिले में पूर्ण रूप से फैली हुई है। साथ ही यह उदयपुर और पाली के आस-पास फैले जिलों की सीमा में भी प्रवेश करती है। कुम्भलगढ के जंगलों में बारहसिंहा, हिरण, लोमडी आदि तो देखने को मिलते ही हैं, नदियां और इनमें पाये जाने वाले मगरमच्छ यहां के आकर्षण के केन्द्र हैं। 586 स्क्वायर किलोमीटर में फैली इस सेंचुरी में जंगलों के बीच सुन्दर मन्दिर, बहुत पुराने घर व कई छोटी-छोटी गुफाएं भी हैं, जो देखने में बहुत ही आकर्षक लगती हैं। यह जगह एक विशेष फल के लिये बहुत प्रसिद्ध है, जिसे आम भाषा में सीताफल कहते हैं। 

इसी के बीच में स्थित है 17वीं शताब्दी में निर्मित राजसमन्द झील, जिसकी खुद की खूबसूरती तो अपने आप में अदभुत है ही, यह इस सेंचुरी को भी अभूतपूर्व सौन्दर्य प्रदान करती है। चारों ओर से रेगिस्तान से घिरा कुम्भलगढ और बीच में प्राकृतिक सौन्दर्य से ढका इसका पूरा क्षेत्र अपने आप में ही एक खूबसूरत कहानी बयां करता है। वैसे इतिहास की यादों और प्रकृति के सौन्दर्य का यह तालमेल सिर्फ कुम्भलगढ तक ही सीमित नहीं है, इसके आसपास के क्षेत्रों जैसे रणकपुर, उदयपुर आदि में भी आपको कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिलेगा। 

कुम्भलगढ का इतिहास 

कुम्भलगढ राजस्थान ही नहीं भारत के सभी दुर्गों में विशिष्ट स्थान रखता है। उदयपुर से 70 किलोमीटर दूर समुद्र तल से 1087 मीटर ऊंचा और 30 किलोमीटर व्यास में फैला यह दुर्ग मेवाड के महाराणा कुम्भा की सूझबूझ और प्रतिभा का स्मारक है। इस किले का निर्माण सम्राट अशोक के दूसरे पुत्र संप्रति के बनाये किले के अवशेषों पर 1443 से शुरू होकर 15 वर्षों बाद 1458 में पूरा हुआ था। इस किले का निर्माण कार्य पूरा होने पर महाराणा कुम्भा ने सिक्के ढलवाये जिनपर दुर्ग और उसका नाम अंकित था। वास्तुशास्त्र के नियमानुसार बने इस किले में प्रवेश द्वार, प्राचीर, जलाशय, बाहर जाने के लिये संकटकालीन द्वार,महल, मन्दिर, आवासीय इमारतें, यज्ञ वेदी, स्तम्भ, छत्रियां आदि बने हैं। 

तो आओ चलें... 

कुम्भलगढ जाने का मार्ग उदयपुर से होकर गुजरता है। हवाई यात्रा या ट्रेन द्वारा उदयपुर पहुंचा जा सकता है, जिसके बाद यहां से प्राइवेट टैक्सी या सार्वजनिक वाहनों से कुम्भलगढ का रास्ता तय करते हुए आप बीच-बीच में प्रकृति की हरियाली और रेगिस्तानी सौन्दर्य का लुत्फ भी उठा सकते हैं। उदयपुर से कुम्भलगढ की दूरी 70 किलोमीटर है। जब आप कुम्भलगढ पहुंच जायें तो वहां ठहरने और पारम्परिक भोजन का जायका चखने के लिये कई प्राइवेट और सरकारी होटल उपलब्ध हैं। कुम्भलगढ में ओडी होटल, रणकपुर में फ्रेंच बाग होटल और महारानी बाग जैसे रेस्टॉरेंट अपनी खास पहचान रखते हैं।

 दैनिक जनवाणी में 8 मई 2011 को प्रकाशित

बुधवार, जनवरी 11, 2012

चार धाम- बद्रीनाथ, द्वारका, रामेश्वरम, जगन्नाथ पुरी

श्रद्धा के चार धाम पुरी, रामेश्वरम, द्वारका और बद्रीनाथ, हिन्दू धर्म के प्राचीनतम धाम हैं। शंकराचार्य ने पूरे देश की यात्रा करने के बाद इन स्थानों को हिन्दू धर्म के चार धामों के रूप में मान्यता दी। ये चार धाम भगवान विष्णु के अवतार से जुडे हुए हैं। चार धाम की यात्रा बहुत लम्बी है और हर किसी के लिये सम्भव भी नहीं। इसीलिये कई बार लोग हिमालय की सुरम्य वादियों में स्थित गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के रूप में ‘छोटा चार धाम’ की यात्रा भी करते हैं। इसके बावजूद हर व्यक्ति अपने जीवन में एक बार ‘चार धाम’ की यात्रा जरूर करना चाहता है। ऐसी मान्यता है कि चारधाम की यात्रा करने वाले व्यक्ति को न सिर्फ स्वर्ग की प्राप्ति होती है, वरन उसका अगला जन्म भी सफल हो जाता है। 

बद्रीनाथ 

हिमालय के शिखर पर स्थित बद्रीनाथ मन्दिर हिन्दुओं की आस्था का बहुत बडा केन्द्र है। यह चार धामों में से एक है। बद्रीनाथ मन्दिर उत्तराखण्ड राज्य में अलकनन्दा नदी के किनारे है। यह मन्दिर भगवान विष्णु के रूप में बद्रीनाथ को समर्पित है। बद्रीनाथ मन्दिर को आदिकाल से स्थापित और सतयुग का पावन धाम माना जाता है। इसकी स्थापना मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने की थी। सतयुग में भगवान के प्रत्यक्ष दर्शन से यह पावन धाम मुक्तिप्रदा के नाम से विख्यात हुआ। त्रेता में इसे योगी सिद्धा नाम से जाना गया, द्वापर में विशाला नाम से जाना गया। कलियुग में यह धाम बद्रिकाश्रम (बद्रीनाथ) कहलाया। बद्रीनाथ मन्दिर की पुनर्स्थापना आदि शंकराचार्य ने करवाई थी। इस मन्दिर की महिमा का वर्णन स्कंद पुराण, केदारखण्ड, श्रीमदभागवत आदि में भी आता है। बद्रीनाथ के दर्शन से पूर्व केदारनाथ के दर्शनों का भी महात्म्य माना जाता है। 
बद्रीनाथ मन्दिर के कपाट अप्रैल के अंत या मई के प्रथम पखवाडे में दर्शन के लिये खोल दिये जाते हैं। लगभग छह महीने तक पूजा अर्चना चलने के बाद नवम्बर के दूसरे सप्ताह में मन्दिर के कपाट बन्द कर दिये जाते हैं। यहां भगवान श्री की दिव्य मूर्ति हरित वर्ण की पाषाण शिला में निर्मित है, जिसकी ऊंचाई लगभग डेढ फीट है। भगवान श्री पदमासन में योग मुद्रा में विराजमान है। यहां भगवान श्री का दर्शन साधक को गम्भीरता प्रदान करता है। भगवान बद्रीनाथ की बायीं तरफ देवर्षि नारद की मूर्ति है। बद्रीनाथ के बारे में कहा जाता है कि यहां द्वापर में भगवान नारायण के सखा उद्धव पधारे थे। इस कारण शीतकाल में देवपूजा के समय उद्धव जी की पूजा होती है। 

द्वारका 

द्वारका धाम समुद्र के किनारे स्थित है। इसे हजारों वर्ष पूर्व भगवान कृष्ण ने बसाया था। यहीं बैठकर उन्होंने पाण्डवों को सहारा दिया और धर्म की जीत कराई। शिशुपाल और दुर्योधन जैसे अधर्मी राजाओं को मिटाया। चारों धामों में से एक द्वारका की सुन्दरता देखते बनती है। समुद्र की उठती लहरें श्रद्धालुओं का मन मोह लेती हैं। द्वारका के दक्षिण में एक लम्बा ताल है। इसे गोमती तालाब कहते हैं। इसके नाम पर ही द्वारका को गोमती द्वारका कहते हैं। गोमती तालाब के ऊपर नौ घाट हैं। इनमें सरकारी घाट के पास एक कुण्ड है, जिसका नाम निष्पाप कुण्ड है। इसमें गोमती का पानी भरा रहता है। आस्था की इस बडी नगरी में पहुंचे श्रद्धालु इस निष्पाप कुण्ड में नहाने के बाद ही पूजा-अर्चना करने के लिये आगे बढते हैं। लोग यहां अपने पुरखों के नाम पर पिण्ड-दान करने के लिये भी आते हैं। 

जगन्नाथ पुरी 

पुरी का श्री जगन्नाथ मन्दिर भगवान जगन्नाथ (श्रीकृष्ण) को समर्पित है। जगन्नाथ शब्द का अर्थ जगत का स्वामी होता है। इनकी नगरी ही जगन्नाथ पुरी या पुरी कहलाती है। यह वैष्णव सम्प्रदाय का मन्दिर है, जो भगवान विष्णु के अवतार श्रीकृष्ण को समर्पित है। मन्दिर उडीसा के पुरी शहर में है। उडिया स्थापत्य कला और शिल्प का आश्चर्यजनक प्रयोग इस मन्दिर में हुआ है। यह देश के भव्यतम मन्दिरों में से एक है। मन्दिर के मुख्य द्वार के ठीक सामने एक भव्य सोलह किनारों वाला एकाश्म स्तम्भ है। मन्दिर के भीतर आन्तरिक गर्भगृह में मुख्य देवताओं की मूर्तियां हैं। इसके अलावा मन्दिर के शिखर पर विष्णु का श्रीचक्र है। इसे नीलचक्र भी कहते हैं। यह अष्टधातु का है। 
भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा, इस मन्दिर के मुख्य देवी देवता हैं। इनकी मूर्तियां एक रत्न मण्डित पाषाण चबूतरे पर गर्भ गृह में स्थापित हैं। पुरी का सबसे महत्वपूर्ण त्यौहार है रथ यात्रा। यह आषाढ शुक्ल की द्वितीया को आयोजित होता है। उत्सव के दौरान तीनों मूर्तियों को भव्य तरीके से सजाकर विशाल रथों में यात्रा पर निकालते हैं। जगन्नाथ मन्दिर की रसोई भी काफी प्रसिद्ध है। कहा जाता है कि यह भारत की सबसे बडी रसोई है। इस रसोई में भगवान को चढाया जाने वाला महाप्रसाद तैयार किया जाता है। 

रामेश्वरम 

रामेश्वरम तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले में स्थित है। यहां स्थापित शिवलिंग बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है। चेन्नई से लगभग सवा चार सौ मील दक्षिण पूर्व में रामेश्वरम हिंद महासागर और बंगाल की खाडी से चारों ओर से घिरा हुआ एक सुन्दर द्वीप है। यहां भगवान राम ने लंका पर चढाई करने से पूर्व पत्थरों के सेतु का निर्माण करवाया था, जिस पर चढकर वानर सेना लंका पहुंची थी। आज भी सेतु के अवशेष सागर में दिखाई देने की बात कही जाती है। यहां के मन्दिर का गलियारा विश्व का सबसे लम्बा गलियारा है। मन्दिर में विशालाक्षी जी के गर्भगृह के निकट ही नौ ज्योतिर्लिंग हैं, जो लंकापति विभीषण द्वारा स्थापित बताया गया है। रामेश्वरम का मन्दिर भारतीय निर्माण-कला और शिल्पकला का एक सुन्दर नमूना है। इसका प्रवेश द्वार चालीस फीट ऊंचा है। मन्दिर के अन्दर सैकडों विशाल खम्भे हैं, जो देखने में एक जैसे लगते हैं। हर खम्भे पर बेल-बूटे की अलग-अलग कारीगरी है। खम्भों पर की गई कारीगरी देखकर विदेशी भी दंग रह जाते हैं। 
रामनाथ जी के मन्दिर के भीतरी भाग में एक तरह का चिकना काला पत्थर लगा है। कहा जाता है कि मन्दिर निर्माण के लिये पत्थर लंका से आया था। रामनाथपुरम के राजभवन में एक पुराना काला पत्थर रखा है। ऐसी मान्यता है कि यह पत्थर राम ने केवटराज को राजतिलक के समय उसके चिह्न के रूप में दिया था। रामेश्वरम की यात्रा करने वाले लोग इस काले पत्थर को देखने के लिये रामनाथपुरम जाते हैं। रामेश्वरम शहर से करीब डेढ मील उत्तर-पूर्व में गंधमादन पर्वत नाम की एक छोटी सी पहाडी है। हनुमानजी ने इसी पर्वत से समुद्र को लांघने के लिये छलांग मारी थी। बाद में राम ने लंका पर चढाई करने के लिये यहीं पर विशाल सेना संगठित की थी। इस पर्वत पर एक सुन्दर मन्दिर बना हुआ है, जहां श्रीराम के चरण-चिह्नों की पूजा की जाती है। इसे पादुका मन्दिर कहते हैं। रामेश्वरम में रामनाथजी के मन्दिर के पूर्वी द्वार के सामने सीताकुण्ड है। कहा जाता है कि यही वह स्थान है, जहां सीताजी ने अपना सतीत्व सिद्ध करने के लिये आग में प्रवेश किया था। सीताजी के ऐसा करते ही आग बुझ गई और अग्निकुण्ड से जल उमड आया। इसी स्थान को सीताकुण्ड कहते हैं। यहां पर समुद्र का किनारा आधा गोलाकार है। यहां पर बिना किसी खतरे के स्नान किया जा सकता है। यहीं हनुमान कुण्ड में तैरते हुए पत्थर भी दिखाई देते हैं। 

जनवाणी में 25 अप्रैल 2011 को प्रकाशित

सोमवार, जनवरी 09, 2012

बासर का सरस्वती मन्दिर

बसन्त पंचमी आने वाली है। इसी माह विद्या की देवी सरस्वती की पूजा होती है। विद्यार्थी खासतौर पर सरस्वती मां की पूजा करते हैं। कई लोग तो इसी दिन अपने बच्चे को पहली बार कलम पकडवाते हैं। हम में से कम ही लोगों को पता होगा कि सरस्वती देवी का मन्दिर कहां स्थित है। सरस्वती मां का विशेष मन्दिर आन्ध्र प्रदेश के अदिलाबाद जिले के बासर गांव में गोदावरी नदी के तट पर है। विद्या की देवी के दो मन्दिर ही हैं, एक आन्ध्र प्रदेश में और दूसरा लेह में। 

इस मन्दिर के यहां बनने की कहानी है। वह यह कि महाभारत के रचयिता वेद व्यास, उनके शिष्य और ऋषि शुकदेव कुरुक्षेत्र युद्ध के बाद शान्ति की तलाश में तीर्थ यात्रा पर निकले तो यहां भी पहुंचे। इस जगह की खूबसूरती को देखकर यहां रुक गये। उन्होंने यहां गोदावरी नदी में स्नान किया और मां शारदा की प्रार्थना की। वह रोजाना तीन मुट्ठी रेत को तीन जगह पर विधि-विधान के साथ स्थापित करके श्री सरस्वती, श्री महाकाली और श्री महालक्ष्मी का पूजन करते। इस तरह से मां शारदा यहां अवस्थित हो गईं। चूंकि वेद व्यास ने यहां काफी समय प्रार्थना में ही बिताया तो इसे वसरा कहा जाने लगा। बाद में मराठी में इसका नाम बासर पड गया। हालांकि ब्रह्मानन्द पुराण के अनुसार, वाल्मिकी ऋषि ने यहां मां शारदा की स्थापना की और बाद में रामायण की रचना की। यहां उनकी संगमरमर की मूर्ति स्थापित है और मन्दिर के समीप समाधि भी। ऐतिहासिक दृष्टि से देखा जाये तो कर्नाटक के राजा बिजालाडू ने इस मन्दिर का निर्माण करवाया। 

इस मन्दिर में मां शारदा की प्रतिमा पदमासन मुद्रा में चार फीट ऊंची है। उनके चेहरे पर हल्दी लगी हुई है। कहा जाता है कि इस हल्दी को चख लेने भर से ज्ञान की प्राप्ति हो जाती है। कई भक्तजन यहां अपने बच्चों का ‘अक्षर अभ्यासम’ समारोह करवाते हैं। ज्ञान की देवी को वे किताबें, कलम, पेंसिल आदि चढाते हैं। मन्दिर में पूजा सुबह चार बजे अभिषेकम से शुरू होती है, जो एक घण्टे तक चलती है। पांच बजे पुजारी अलंकरण शुरू करते हैं, जिसमें मां सरस्वती को नई साडी पहनाई जाती है। सुबह छह बजे सूरज की पहली किरण के साथ आरती शुरू हो जाती है, जिसके बाद भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया जाता है। यहां ग्रेनाइट का स्तम्भ भी है, जिसमें अलग-अलग स्थान से संगीत के सातों स्वर सुने जा सकते हैं। मन्दिर के प्रांगण में लगे वृक्ष पर दत्तात्रेय जी की खडाऊं हैं। कहा जाता है कि मात्र इसके स्पर्श से बांझ स्त्री को पुत्र प्राप्ति हो जाती है। 

महाशिवरात्रि और बसन्त पंचमी से 15 दिन पहले से शुरू विशेष पूजा तीन दिन बाद तक चलती रहती है। यहां महाकाली और महालक्ष्मी की प्रतिमा भी हैं। नजदीक की पहाडी पर मां सरस्वती की एक और प्रतिमा है। सरस्वती, लक्ष्मी और काली की प्रतिमा यहां स्थित होने से बासर को धार्मिक लोगों के बीच विशेष स्थान प्राप्त है। मन्दिर के समीप ही एक पहाडी है, जिस पर एक गुफा बनी हुई है। इसे नरहरी गुफा कहा जाता है। इसका महत्व भी कम नहीं है। यहीं नाथ पंथ के घुंडीसूत नरहरी मालुका की समाधि बनी हुई है। कहा जाता है कि वे यहीं तप करते थे। यहां कई मन्दिर श्रंखलाएं हैं, जिनमें हनुमान मन्दिर, गणेश मन्दिर, पातालेश्वर मन्दिर, दत्त मन्दिर, एकवीर मन्दिर मुख्य हैं। मन्दिर की पूर्व दिशा में पापहरणी नामक झील है, जिसके आठ दिशाओं में तीर्थ हैं। यही वजह है कि इसे अष्टतीर्थ झील भी कहा जाता है। सूर्य तीर्थ, इंद्र तीर्थ, सरस्वती तीर्थ, व्यास तीर्थ, विष्णु तीर्थ, वाल्मिकी तीर्थ प्रसिद्ध हैं। 

सरस्वती तीर्थ झील के बीच में है, यहीं से गोदावरी नदी का जल आता है। कहा जाता है कि दत्त मन्दिर से शारदा मन्दिर तक पापहरेश्वर मन्दिर के रास्ते गोदावरी नदी तक काफी पहले एक सुरंग थी, उसी रास्ते पहले के महाराजा मन्दिर में पूजन के लिये आया करते थे। यहां पूजा के लिये मां को फल-मेवा आदि चढाया जाता है। मन्दिर की दीवारों पर दर्शनार्थी सिक्का चिपकाते हैं। मान्यता है कि यदि सिक्का चिपक गया तो मां प्रसन्न होती है और मनोकामना पूरी करती है। कहा तो यह भी जाता है कि मन्दिर परिसर में रात में रुकने पर मां प्रसन्न होती हैं और अपना आशीर्वाद देती हैं। मन्दिर का द्वार तो पूजा के बाद रात को बन्द कर दिया जाता है लेकिन मन्दिर परिसर खुला रहता है। केवल ग्रहण के समय मन्दिर परिसर भी बन्द कर दिया जाता है। इस जगह के बारे में कहा जाता है कि पहले यहां भयानक जंगल था। आम जंगलों की तरह ही यहां शेर, भालू, चीता जैसे जानवर खुले घूमते थे। इस मन्दिर की देखभाल श्री ज्ञान सरस्वती देवस्थानम संस्था द्वारा की जाती है। इसका जिम्मा अवकाश प्राप्त आईएएस अधिकारी या उसके समकक्ष किसी अधिकारी का है, जिसका सीधा नियन्त्रण आन्ध्र प्रदेश सरकार करती है। 

 लेख: प्रियंका सिंह (राष्ट्रीय सहारा, सण्डे उमंग में 6 फरवरी 2011 को प्रकाशित)

रविवार, जनवरी 08, 2012

आगरा- ताज की नगरी में वेलकम

आगरा एक ऐसा पर्यटन स्थल है जहां हर स्मारक कुछ न कुछ बोलता है। ताजनगरी की ऐतिहासिक धरोहरें और ब्रज क्षेत्र की समीपता सैलानियों को इस ओर आकर्षित करती हैं। 

कब जायें 
सितम्बर से मार्च तक के सीजन को सबसे मुफीद माना जाता है। अगर फतेहपुर सीकरी का भरपूर लुत्फ लेना है तो रमजान में जा सकते हैं। इन दिनों वहां उर्स का आयोजन होता है। 

कैसे जायें 
वायु मार्ग: दिल्ली, खजुराहो और वाराणसी से आगरा तक सीधी उडानें हैं। 
रेल मार्ग: आगरा जंक्शन पर कई सारे शहरों से ट्रेनें आती हैं। दिल्ली से आने वाली शताब्दी और ताज एक्सप्रेस खासतौर से आगरा आती हैं। 
सडक: लखनऊ, मथुरा और वाराणसी से सडक मार्ग द्वारा सीधे रास्ते से आगरा आया जा सकता है। 

कहां घूमें 
ताजमहल: ताजमहल को विश्व के सात आश्चर्यों में स्थान क्या मिला, पूरे विश्व के पर्यटकों की निगाहें इस ओर लग गईं। शाश्वत प्रेम के प्रतीक इस स्मारक को देखने प्रतिवर्ष लाखों घरेलु और विदेशी पर्यटक आते हैं। कैंट रेलवे स्टेशन से मात्र 9.7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ताजमहल के पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी तीन गेट हैं। 
राधास्वामी मन्दिर: कैंट स्टेशन से 10 किलोमीटर दूर स्थित राधास्वामी मन्दिर को दयालबाग मन्दिर के नाम से जाना जाता है। इस मन्दिर की वास्तुकला को देखकर कर कोई कायल हो जाता है। 
रामबाग: स्टेशन से 9.2 किलोमीटर की दूरी पर बसा है रामबाग। मुगल गार्डन के रूप में विख्यात इस बाग को बाबर ने बनवाया था। इसे बाबर की आरामगाह भी कहा जाता है। 
एतमाद्दौला का मकबरा: कैंट स्टेशन से 11.2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जहांगीर की बेगम नूरजहां द्वारा अपने पिता मिर्जा ग्यास बेग की याद में बनवाया गया सफेद संगमरमरी स्मारक। 
सिकन्दरा: कैंट स्टेशन से 13.5 किलोमीटर दूर स्थित है मुगल सम्राट अकबर का स्मारक। यहां हिरन पार्क भी है। कुलांचे भरते हिरन पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। यहां विचरण करते लंगूर भी पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र हैं। 
मरियम टॉम्ब: स्टेशन से 13.5 किलोमीटर दूरी पर स्थित है। अकबर की पत्नी मरियम जमानी की याद में बनवाया गया लाल पत्थर का स्मारक है। 
एडवेंचर टूरिज्म: एडवेंचर टूरिज्म के लिये भी ताज नगरी के आसपास बहुत कुछ है। शहर से 80 किलोमीटर दूर स्थित है चम्बल सफारी। यहां की चम्बल नदी में घडियाल पर्यटकों के लिये आकर्षण का केन्द्र रहते हैं। 

क्या खायें 
बेडई, जलेबी, पेठा, नमकीन। भई यहां के पंछी पेठा के तो कहने ही क्या! कई जगहों पर मिलने वाले इस पेठे के मुरीद विदेशी भी हैं। 

क्या खरीदें 
ताजमहल के ईस्टर्न गेट से कुछ ही दूरी पर स्थित है कलाकृति इम्पोरियम। यहां खरीदारी के अलावा रात्रि में डेढ घण्टे में लाइट एण्ड साउण्ड पर आधारित ‘मोहब्बत द ताज’ कार्यक्रम को भी देखा जा सकता है। मार्बल की खरीदारी के लिये ताजगंज के अलावा शिल्पग्राम में सालभर चलने वाला शिल्प हाट, गोकुलपुरा, राजामण्डी, सदर बाजार, टीडीआई मॉल वगैरह हैं। 

यहां ठहर सकते हैं आप 
होटल ताजखेमा, ईस्टर्न गेट ताजमहल, आगरा 
टूरिज्म इंफार्मेशन सेंटर, प्लेटफार्म नं 1, आगरा कैंट रेलवे स्टेशन, आगरा 
सहायक निदेशक पर्यटन कार्यालय, 64, ताज रोड, आगरा 
भारत सरकार पर्यटन कार्यालय, 191, द माल, आगरा। 

लेख: स्मिता श्रीवास्तव (हिन्दुस्तान रीमिक्स में 27 सितम्बर 2008 को प्रकाशित)

शनिवार, जनवरी 07, 2012

लखनऊ- अदाओं में डूबे शामे अवध के नजारे

उत्तर प्रदेश की राजधानी और गोमती किनारे बसा लखनऊ, नवाबी तहजीब, अदब और नफ़ासत की बारे में जाना जाता है। तेजी से हो रहे आर्थिक विकास ने लखनऊ को मेट्रो सिटी और आईटी हब बनाने की कवायद में शामिल कर दिया है। दूसरी कई खासियतों से अलग लखनऊ की शाम का जादू शामे अवध के नाम से जाना जाता है। 

कब जायें 
लखनऊ घूमने के लिये अक्टूबर से मार्च तक का समय सबसे बेहतर है। क्योंकि गर्मी के दिनों में यहां का औसत तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है और जाडे में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है इसलिये घूमने के लिये यह समय ज्यादा उपयुक्त है। 

कैसे जायें 
लखनऊ तक पहुंचने के कई साधन आसानी से उपलब्ध हैं। देश के लगभग सभी मुख्य शहर यहां से सडक, रेल और हवाई मार्गों से जुडे हुए हैं। 
हवाई मार्ग: चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डा शहर से 14 किलोमीटर दूर अमौसी में स्थित है। दिल्ली, मुम्बई और कोलकाता समेत भारत के कई बडे शहरों से यहां के लिये उडानें हैं। 
रेल मार्ग: 
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन तक देश के कई शहरों से सीधी रेल सेवा उपलब्ध है। 
सडक मार्ग: 
दिल्ली, कानपुर, आगरा, इलाहाबाद, देहरादून हाइवे से जुडा होने से सडक मार्ग से लखनऊ तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। 

कहां ठहरें 
होटल क्लार्क अवध, परिवर्तन चौक 
ताज रेजीडेंसी, गोमती नगर 
होटल कम्फर्ट इन, विभूतिखण्ड, गोमतीनगर 
होटल जेमिनी कांटिनेंटल, रानी लक्ष्मीबाई मार्ग 
होटल दीप पैलेस, चारबाग 
होटल पार्क इन, सप्रू मार्ग 
होटल पिकैडिली, कानपुर रोड 

कहां घूमें 
बडा इमामबाडा: यह लखनऊ की सबसे मशहूर इमारत है। इसका निर्माण 1784 में नवाब आसफ-उद-दौला ने करवाया था। यह इमारत अजूबे की तरह है जिसके ऊपरी हिस्से में 409 गलियारे हैं जो एक जैसे हैं। विश्वप्रसिद्ध भूल भुलैया भी यहीं है। इस भवन के निर्माण में अनाजों और मसालों का इस्तेमाल किया गया था। 
छोटा इमामबाडा: बडे इमामबाडे से एक किलोमीटर दूर छोटा इमामबाडा है। इसका निर्माण नवाब मो. अली शाह ने किया था। इस इमारत की नक्काशी और झाड फानूस देखने लायक हैं। 
रूमी दरवाजा: 
इमामबाडे के बाहर 60 फीट ऊंचे दरवाजे को रूमी दरवाजा कहा जाता है। इस अनूठे दरवाजे की छत से पूरा शहर देखा जा सकता है। 
क्लार्क टावर: क्लार्क टावर बडे इमामबाडे और छोटे इमामबाडे के बीच में 221 फीट ऊंची मीनार को कहते हैं। 
रेजीडेंसी: 1857 के स्वतन्त्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजों ने इस पर कब्जा करके इसे अपने रहने की जगह बना ली। इसलिये इसका नाम रेजीडेंसी पडा। यहां का काफी हिस्सा अब खण्डहर में तब्दील हो चुका है इसलिये इसे राष्ट्रीय धरोहर के रूप में संरक्षित किया गया है। 
शहीद स्मारक: गोमती किनारे रेजीडेंसी के करीब स्वतंत्रता संग्राम में मारे गये शहीदों की याद में एक स्मारक बनवाया गया है। 

क्या खायें 
स्वाद के नाम पर लखनऊ का नाम सारी दुनिया में जाना जाता है। यहां के मुगलई व्यंजनों में शाही अंदाज की झलक मिलती है। मसालों का काम्बिनेशन और उनकी लज्जत तो पीढी दर पीढी चली आ रही है। यहां के कबाब और परांठे की महक से दुनिया वाकिफ है। बिरयानी, नहारी कुल्चे, कोरमा, जर्दा तो बस ऐसा कि देखते ही मुंह में पानी आ जाये। मुगलई के अलावा यहां की मिठाई और चाट भी मशहूर है। यहां चौक में मशहूर टुण्डे कबाबी, रहीम की नहारी और वाहिद की बिरयानी के साथ राजा की ठण्डाई का लुत्फ उठाया जा सकता है। अमीनाबाद में भी टुण्डे कबाबी, आलमगीर के रोगनजोश के साथ शीरमाल का क्या कहना! यहां पर प्रकाश कुल्फी की ठण्डक भी लाजवाब है। 

अमीनाबाद से हजरतगंज की तरफ चलने पर परिवर्तन चौक के पास प्रेस क्लब की गली में तो मानों अवधी कुजीन की लज्जत हर ठीहे पर बिखरी है। दस्तरख्वान का मसाना चिकन, बिरयानी तो नौशीजान की अफगानी नान और दमपुख्त बिरयानी पूरी गली की रौनक में इजाफा करती है। बात हो चाट की तो हजरतगंज स्थित रॉयल कैफे की बास्केट चाट का मजा ही कुछ और है। टिक्की, मटर, दहीबडे, आलू के लच्छे और अनार के दानों के स्वाद से भरपूर बास्केट चाट चटपटे स्वाद से भरपूर होती है। यहां ज्यादातर चाट वाले बताशे के लिये दो तरह के पानी बनाते हैं और चौक में तो आठ तरह के पानी के बताशे खिलाये जाते हैं। 

क्या खरीदें 
चिकन के परिधान: लखनऊ के चिकन की कढाई भारतीय हस्तशिल्प कला की सबसे मशहूर कढाई है। धागों की यह कढाई कपडे पर की जाती है। इस कढाई के काम ने फैशन की दुनिया में खासा नाम कमाया है। चिकन की शापिंग के लिये आप पुराने लखनऊ की चौक और नक्खास की दुकानों पर जा सकते हैं। 
जरदोजी के परिधान: आरी जरदोजी के कपडों में नवाबी दौर की झलक मिलती है। सितारों और सलमे से सजे इन कपडों को पार्टीवियर माना जाता है। इनकी खरीदारी के लिये हजरतगंज जाया जा सकता है। 
रेवडी: यह एक खास तरह की मिठाई होती है जिसे चारबाग स्टेशन से लेकर बडे रेस्तरां तक से खरीदा जा सकता है। 

 लेख: स्मिता श्रीवास्तव (हिन्दुस्तान रीमिक्स में 27 सितम्बर 2008 को प्रकाशित)

गुरुवार, जनवरी 05, 2012

कांची कामकोटि पीठ

पुराणों में उल्लेख आता है कि अयोध्या, मथुरा, हरिद्वार, काशी, कांची, उज्जैन, जगन्नाथ पुरी ये सात नगर मोक्ष प्रदान करते हैं। इस सम्बन्ध में एक श्लोक मिलता है। कहा भी गया है- 

अयोध्या मथुरा माया काशी काची अवन्तिका, 
पुरी द्वारावती चैव सप्तयन्ते मोक्षदायिनी। 

कांची नामक जिस नगर का वर्णन किया गया है वह दक्षिण भारत की नगरी कांची कामकोटि के नाम से जानी जाती है। कांची प्राचीन समय से ही भारतीय संस्कृति और सभ्यता के विकास केन्द्र के रूप में प्रतिष्ठा पाती रही। यहां समय समय पर भारतीय दर्शन, धर्म, कर्मकाण्ड और योग साधनाओं का प्रचार-प्रसार होता रहा। 

 यह नगरी भारत के प्राचीनतम नगरों में से एक है। भारतीय संस्कृति और सभ्यता का दर्पण बनकर यह नगरी हमेशा से प्रचारित और प्रसारित होती रही है। यहां प्राचीन कला और संस्कृति के विकास के विभिन्न आयाम समय-समय पर दिखाई देते हैं। प्राचीन काल से ही इसकी प्रतिष्ठा मोक्षदायिनी नगरी के रूप में होने के कारण यहां अध्यात्म, धर्म-दर्शन और मुक्ति की इच्छा रखने वाले भक्त और तीर्थ यात्री हमेशा से ही आते रहे हैं। आठवीं शताब्दी में जब आदि गुरू भगवान शंकराचार्य ने यहां मठ की स्थापना की तो इसकी महत्ता पुनः बढ गई। 

 जीवन का परम लक्ष्य क्या है? इसकी खोज यहां हमेशा से होती रही, लेकिन मठ की स्थापना के बाद उसका क्रम और परम्परा में एक नया आयाम जुड गया। कांची का अर्थ पुराणों के अनुसार गुप्त स्थान के रूप में लिया जाता है। जहां तीर्थ यात्रियों का हमेशा तांता लगा रहता है। यहां की यात्रा करने वालों में वेदों के रचयिता वेद व्यास का नाम भी शामिल है। यहां प्राचीन काल से ही सन्त, महात्माओं का आना-जाना भी सतत रूप से होता रहा। तमिल सभ्यता और इतिहास के अनुसार संगम काल में इस नगर को दुनिया के प्राचीनतम नगरों में गिना जाता था। यहां हिन्दु, जैन, बौद्ध और इस्लाम मतों का समय-समय पर विकास होता रहा है। यह नगर विजयनगर रियासत का हिस्सा रहा। यहां एक विशाल पुस्तकालय चौथी शताब्दी से ही बना रहा है जिसमें वेद, शास्त्र और दूसरी कलाओं के विषयों की पुस्तकों का संग्रह देखने को मिलता था। धर्म, संस्कृति, सभ्यता और अध्यात्म के विभिन्न आयामों के बारे में विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान इन पुस्तकों में देखा जा सकता था। इस भूमि को आदि शंकर जैसे धर्म गुरूओं और तपस्वियों की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने समूचे भारत वर्ष का भ्रमण कर धर्म, वेद और अद्वैतवाद की स्थापना कर उस समय डूबती हुई हिन्दु संस्कृति और सभ्यता की पुनर्स्थापना की। उन्होंने यहां रहकर कामकोटि पीठ की स्थापना कर इसे सर्वजन पीठ के रूप में विकसित किया। यह मठ कभी श्रंगेरी शारदा मठ का उप पीठ माना जाता था मगर अब इसका प्रचार-प्रसार स्वतन्त्र रूप से होने लगा। यहां वेद और मुक्ति के विभिन्न आयामों का ज्ञान दिया और सिखाया जाता है। 

 कांची कामकोटि नगर की अधिष्ठात्री देवी कामाक्षी को माना जाता है। उत्तर भारत के लोग इस देवी के विषय में बहुत थोडा जानते हैं। कांची कामकोटि के शंकराचार्य ने यहां घटिका स्थान की स्थापना की। उनका लक्ष्य यहां वेद विश्वविद्यालय की स्थापना करने का था जिससे कांची कामकोटि को शिक्षा और शोधकार्यों के क्षेत्र में प्रतिष्ठित किया जा सके। यहीं सरस्वती भण्डार के रूप में एक विशाल पुस्तकालय भी स्थापित करने की योजना थी जिसमें भारतीय और विदेशी भाषाओं के धर्मग्रन्थ संग्रहीत किये जायें। शंकराचार्य का उद्देश्य इस पुस्तकालय को राष्ट्रीय पुस्तकालय के रूप में प्रतिष्ठित करने का ही रहा। इस पुस्तकालय में वेद, शास्त्र, धर्म, संस्कृति, सभ्यता, संगीत, कला, वास्तु-शास्त्र, शिल्पकला, आयुर्वेद, सिद्ध चिकित्सा, ज्योतिष, विज्ञान तकनीकी और अन्तरिक्ष विज्ञान सहित सभी विषयों पर साहित्य का संग्रह होगा। 

 कांची कामकोटि की मुख्य देवी कामाक्षी का यहां विशाल मन्दिर है। यहीं एक पवित्र तालाब है। यहां मेला भी लगता है जिसमें लाखों लोग शामिल होते हैं। इस मन्दिर से कुछ दूरी पर कैलाश नाथ मन्दिर के नाम से एक शिवालय भी स्थापित है। इसकी शिल्पकला दक्षिण भारत की प्रमुख शिल्पकलाओं में गिनी जाती है। इसके अलावा एकामर नाथ मन्दिर का विशाल प्रांगण भी लोगों को खूब लुभाता है। 

 आज समाज में 22 अप्रैल 2008 को प्रकाशित

बुधवार, जनवरी 04, 2012

वनवासी राम और चित्रकूट

भारतभूमि सदैव से ही परमपूज्य रही है। पूरब से पश्चिम, उत्तर से दक्षिण चारों ओर से भक्ति की अलौकिक और अदभुत सुगन्ध सी आती है। सतयुग हो अथवा द्वापर या फिर कलियुग ही क्यों न हो, चित्रकूट का श्रद्धामय परिवेश सदैव अग्रणी रहा है। यहीं पर स्थित है बांदा जिला जिसका ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व है। धार्मिक आख्यानों में इसका यशगान किया गया है। यहीं पर एक पैसुनी नामक नदी प्रवाहित होती है जिसके किनारे बसा हुआ है चित्रकूट धाम जिसे प्राचीन काल से ही काफी आस्थायुक्त ख्याति प्राप्त है। पैसुनी नदी को कुछ लोग मंदाकिनी के नाम से भी जानते हैं। 

 चित्रकूट इलाहाबाद से बांदा मार्ग पर करीबन 185 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस स्थान की महत्ता अयोध्या के राजा मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम से जुडी हुई है। अपने वनवास के समय श्रीराम सीता और लक्ष्मण सहित यहां आकर कुछ समय रुके थे। इसके साथ-साथ रामभक्त कवि तुलसीदास ने भी यहां अनेक वर्षों तक रहकर पवित्र ग्रंथ रामचरितमानस का सृजन कर उसे लोककल्याण के लिये प्रस्तुत किया। श्रीराम और सीता माता सहित लक्ष्मण ऋषि अत्री के आश्रम में कुछ समय रहे। यहीं पर माता अनुसुईया भी रहा करती थीं। इन सब की याद में यहां अनेक स्मारक और मन्दिर दिखाई पडते हैं, जिनके दर्शन करने के लिये देश-विदेश से अनेक तीर्थ यात्री हर वर्ष यहां आते रहते हैं। इसी कारण यह तीर्थ स्थान दुनिया भर में प्रसिद्ध हो गया। 

कामदगिरि के नाम से चित्रकूट में एक पहाडी भी प्रसिद्ध है। यहीं पर कामदनाथ का मन्दिर है। तीर्थयात्री इस पहाडी की परिक्रमा अवश्य ही करते हैं। तीन मील लम्बी इसकी परिक्रमा का रास्ता पक्का बनाया हुआ है। इस पूरी परिक्रमा में अनेक छोटे छोटे मन्दिर भी बने हुए हैं। इन्हीं में से एक मन्दिर में हनुमान, साक्षी गोपाल, लक्ष्मी नारायण आदि की प्रतिमाएं भी हैं। इस मन्दिर में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, कामथनाथ, गोस्वामी तुलसीदास, कैकई और भरत की प्रतिमाएं भी दिखाई देती हैं। भगवान श्रीराम के पदचिन्हों को भी यहां उकेरा गया है। इस प्रकार यहां के तीन स्थान सबसे ज्यादा मशहूर हैं जिनमें चरण पादुका, जानकी कुण्ड और स्फटिक शिला का नाम लिया जा सकता है। कामथनाथ की परिक्रमा में श्रीराम के चरणचिन्हों के इतने निशान देखने को मिलते हैं जिनसे स्वाभाविक रूप से भक्तों के मन में यह आशंकित विचार आता है कि ये चरणचिन्ह श्रीराम के काल के ही हैं अथवा इन्हें बाद में बनाया गया। इन्हीं चरण पादुकाओं की श्रंखला में भरत मिलाप का स्थान भी दिखाई पडता है जहां वनवास के बाद भरत जी उनसे मिलने आये थे। इसी के निकट एक पहाडी और भी है जिसे लक्ष्मण पहाड के नाम से जाना जाता है। इसी स्थान पर लक्ष्मण जी का मन्दिर बना हुआ है। इस मन्दिर पर पहुंचने के लिये 150 सीढियां भक्तों को चढनी होती हैं। मन्दिर को देखकर आज भी ऐसा प्रतीत होता है मानों लक्ष्मण, श्रीराम और सीता की रक्षा के लिये वहां पर तैनात हैं। स्फटिक शिला से लगभग चार किलोमीटर दूर अत्रेय ऋषि अर्थात अत्री ऋषि का आश्रम है जहां ऋषि अत्रेय के साथ माता अनुसुईया की भी प्रतिमाएं स्थापित हैं। यह स्थान घने जंगलों के बीच बना है। यहां की सुख शान्ति कभी कभी जंगली जानवरों के कारण ही खण्डित भी होती है। इसी मन्दिर में दत्तात्रेय और दुर्वासा ऋषि की मूर्तियां भी स्थापित हैं। यहां से करीबन दस किलोमीटर की दूरी पर गुप्त गोदावरी नामक एक स्थान है जहां गुफा के भीतर से गुप्त गोदावरी नदी निकलती है। यहां गुफा के अन्दर एक छोटा सा तालाब स्थित है जिसे सीता कुण्ड के नाम से जाना जाता है। कम गहरे इस तालाब में कभी अचानक पानी कम हो जाता है और कभी बढ जाता है। यह दृश्य यहां की यात्रा पर आये तीर्थयात्रियों को कौतूहल में डाल देता है। 

 भरत कूप की यात्रा किये बिना यहां की यात्रा अपूर्ण ही मानी जाती हैं। यहां श्रीराम जी का एक मन्दिर है। कहते हैं कि भरत कूप में रामजी ने कई पवित्र नदियों का जल लाकर छोडा था। चित्रकूट की मुख्य नदी किनारे स्थित जानकी कुण्ड में कभी माता सीता स्नान किया करती थीं। यहां से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्फटिक शिला है जहां कभी श्रीराम, माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ बैठकर प्राकृतिक दृश्यों को देखा करते थे। एक लोकोक्ति के अनुसार इन्द्र का बेटा जयन्त यहां आया और एक गाय पर हमला करने लगा। इस बात का विरोध करने पर वह सीताजी को उठा ले गया। स्फटिक शिला से कुछ दूर हनुमान धारा नामक स्थान है जहां से छोटा सा झरना निकलता है। कहते हैं कि हनुमान जी ने उसे प्रकट किया था इसलिये इसका नाम हनुमान धारा पड गया। 

चित्रकूट से लगभग 90 किलोमीटर दूर एक प्राचीन किला है जिसे कालिंजर किला कहा जाता है। इस किले में नीलकण्ठ मन्दिर, स्वर्गारोहण कुण्ड, बालखण्डेश्वर महादेव मन्दिर, शिवसारी गंगा और कोटि तीर्थ नामक स्थान प्रमुख दर्शनीय स्थान हैं। इनके अलावा सीता सेज, पाताल गंगा, पाण्डु कुण्ड, बुद्धि ताल, भैरों की झरिया और मृग धारा भी यहां स्थित है। सीतापुर नामक स्थान भी पैसुनी नदी के किनारे पर बसा है। पहले इस स्थान को जयसिंहपुर के नाम से जाना जाता था। कामथनाथ यहां से दो किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। तीर्थयात्री यहां स्नान करने के बाद कामथनाथ की परिक्रमा करते हैं। उस स्थान को पन्ना के महाराजा अमरसिंह की ओर से महन्त चरणदास के सहयोग से बनाया गया था। बाद में इस स्थान का नाम परिवर्तित कर माता सीता के सम्मान में सीतापुर कर दिया गया। यहां चौबीस घाट और अनेक मन्दिर हैं। 

 चित्रकूट से 42 किलोमीटर की दूरी पर राजापुर नामक स्थान है। यह स्थान भक्त तुलसीदास के नाम से प्रसिद्ध है। इसी स्थान पर गोस्वामी जी का जन्म हुआ था ऐसी मान्यता है। यहां तुलसी मन्दिर भी स्थित है। गुप्त गोदावरी से चार किलोमीटर दूर मरफा नामक जगह है। यह स्थान प्राकृतिक सौन्दर्य के लिये जाना जाता है। यहां एक झरना भी स्थित है। उसके अलावा जलमोचन सरोवर, श्री बालाजी मन्दिर, पंचमुखी शिवलिंग भी स्थित है। इसके बारे में कहा जाता है कि इसे चंदेल राजा ने बसाया था। चित्रकूट से 11 किलोमीटर दूर गणेश बाग स्थित है जहां शिव मन्दिर बना है। इसके अलावा यहां सात मंजिल की एक बावली भी बनी है। यह स्थान पेशवा राजाओं की निवास स्थली भी रही है। इसे छोटा खजुराहो भी कहा जाता है। 

 आज समाज में 22 अप्रैल 2008 को प्रकाशित

मंगलवार, जनवरी 03, 2012

माउण्ट आबू का पौराणिक महत्व

भारत के राजस्थान स्थित सिरोही जिले में अरावली की पहाडियों में सबसे ऊंची चोटी पर धार्मिक और प्राकृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है माउण्ट आबू। धार्मिक और प्राकृतिक सौन्दर्य के चलते यह एक पर्वतीय पर्यटन क्षेत्र के रूप में भी विख्यात हुआ है। आबू शब्द अर्बुदा का अपभ्रंश है। इस सम्बन्ध में एक जनश्रुति के अनुसार किसी समय यहां वशिष्ठ ऋषि तपस्या करते थे। उनके आश्रम के निकट एक बडा सा गड्ढा था। एक दिन ऋषि की कामधेनु गाय उसी गड्ढे में गिर पडी। ऋषि वशिष्ठ ने मां सरस्वती की आराधना की जिससे प्रसन्न होकर माता सरस्वती ने उस गड्ढे को जल से भर दिया जिससे गाय तैरते हुए उससे बाहर निकल आई। इसके बाद ऋषि वशिष्ठ ने उस गड्ढे को पाटने के लिये भगवान शिव की स्तुति की। शिवजी ने नन्दी को भेजकर यहां अरावली पर्वतमाला को स्थापित किया। 

सैकडों किलोमीटर लम्बी अरावली पर्वत श्रंखला राजस्थान को दो भागों में विभक्त करती हुई प्रतीत होती है। हरियाणा में गुडगांव के पास से लेकर माउण्ट आबू तक फैली इस पर्वत श्रंखला का विशिष्ट धार्मिक महत्व भी है। कहा जाता है कि किसी समय नन्दी को कैलाश से अर्बुद नाम का एक सांप अपनी पीठ पर बिठाकर वशिष्ठ ऋषि के पास लाया था, इसलिये इसका नाम अर्बुदा पड गया। ऋषि वशिष्ठ ने अर्बुदा को वरदान दिया था कि तुम 35 करोड देवी देवताओं के साथ यहां निवास करोगे। कुछ लोगों का मानना है कि माता दुर्गा यहां अर्बुदा देवी के रूप में प्रकट हुई, इसलिये इसका नाम अर्बुदा पड गया। यहां पर अर्बुदा देवी का प्राचीन मन्दिर भी मौजूद है जिसमें जाने के लिये सैकडों सीढियां चढनी पडती हैं। एक अन्य मान्यता के अनुसार आबू नाम हिमालय के पुत्र आरबूआदा के नाम पर पडा। यह मन्दिर एक गुफानुमा स्थान में स्थित है। इसके पास ही सन्त सरोवर भी था जो वर्तमान समय में सूखा पडा है। मन्दिर में नीलकण्ठ महादेव और हनुमानजी के मन्दिर भी हैं। आबू में हिन्दु धर्म के साथ-साथ जैन धर्म का तीर्थ स्थान भी है। यहीं पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय नामक संस्था का मुख्यालय भी है। ऐसी मान्यता है कि जब कुरुक्षेत्र के युद्ध के बाद भगवान श्रीकृष्ण हस्तिनापुर और मथुरा छोडकर द्वारका गये तो आबू के मार्ग से ही होकर गये थे। इस दौरान उन्होंने यहां पर कुछ दिन विश्राम किया था। 

माउण्ट आबू दिलवाडा के जैन मन्दिरों के लिये भी विख्यात है। यहां एक ही स्थान पर पांच मन्दिर बनाये गये हैं जिनमें उच्च कोटि के संगमरमर का प्रयोग किया गया है। इनमें से एक मुख्य मन्दिर विमल शाह का मन्दिर है। मन्दिर का निर्माण 1031 ई में गुजरात के सेनापति विमल शाह ने करवाया था। यहां पर स्तम्भों, दीवारों और छतों पर खूबसूरत नक्काशी की गई है। मन्दिर के भीतर जैन तीर्थंकर आदिनाथ की पचास से भी अधिक प्रतिमाएं स्थित हैं। इसके प्रवेश द्वार पर घोडे पर सवार विमल शाह की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। उसके पीछे संगमरमर से बने दस हाथी दिखाई देते हैं। दिलवाडा के मन्दिरों में एक अन्य मुख्य मन्दिर है- लुणावासी मन्दिर। इसे गुजरात के दो मन्त्रियों वस्त्रपाल और तेजपाल ने बनवाया था। ये दोनों सगे भाई थे। इस मन्दिर में 23वें जैन तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ की मूर्ति की प्रतिष्ठापना भी की गई है। दोनों भाईयों ने इस मन्दिर को अपने तीसरे भाई लुणावासी की याद में बनवाया था। 

जैन मन्दिरों की श्रंखला का तीसरा मन्दिर पीतलक्षर मन्दिर है। इसमें भगवान ऋषभदेव की 108 मन की पंचधातु की मूर्ति स्थापित है। यह मन्दिर भीमशाह ने बनवाया था। एक अन्य मुख्य जैन मन्दिर है खतरवासी मन्दिर जो तीन मंजिल ऊंचा है। इसमें भगवान चिन्तामणि पार्श्वनाथ की मूर्ति विराजमान है। पांचवां मन्दिर कुमारी कन्या का है। इसी के साथ रसिक बालक का मन्दिर भी है। आबू की सबसे ऊंची चोटी गुरू शिखर के नाम से जानी जाती है। यहां एक गुफा में गुरू दत्तात्रेय का मन्दिर है। इसके निकट ही माता अनुसुइया और ऋषि अत्रेय की तपोस्थली गुफाएं भी स्थित हैं। एक गुफा में भगवान शंकर का भी मन्दिर है। जब वशिष्ठ ऋषि ने यहां भगवान शिव की आराधना की तो उन्होंने ऋषि को अचलेश्वर महादेव के रूप में दर्शन दिये। जब भगवान शिव ने ऋषि को दर्शन दिये तो पृथ्वी डगमगाने लगी। इस पर परम शिव ने अपने पैर के अंगूठे से दबाकर पृथ्वी को स्थिर कर दिया। इसलिये यहां शिवलिंग की नहीं बल्कि उनके पैर के अंगूठे की पूजा होती है। 

 इसके अतिरिक्त अन्य पौराणिक जनश्रुतियों के अनुसार हिन्दु धर्म के 33 करोड देवी देवता इन्हीं पवित्र पहाडियों पर विचरण करते थे। महान ऋषि वशिष्ठ ने असुरों के विनाश के लिये यहां यज्ञ का आयोजन किया था। जैनों के चौबीसवें तीर्थंकर भगवान महावीर भी यहां आये थे। अचलेश्वर महादेव के निकट अचलगढ का किला भी स्थित है। भगवान शिव की याद में राजा परमार ने सन 1900 में इस किले का निर्माण करवाया था। यहां एक जैन मन्दिर भी स्थित है। मन्दिर में आदीश्वर की 1444 मन की पंचधातु की विशालकाय मूर्ति भी स्थापित है। आबू पर्वत पर इनके अलावा भी देखने के लिये बहुत कुछ है। मंदाकिनी कुण्ड, ऋषि भृगु आश्रम, आचार्य भर्तृहरि की गुफा, राजा मानसिंह की समाधि, नक्की झील, रघुनाथ मन्दिर, रामगुफा कुण्ड, दुलेश्वर महादेव मन्दिर, हनुमान मन्दिर, महावीर स्तम्भ, गांधी स्तम्भ, चम्पा गुफा, व्यास तीर्थ, नाव तीर्थ, गौतम ऋषि का आश्रम, ऋषि जमदग्नि आश्रम, गणेश मन्दिर, अम्बिका मन्दिर, शान्ति शिखर, अवतार चिह्न जैसे अनेक महत्वपूर्ण तीर्थस्थल यहां मौजूद हैं। 

 आज समाज, 23 अप्रैल 2008 को प्रकाशित

सोमवार, जनवरी 02, 2012

महज गंगा नगरी नहीं हरिद्वार

तीर्थ नगरी आपके स्वागत के लिये तैयार है। पर्यटन के रूप में आपके जेहन में हरिद्वार का नाम आते ही हर की पैडी, मां मंसा-चण्डी देवी व आश्रमों का चित्र उभर आता है। परन्तु तीर्थ नगरी में इसके अलावा भी बहुत कुछ ऐसा है जिसे आप बार-बार देखना चाहेंगे। आप हर की पैडी जायें, स्नान ध्यान करें तो टहलते हुए गंगा घाटों का आनन्द जरूर उठायें। दक्षिण की ओर फैले लम्बे चौडे घाटों से कल कल बहती गंगा, मन्द हवा और पहाड के नजारे सचमुच आनन्दित करने वाले हैं। 

यहां आकर वन्य जीवन को करीब से देखने का मौका न गंवाये। हाथियों का घर कहा जाने वाला राजाजी नेशनल पार्क का प्रवेश द्वार भी यहीं है। नगर से सटे चीला, मोतीचूर व कौडिया रेंज में आपको हाथी, तेंदुए, बाघ व हिरण खूब देखने को मिलेंगे। इसके लिये हाथी की सवारी का आनन्द भी उठाया जा सकता है। 

भीमगोडा बैराज के पास सर्दियों में बनने वाला पक्षी विहार भी मन मोह लेने वाला है। यहां अक्टूबर से फरवरी के मध्य हजारों की संख्या में देशी-विदेशी दुर्लभ पक्षी देखे जाते हैं। शान्ति और आध्यात्मिक आनन्द की अनुभूति लेने वालों के लिये नीलधारा बांध पर ध्यान केन्द्र, चण्डी घाट के पास लाहिडी महाशय की समाधि, दक्षेश्वर महादेव यानी शिव की ससुराल व आनन्दमयी मां की समाधि महत्वपूर्ण हैं। पावन धाम सप्तऋषि क्षेत्र में भारत माता मन्दिर, शान्ति कुंज समेत कई आश्रम दर्शनीय हैं। यहां स्थित लालमाता मन्दिर में वैष्णों देवी की गुफा आपको वास्तविक यात्रा का एहसास करा देगी। स्वामी रामदेव का पतंजलि योगपीठ व योग ग्राम भी देखने योग्य हैं। हरिद्वार से 15 किलोमीटर दूर यहां जाने के लिये कनखल दिव्ययोग आश्रम से योग पीठ निशुल्क बसें उपलब्ध कराती है।

यहां यातायात, लॉजिंग भी खास महंगे नहीं हैं। बस अड्डे व रेलवे स्टेशन से उतरने के बाद आपको हर समय रिक्शा, तांगा, थ्रीव्हीलर व टैक्सी मिलेंगी। दूरी के हिसाब से आप वाहन का चयन कर सकते हैं। ठहरने के लिये यहां अलकनंदा सरकारी गेस्ट हाउस से लेकर साधारण व थ्री स्टार सुविधाओं से युक्त होटल आपके इंतजार में हैं। होटल का चयन आप स्वयं करें। इससे आप वाहन चालकों की कमीशन खोरी से बच जायेंगे। एक बात से सावधान! यहां जहरखुरानी गिरोह भी ताक में रहते हैं। इसलिये न तो किसी अनजान शख्स से दोस्ती बढायें, न ही प्रसाद की शक्ल में दिया कोई खाद्य पदार्थ खायें।

लेख: प्रदीप गर्ग (हिन्दुस्तान रीमिक्स, 27 सितम्बर 2008)

रविवार, जनवरी 01, 2012

गर्जिया देवी मन्दिर- धार्मिक पर्यटन का केन्द्र

कुमाऊं के प्रसिद्ध देवी मन्दिरों में रामनगर में स्थित गिरिजा देवी (गर्जिया देवी) का स्थान अद्वितीय है। यहां गिरिजा देवी वैष्णवी के रूप में स्थित हैं जो पार्वती का ही रूप है। मान्यता है कि जिन मन्दिरों में देवी वैष्णवी के रूप में स्थित होती हैं उनकी पूजा पुष्प प्रसाद से की जाती है और जहां शिव शक्ति के रूप में होती हैं वहां बलिदान का प्रावधान है। 

रामनगर से 13 किलोमीटर दूर उत्तर में रानीखेत मार्ग पर गर्जिया गांव के समीप प्रकृति की गोद में वनों से आच्छादित कोसी नदी के मध्य टापू पर स्थित यह मन्दिर स्थानीय लोगों की आस्था का तो केन्द्र है ही, कार्बेट नेशनल पार्क आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के भी आकर्षण का केन्द्र है। मन्दिर के प्रति लोगों की आस्था का आलम यह है कि आने-जाने वाले श्रद्धालु मार्ग पर रुककर या वाहन रोककर दूर से ही मां को नमन करते हैं। सन 1940 से पूर्व स्थापित इस मन्दिर में दुर्गा जी का विग्रह, गणेश जी की स्थापना और शिवलिंग स्थापित हैं। इस स्थान का निर्माण कोसी द्वारा पहाडी के कटान से हुआ। उभरी चट्टान पर श्रद्धालुओं ने मन्दिर निर्माण किया। लोकविश्वास है कि कोसी की गर्जना और जंगली जानवरों की गर्जना के कारण ही इस स्थान का नाम गर्जिया पडा। 

मन्दिर की पूजा अर्चना का कार्य सन 1910 से पण्डित रामकृष्ण पाण्डे का परिवार देखता आ रहा है। वर्तमान में उनके पुत्र पण्डित पूर्णचन्द्र पाण्डे जी यहां पुजारी हैं। 1956 में कोसी में बाढ के कारण मन्दिर की सभी मूर्तियां बह गई थीं। पण्डित पूर्णचन्द्र पाण्डे ने फिर से इसकी स्थापना कर मन्दिर को भव्यता प्रदान की। 

मन्दिर में पहुंचने से पहले श्रद्धालु कोसी नदी में स्नान करते हैं। नदी से मन्दिर के लिये 90 सीढियां चढनी पडती हैं। श्रद्धालु प्रसाद, घण्टा, चांदी का छत्र आदि चढाते हैं। बहुत से लोग अपनी मनोकामना के लिये बावड की गांठ बांधते हैं। देवी दर्शन के बाद श्रद्धालु भैरों मन्दिर, शिव मन्दिर के दर्शन करते हैं तथा खिचडी चढाते हैं। सन 1971 में मन्दिर समिति का गठन किया गया, जो सारी व्यवस्थाएं करती हैं। बरसात में तेज बहाव के कारण लोग मन्दिर में नहीं जा पाते। यहां नवरात्रों तथा गंगा स्नान पर हजारों श्रद्धालु आते हैं। अनुमान है कि वर्ष भर में पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालु यहां आते हैं। कार्बेट नेशनल पार्क आने वाले पर्यटकों की आवाजाही के कारण यह पर्यटन स्थल भी बनता जा रहा है। सरकार तथा पर्यटन विभाग द्वारा इस ओर सकारात्मक प्रयास भी किये गये हैं। बढती भीड को देखते हुए इसकी सुन्दरता तथा आस्था को कोई ठेस न पहुंचे, इसके लिये दूरगामी नीति बनाने की जरुरत है। 

लेख: प्रभात कुमार (हिन्दुस्तान रीमिक्स, 27 सितम्बर 2008)