गुरुवार, नवंबर 07, 2013

बाजीराव-मस्तानी के अमर प्रेम का गवाह

लेख: कौशलेन्द्र प्रताप यादव
कमल-कुमुदिनियों से सुशोभित मीलों तक फैली बेलाताल झील के किनारे खडे जैतपुर किले के भग्नावशेष आज भी पेशवा बाजीराव और मस्तानी के प्रेम की कहानी बयां करते हैं। ऋषि जयंत के नाम पर स्थापित जैतपुर ने चंदेलों से लेकर अंग्रेजों तक अनेक उतार-चढाव देखे हैं।
जैतपुर का इतिहास उस समय अचानक मोड लेता है जब इलाहाबाद के मुगल सुबेदार मुहम्मद खां बंगश ने 1728 ई. में जैतपुर पर आक्रमण किया और जगतराज को किले में बंदी बना लिया। राजा छत्रसाल उस समय वृद्ध हो चले थे। मुगल सेना की अपराजेय स्थिति को देखकर उन्होंने एक ओर तो अपने बडे पुत्र हृदयशाह, जो उस समय अपने अनुज जगतराज से नाराज होकर पूरे घटनाक्रम के मूकदर्शक मात्र बने थे, को पत्र लिखा तो दूसरी ओर उन्होंने मराठा पेशवा बाजीराव से सहायता की विनती भी की।
राजा छत्रसाल का पत्र पाते ही पेशवा अपनी घुडसवार सेना के साथ जैतपुर आते हैं और एक रक्तरंजित युद्ध में मुहम्मद खां बंगश पराजित होता है और उसका पुत्र कयूम खान जंग में काम आता है। उसकी कब्र मौदहा में आज भी विद्यमान है।
जैतपुर के युद्ध में पेशवा ने एक महिला को भी लडते हुए देखा और उसके कद्रदान हो गए। पेशवा ने छत्रसाल से उस महिला योद्धा की मांग की। यह योद्धा मस्तानी थी, जो छत्रसाल की पुत्री थी। डा. गायत्री नाथ पंत के अनुसार छत्रसाल ने मध्य एशिया के जहानत खां की एक दरबारी महिला से विवाह किया था, मस्तानी उसी की पुत्री थी। मस्तानी प्रणामी संप्रदाय की अनुयायी थी, जिसके संस्थापक प्राणनाथ के निर्देश पर इनके अनुयायी कृष्ण और पैगंबर मुहम्मद की पूजा एक साथ करते थे। छत्रसाल ने ड्योढी महल में एक समारोह में पेशवा और मस्तानी का विवाह कराकर उसे पूना विदा किया।
छत्रसाल की पुत्री मस्तानी जब ढेर सारे अरमान लिए पूना पहुंची तो पूना उसको वैसा नहीं मिला, जैसा उसने सोचा था। पेशवा की माता व छोटे भाई ने इस संबंध का पुरजोर विरोध किया। पेशवा ने मस्तानी का नाम नर्मदा रखा किंतु यह मान्य नहीं हुआ। पेशवा और मस्तानी के एक पुत्र हुआ जिसका नामकरण पेशवा ने कृष्ण किया किंतु पारिवारिक सदस्यों के विरोध के कारण कृष्ण का रूपांतरण भामशेर बहादुर किया गया। रघुनाथ राव के यज्ञोपवीत संस्कार और सदाशिवराव के विवाह संस्कार के अवसर पर उच्चकुलीन ब्राह्मणों ने यह स्पष्ट कर दिया कि जिस संस्कार में बाजीराव जैसा दूषित और पथभ्रष्ट व्यक्ति उपस्थित हो वहां वे अपमानित नहीं होना चाहते। इसी प्रकार एक दूसरे अवसर पर जब बाजीराव शाहू जी से भेंट करने के लिए उनके दरबार में गए तो मस्तानी उनके साथ थी, जिसके कारण शाहू जी ने उनसे मिलने से इंकार ही नहीं किया बल्कि मस्तानी की उपस्थिति पर असंतोष भी व्यक्त किया।
बाजीराव-मस्तानी का प्रेम इतिहास की चर्चित प्रेम कहानियों में है। पेशवा ने विजातीय होते हुए भी मस्तानी को अपनी अन्य पत्नियों की अपेक्षा बेपनाह मुहब्बत दी। पूना में उसके लिए एक अलग महल बनवाया। मस्तानी के लगातार संपर्क में रहने के कारण पेशवा मांस-मदिरा का भी सेवन करने लगे। पेशवा खुद ब्राह्मण थे और उनके दरबार में jज्यादातर सरदार यादव थे, क्योंकि शिवाजी की मां जीजाबाई यदुवंशी थीं और उसी समय से मराठा दरबार में यदुवंशियों की मान्यता स्थापित थी। दोनों जातियों में मांस-मदिरा को घृणा की दृष्टि से देखा जाता था। एक दिन पेशवा के भाई चिमनाजी अप्पा और पुत्र बालाजी ने मस्तानी को भनिवारा महल के एक कमरे में नजरबंद कर दिया, जिसे छुडाने का विफल प्रयास बाजीराव द्वारा किया गया।
मस्तानी की याद पेशवा को इतना परेशान करती कि वो पूना छोडकर पारास में रहने लगे। मस्तानी के वियोग में पेशवा अधिक दिनों तक जीवित न रहे और 1740 में पेशवा मस्तानी की आह लिए चल बसे। पेशवा के मरने पर मस्तानी ने चिता में सती होकर अपने प्रेम का इजहार किया। ढाउ-पाउल में मस्तानी का सती स्मारक है।
बाजीराव-मस्तानी से एक पुत्र भामशेर बहादुर हुए जिन्हें बांदा की रियासत मिली और इनकी संतति नवाब बांदा कहलाई। भामशेर बहादुर सन 1761 में पानीपत के युद्ध में अहमद शाह अब्दाली के विरुद्ध मराठों की ओर से लडते हुए मारे गए। इनकी कब्र भरतपुर में आज भी विद्यमान है जो उस समय जाटों के अफलातून सूरजमल की रियासत थी। भामशेर बहादुर द्वितीय, जुल्फिकार अली बहादुर और अली बहादुर द्वितीय इस वंश के प्रमुख नवाब हुए। भामशेर बहादुर द्वितीय मराठा समाज में पले बढे थे। उन्होंने बांदा में एक रंगमहल बनवाया जो कंकर महल के नाम से जाना जाना जाता है। उन्होंने दूर-दूर से शास्त्रीय गायकी के उस्तादों को बुलाकर बांदा में आबाद किया। उस मुहल्ले का नाम कलावंतपुरा था जो आजकल कलामतपुरा हो गया है।
बांदा की जामा मस्जिद, जो दिल्ली की जामा मस्जिद की तर्ज पर बनी है, का निर्माण जुल्फिकार अली बहादुर ने कराया। मिर्जा गालिब इसी नवाब को अपना रिश्तेदार बताते हैं। अपनी मुफलिसी के वक्त गालिब बांदा आए और नवाब ने सेठ अमीकरण मेहता से उन्हें 2,000 रुपये कर्ज अपनी जमानत पर दिलवाया। इसी परंपरा में नवाब अली बहादुर द्वितीय हुए जिन्होंने 1857 में अंग्रेजों से भयंकर युद्ध किया। रानी झांसी अली बहादुर को अपना भाई मानती थीं और उनके संदेश पर अली बहादुर उनके साथ लडने कालपी गए। 1857 में अली बहादुर ने बांदा को स्वतंत्र घोषित कर दिया था।
1857 के गदर में बांदा पहली रियासत थी जिसने अपनी आजादी का ऐलान किया। कालांतर में विटलॉक ने यहां कब्जा किया और भूरागढ के किले में लगभग 80 क्रांतिकारियों को फांसी दी गई। नवाब बांदा को इंदौर निर्वासित कर दिया गया। इसके बाद बाजीराव-मस्तानी के वंशज इंदौर में ही रहे। 1849 में बाजीराव-मस्तानी के प्रेम का अमूक गवाह जैतपुर डलहौजी की हडप नीति का शिकार बना।
जैतपुर पर्यटकों और इतिहासकारों के लिए एक खूबसूरत जगह है। बेलाताल नाम की झील बारिश के दिनों में 14 मील तक फैल जाती है। जाडे में रूस से आए साइबेरियाई पक्षी इसी झील में अपना बसेरा बनाते हैं। सरकारी डाकबंगले से इस झील के कमल और पक्षियों को निहारना बेहद सुखद है। जैतपुर से पर्यटक पांडव नगरी पनवाडी और बुंदेलखंड का कश्मीर चरखारी देख सकते हैं जो यहां से कुछ ही दूरी पर है।

बादलों का देश चेरापूंजी

लेख: उर्मि कृष्ण
हम उस रास्ते पर दौड रहे थे जिसकी कल्पना से भी रोमांच हो जाता था। छोटी बच्ची थी तब किताबों में पढा था सबसे अधिक वर्षा वाला स्थान। वर्ष में अस्सी इंच बारिश? मैं तो अपने जन्म स्थान हरदा और इंदौर की वर्षा से हादसे में आ जाती थी। पांच-छह साल की बच्ची के पैर झट ही घुटनों तक पानी में डूब जाते थे। इंदौर की बारिश दस-दस दिन लगातार चलती थी। घर के चारों ओर नदी का सा नजारा खडा हो जाता। शुरुआती बारिश में तो भीगना, खेलना, दौडना खूब भाता लेकिन बाद में भीगते हुए स्कूल जाना बडा दु:खदाई लगता। स्कूल से आना तो अच्छा लगता, किंतु जाते समय मन ही मन मनौती करती कि खूब तेज हो जाए बारिश और छुट्टी हो जाए स्कूल की। उस समय चेरापूंजी का नाम सुनना बडा सुखद लगता जहां वर्षा थमती ही नहीं।
आज सचमुच चेरापूंजी के नोहकलिकाई झरने को देखते हुए मैं बचपन के उन दिनों में खो जाती हूं जब कल्पना में चेरापूंजी देखा करती थी। उस समय मैने कभी नहीं सोचा था कि मैं कभी चेरापूंजी पहुंच जाऊंगी। नदी भी अच्छी लगती थी, बारिश की फुहारें भी अच्छी लगती थी। अब भी लगती है, किंतु तेज वर्षा से घबराती थी।
जिंदगी की कितनी ही वर्षा ऋतुएं बीतने के बाद आज संयोग बना चेरापूंजी आने का। असल में जब हमने अपने कहानी-लेखन महाविद्यालय का शिविर शिलांग में रखना तय किया तब चेरापूंजी का कार्यक्रम नहीं था। पर्यटन के लिए शिलांग के आसपास का भ्रमण ही था। शिलांग पहुंचकर जब पता चला कि चेरापूंजी यहां से मात्र 56 किमी. है और एक दिन में जाकर आ सकते हैं तब शिविर में आए सारे सदस्य प्रसन्नता से भर चेरापूंजी देखने के लिए अति उत्सुक हो उठे।
सुबह आठ बजे शिलांग से हमारा दल विकेश, अरुण, विजया, रीतू, विजय, अकेला भाई, शशि, पुष्पा, माया, हरि, प्रसिद्ध लेखक प्रबोध कुमार गोविल, गंभीर पालनी, प्रजापति चरणदास आदि एक सूमो और एक कार में रवाना हुए। प्रसन्नता से सबकी बांछें खिली थीं। जैसे कोई किला फतह करने जा रहे हों। छोटी सी बात पर भी ठहाके लग रहे थे। बिना जरूरत भी एक-दूसरे को छेड रहे थे। न जाने कहां खो गया था उम्र का अंतर। गंभीर सिंह जी की गंभीर मुद्रा से सब थोडा आतंकित होते और फिर ठहाकों में खो जाते। पिकनिक मूड में गंभीरता और गुस्सा- दोनों ही नहीं सुहाता। जी तो करता है ऐसे लोगों को यहीं कहीं रास्ते में छोड जाएं और सचमुच जब विकेश का मनोबल डिगने लगा तो हमने उन्हें राह में छोड दिया रेडियो टावर की बिल्डिंग में। वापसी में उन्हें साथ लेना ही पडा।
शिलांग से चेरापूंजी की चढाई अधिक नहीं है। हल्की चढाई, दोनों ओर पहाड। दो पहाडों के बीच की घाटियों में भरे थे अनानास के पेड और अनजानी वनस्पतियां। अनेक तरह की फर्न, सुंदर पत्तियों वाले इन पौधों को घर ले जाने का मन ललक उठा। पहाड बद्री-केदार के पहाडों जैसे ऊंचे नहीं थे। डरावने भी नहीं। इन्हीं में फूट रहे थे अनेकों झरने। दूर से उनकी पतली धाराएं दिख रही थीं। खूब थे चीड और एरोकेरिया के वृक्ष। देवदार कहीं नहीं था। इस पूर्वी हिमालय में देवदार कहीं नहीं दिखा। यह देवतरू तो बस उत्तर हिमालय की ऊंचाइयों में रहता है। मैं इसे यहां कहां ढूंढ रही थी।
चेरापूंजी की ऊंचाई 1300 मीटर है। यह घाटी कई तरह की वनस्पतियों से समृद्ध है। कई तरह की फर्न, कई स्थानीय फल, चेसनट, अनानास बहुतायत से होते हैं। यहां कुछ विशेष फूल देखने को मिले। नागफन और ढक्कन वाले फूल तो बहुत ही विशेष थे। सर्प की तरह लम्बी जिह्वा बाहर फेंकता यह फूल यहां की वनस्पतियों में विशेष आकर्षण का केंद्र है। दूसरा ढक्कन वाला फूल जिसमें जैसे ही कोई कीट घुसता है वह ऊपर से अपना ढक्कन गिरा देता है। इन फूलों के कपों में कई कीडे बन्द थे।
चेरापूंजी का सबसे आकर्षक स्थान है नोहकलिकाई झरना। हजारों फीट ऊपर से गिरता यह दूधिया झरना अपने में एक मार्मिक कथा समेटे हुए है। लिकाई नाम की एक स्त्री जब एक दिन अपने काम पर से लौटी तो उसने अपने बच्चे के लिए पति से पूछताछ की। पति ने कहा कि बच्चे को काट कर खाने के लिए पका लिया है। सुनते ही लिकाई सदमे से भर गई और झरने में कूद पडी। तभी से झरने का नाम नोहकलिकाई पडा। खटाखट कैमरे चमक उठे थे और कूदता, गिरता झरना छोटी सी फिल्मों में कैद हो रहा था।
चेरापूंजी तो सुंदर झरनों और विशिष्ट वनस्पतियों से भरा हुआ स्थान है। विश्व में सबसे अधिक बारिश के कारण पहचाना जाने वाला यह स्थान समुद्र तट से 1300 मीटर की ऊंचाई पर है। अधिक वर्षा के कारण ही अनेक झरनों नदियों और वनस्पतियों ने इसे सजाया है। यहां की खासी जाति का मुख्य व्यवसाय इन्हीं जंगलों और नदियों की उपज है। मांस, मछली और वन की उपज नटस, अनानास बांस, अन्य जडी-बूटियां इनकी जीविका हैं। ये लोग सौंदर्य प्रेमी होते हैं। कलात्मक कपडों, शालों अन्य सजावटी वस्तुओं का निर्माण करते हैं, व्यवसाय भी करते। इनके घर सुंदर बने होते हैं और उन्हें ये सजा संवारकर रखते हैं। पक्षी तितली अन्य कीट पतंग इनके सजावटी सामानों में मिल जाते हें। अपनी धरती और रीति-रिवाजों के प्रति ये बहुत आस्थावान हैं। चेरापूंजी के पास ही यहां सबसे पुराना संस्थान रामकृष्ण मिशन चल रहा है। यहां के विद्यार्थी हिन्दी, अंग्रेजी, खासी, बंगला भाषाओं के ज्ञाता हैं। यहां शाल, स्वेटर कलात्मक वस्तुएं, जडी-बूटियों से दवा निर्माण आदि कार्य कुशलता से हो रहे हैं। यहां का पुस्तकालय ज्ञान पिपासुओं के लिए अच्छी खुराक है। पूरा संस्थान अपनी भव्यता, शांति और सफाई के लिए दर्शनीय है।
मौसमाई फाल्स और मौसमाई गुफाएं देखना बहुत ही रोमांचक हैं। प्रकृति की अपनी विशिष्ट रचना है ये गुफाएं। पत्थरों ने गुफा के अंदर कई आकार लिए हैं। कहीं हाथी, घोडा, हिरण तो कहीं किसी फूल पक्षी की आकृति तो कहीं दृष्टि बांध लेती है स्वनिर्मित मूर्तियां। कहीं सहस्त्राफन सर्प बना दिखता है तो कहीं शिवलिंग। गुफा में वैसे घुटनों तक पानी भरा होता है। नवंबर माह में यह सूखी थी, कहीं-कहीं पानी था। पत्थरों की ऊंची-नीची, चिकनी और तीखी, कहीं सकरी और कहीं चौडी आकृतियों पर चलना, चढना हमें किसी और तिलस्मी दुनिया का ज्ञान करा रहा था। यहां सरकार ने अब प्रकाश की अच्छी व्यवस्था कर दी है। यात्री यहां हमारे सिवाय कोई नहीं था।
यह स्थान यात्रियों के लिए रहस्य रोमांच साहस और सौंदर्य से भरा हुआ है। दूर एक हजार मीटर ऊंचाई से गिरता झरना, घने वृक्षों से घिरा जंगल, बादलों के पास बसा बांग्लादेश यहां से दिखाई देता है। यहां सरकार ने सुंदर बाग का निर्माण कर दिया है। यात्रियों के बैठने, घूमने और देखने की सुविधा है। इसी बाग में कई तरह के फूल फर्न और कीट पतंगों से हमारी पहचान होती है। नागफन और कीडा पकड कीट खाऊ फूल हम यहां देखते हैं। कई तरह के आकार और रंगों वाली पत्तियों को हम देर तक निहारते रहते हैं। हमारे मन में उतर आता है बालक सा भोलापन जिज्ञासा। बाग में पडे झूलों पर बैठ हम गीत गा उठते हैं, खिलखिलाते हैं। फिर दौड पडते है जैसे बचपन लौट आया है जैसे।
इस पूर्वी प्रदेश में शाम जल्दी होती है। हम सब लौट पड हैं। रास्ते में दिखते हैं शिलाओं के बडे प्रतीक जो यहां के मूल निवासियों के पूर्वजों की यादगार हैं। एक शिला यहां के मुखिया की है उसके सिर पर ताज रखा है। नश्वर को अमर करने के ये रिवाज सारे विश्व में कई तरह से फैले हैं। गाऊटी, उमगोट, नदियों, मोसमाई, नोहकलिकाई और कई तरह के झरनों से घिरे चेरापूंजी के मुख्य बाजार से हम लौट रहें है। बच्चे हमें हाथ हिलाकर विदा दे रहें हैं। सबसे अधिक बारिश वाले स्थान से हम सूखे लौट आए हैं। नवंबर में यहां सूखा रहता है, बादल घिरते हैं पर धूप भी खिलती है।

देवीधुरा : पत्थरों से बरसती हैं नेमतें

लेख: रविशंकर जुगराल
कुछ परम्पराओं को बदलने की कोशिशें भी एक परम्परा बन गई हैं। कुमाऊं में देवीधुरा में हर साल रक्षाबन्धन पर होने वाला पत्थरों का युद्ध बग्वाल भी ऐसी ही मिसाल है, जो अब सैलानियों को भी आकर्षित करती है।
उत्तराखंड की संस्कृति यहां के लोक पर्व और मेलों में स्पंदित होती है। यूं तो राज्य में जगह-जगह साल भर मेलों का आयोजन चलता रहता है, लेकिन कुछ मेले ऐसे हैं जो अपनी अलग ही पहचान बनाए हुए हैं। कुमांऊ के देवीधुरा नामक स्थान पर लगने वाला बगवाल मेला इन्हीं में एक है, जो हर साल रक्षा बंधन के दिन मनाया जाता है। इस अनूठे मेले की खास विशेषता ये है कि इसमें पत्थरों का रोमांचकारी युद्ध होता है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग जुटते हैं। चंपावत जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर अल्मोड़ा-लोहाघाट मार्ग पर बसा देवीधुरा समुद्रतल से करीब 2500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।
यहीं पर विशाल शिलाखंडों के मध्य प्राकृतिक रूप से बनी गुफा में मां बराही देवी का मंदिर है। मंदिर तक पहुंचने के लिए संकरी गुफा है। मंदिर के पास ही खोलीखांड दुबाचौड़ का लंबा-चौड़ा मैदान है। यहां पर रक्षा बंधन के दिन बगवाल यानी पत्थरों का रोमांचकारी युद्ध होता है। यह खेल लमगडिया, चम्याल, गहरवाल और बालिग खापों के बीच खेला जाता है। इन चारों खापों से जुड़े आसपास के गांव के लोग इसमें हिस्सा लेते हैं।
पत्थरों के इस रोमांचकारी खेल के पीछे कई लोकमान्यताएं जुड़ी हैं। इन्हीं के अनुसार प्राचीन काल में मां बराही देवी को प्रसन्न करने के लिए यहां नरबलि देने की प्रथा थी। कहा जाता है कि हर साल इन चारों खापों के परिवारों में से किसी एक सदस्य की बलि दी जाती थी। एक बार एक खाप की बूढ़ी महिला के पोते की बारी आई लेकिन महिला ने अपने पोते की बलि देने से इंकार कर दिया। कहीं देवी कुपित न हो जाए, यह सोचकर गांव वालों ने निर्णय लिया कि बगवाल खेलकर यानी पत्थरों का रोमांचकारी खेल खेलकर एक मनुष्य शरीर के बराबर रक्त बहाया जाए। तभी से नरबलि के प्रतीकात्मक विरोध स्वरूप इस परंपरा को जीवित रखते हुए हर साल रक्षाबंधन के दिन चारों खापों के लोग यहां ढोल नगाड़ों के साथ पहुंचते हैं और पत्थरों के रोमांचकारी खेल को खेलते हैं।
चारों खापों के लड़ाके युद्ध के मैदान खोलीखांड और दुबाचौड़ के मैदान में परंपरागत युद्ध पोशाक और छतोलियों को हाथ में लिए ढोल नगाड़ों के साथ मां बराही के मंदिर में पहुंचते हैं। सबसे पहले इन चारों खापों के योद्धाओं द्वारा मंदिर की परिक्रमा और पूजा-अर्चना की जाती है और फिर मंदिर के लंबे-चौड़े प्रांगण में युद्ध के लिए मोर्च पर डट जाते हैं। लमगडि़या और बालिग खाप के योद्धा दक्षिण दिशा में होते हैं और गहरवाल और चम्याल खाप के लड़ाके उत्तर दिशा में होते हैं। पुजारी के शंखनाद के साथ ही बगवाल शुरू हो जाती है और फिर शुरू होता है पत्थरों का रोमांचकारी युद्ध जिसमें लोगों की सांसें थम जाती हैं।
युद्ध के दौरान घायल लड़ाके पत्थरों की चोट को माता का प्रसाद मानते हैं। युद्ध के दौरान मैदान का दृश्य देखने लायक होता है। बांस की बनी छतोलियों से लड़ाके अपना बचाव करते हैं। इस चोट पर किसी तरह की मरहम पट्टी नहीं की जाती। जिस समय ये रोमांचकारी युद्ध होता रहता है, पुजारी मंदिर में बैठकर मां बराही की पूजा अर्चना करता रहता है। यकायक वह भाववश मैदान में पहुंच शंखनाद करता है और पुजारी के शंखनाद के साथ ही पत्थरों के इस रोमांचकारी खेल को रोक दिया जाता है। इसके बाद चारों खापों के योद्धा आपस में गले मिलते हैं। इससे पहले सुबह मंदिर में मां वराही की प्रतिमा को को चारों खाप के लोग नंदगृह ले जाते हैं, जहां पर मूर्तियों को दूध से नहलाया जाता है और नए परिधानों से सुसज्जित किया जाता है।
सामान्य दिनों में यह प्रतिमा तांबे के बक्से में विराजमान रहती है जिसके एक खाने में मां काली और एक खाने में मां सरस्वती की मू्र्ति भी रखी गई हैं। हर साल रक्षा बंधन के दिन पत्थरों के इस रोमांचकारी खेल को देखने के लिए हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इनमें विदेशी पर्यटकों की तादाद भी होती है। यह मेला पर्यटन का स्वरूप लेता जा रहा है। अब मेले से पहले एक हफ्ते तक देवीधुरा में विभिन्न स्टाल आदि लगाए जाते हैं। रंगारंग कार्यक्रम चलते रहते हैं जिनमें उत्तराखंड की संस्कृ्ति के दर्शन देखने को मिलते हैं। यह सारा इलाका धार्मिक रूप से जितना प्रसिद्ध है, प्राकृतिक रूप से उतना ही सुंदर है। यही वजह है कि लोकपरंपराओं से जुड़े इस अनूठे मेले को देखने श्रद्धालु तो पहुंचते ही हैं, साथ ही साथ प्रकृति प्रेमी भी यहां आना नहीं भूलते।
कैसे पहुंचे
यहां पहुंचने के लिए आप बस या रेल मार्ग का सहारा ले सकते हैं। अगर आप रेल से आना चाहें तो देश के किसी भी कोने से आप टनकपुर या काठगोदाम पहुंच सकते हैं। टनकपुर और काठगोदाम सीधी रेल सेवा से जुडे़ हैं। उसके बाद इन दोनों स्थानों से देवीधुरा की दूरी तकरीबन 150 किलोमीटर है।

हणोगी माता

लेख: प्रेम एन. नाग
हिमाचल प्रदेश के अलग अलग शोभा वाले अनेक मन्दिरों में से एक है हणोगी माता मन्दिर। राष्ट्रीय राजमार्ग 21 पर मण्डी और कुल्लू के बीच बने पण्डोह बांध से कुछ आगे चलकर ब्यास नदी के दूसरी ओर यह एक पर्वत पर शोभायमान है जिसका सौन्दर्य देखते ही बनता है।
हणोगी नामक स्थान पर स्थित इस मन्दिर में देवी तीन रूपों में विद्यमान है। कहा जाता है कि प्राचीन काल में यहां अभय राम गुरु रहा करते थे जो तान्त्रिक विद्या में निपुण थे। वह अपनी शक्तियों द्वारा तुंगाधार पर्वत श्रंखला से तुंगा माता को हणोगी में लाये। इस देवी को ‘तुंगाधार की जोगणी’ के नाम से भी जाना जाता है। हणोगी में काली माता का प्राचीन मन्दिर है जहां एक बडी गुफा है। तुंगा माता की पांच हजार वर्ष पुरानी पाषाण मूर्ति इस गुफा में आज भी विद्यमान है। कहा जाता है कि जब तक गुरुजी थे तब तक उन्होंने माता की पूजा अर्चना जारी रखी। उनके पश्चात देवी की पूजा करने वाला कोई भी न था। लिहाजा कई अनहोनी घटनाएं होती रहीं। कालान्तर में आरम्भ हुआ दुर्घटनाओं का सिलसिला थमा नहीं। छह-सात दशक पहले स्थानीय निवासियों ने इस बात को गम्भीरता से लिया और माना कि ऐसा देवी के प्रकोप के कारण हो रहा है। हणोगी के समीप ही एक पुरानी सडक थी, उस पर अक्सर रास्ता अवरुद्ध हो जाता था। इसी दौरान लोगों को कुछ दैविक चमत्कार दिखाई दिये और एक श्रद्धालु को स्वप्न में माता ने कहा कि यह मेरा स्थान है। फिर क्या था लोगों ने वहां एक वृक्ष को देवी शक्ति का प्रतीक मानकर पूजना आरम्भ कर दिया। यह वृक्ष आज भी ब्यास नदी के किनारे पानी में कुछ डूबा हुआ खडा है।
देवी के दृष्टान्त का क्रम यहीं नहीं टूटा, पुरानी सडक को टूटने से बचाने के लिये जो ठेकेदार दीवार बनाते थे, वह अगले दिन टूटी मिलती थी। अन्त में इस काम को कराने वाले ठेकेदार को माता ने स्वप्न में कहा कि यदि वह नदी के पार अर्थात हणोगी की ओर उनका मन्दिर बनवायेगा तो उसके सब काम सफल होंगे। श्रद्धालु ठेकेदार ने छोटा सा सरस्वती मन्दिर बनवाया।
हाईवे बन जाने के बाद फिर देवी ने कुछ भक्तों को हाईवे के किनारे पर पूजा स्थल बनाने की प्रेरणा दी। यहां भी एक छोटा सा मन्दिर बना जहां लक्ष्मी जी की मूर्ति है। दैवीय चमत्कारों को देखते हुए कुछ स्थानीय लोग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी आगे आये और काली माता के मूल स्थान पर मन्दिर बनाने का काम शुरू किया। आज हणोगी में देवी तीन रूपों में विद्यमान है- तामसिक काली, राजसिक लक्ष्मी और सात्विक सरस्वती।
हणोगी माता मन्दिर न्यास नवरात्रों में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन करता है। दोनों समय लंगर, औषधालय, गरीब कन्याओं का विवाह, मोटर से ब्यास नदी पार कराने की सुविधा, बच्चों को पुस्तकें और कपडे, गौ सदन संचालन, सरायों की सुविधा और संस्कृत महाविद्यालय का संचालन आदि कार्य मन्दिर न्यास द्वारा किये जाते हैं।

शुक्रवार, मई 17, 2013

श्रद्धा की त्रिवेणी रिवालसर की ओर

हिमालय प्रदेश की खूबसूरत गोद में पसरी एक झील है पद्मसंभव। लेकिन कोई कहे कि पद्मसंभव झील चलें तो पता नहीं चलेगा, हां कहा जाए कि रिवालसर चलें तो बनेगी बात। पद्मसंभव व रिवालसर अब एक-दूसरे का पर्याय हैं। रिवाल गांव अब कस्बा हो चुका है, सर यानी जलस्त्रोत, मिलाकर कहें तो रिवालसर।
कभी हर बरस कुछ इंच बर्फ ओढ़ने वाला रिवालसर हिमाचल में मंडी से 15 किमी. पहले, नेरचौक कस्बे से बाएं जाती सड़क पर नौ किमी. फासले पर है। बीच में कई छोटी-छोटी सुंदर जगहें हैं। एक जगह पड़ती है कलखड़। यहां से दाएं जाती सड़क सीधे रिवाल पहुंचाती है। रिवाल से सीधे मंडी भी जा सकते हैं। शिमला से रिवालसर वाया भराड़ीघाट घाघस 135 किलोमीटर है। यूं तो रिवालसर सरकारी व प्राइवेट गाडि़यां जाती हैं मगर अपने वाहन विशेषकर दुपहिया से जाने का लुत्फ ही निराला है।
रास्ता जंगली फूलों की मादक खुशबू व चीड़ की स्वास्थ्यव‌र्द्धक हवा से लबरेज है। सुंदर पहाडि़यां, उन पर बने स्थानीय शैली व कलात्मकता लिए घरौंदे। कलखड़ से सड़क सीधी हो जाती है। रिवालसर पहुंचकर लगता है सिरमौर स्थित रेणुका झील के भाई के घर आ गए।
तिब्बतियों का महत्वपूर्ण व धार्मिक आस्था स्थल
तिब्बतियों के लिए यह स्थल बहुत महत्वपूर्ण व धार्मिक आस्था का है। उनके दो गोम्पा यहां हैं। निंगमापा संप्रदाय के गुरु पद्मसंभव का पैगोडा शैली में निर्मित प्राचीन मंदिर यहां है। झील के साथ जुड़ी दंतकथाएं कहती हैं कि कश्मीर नरेश राजा इंद्रबोधी के पुत्र त्रिकालदर्शी बौद्धगुरु पद्मसंभव साधना के लिए यहां आए थे। तत्कालीन मंडी नरेश अर्राधर की पुत्री मंधर्वा उनकी शिष्या बनी और बाद में पत्नी भी। राजा ने इसे अपमान समझा और पद्मसंभव को जला देने का हुक्म जारी किया, मगर आग की लपटें चमत्कारिक ढंग से जलरूप में तब्दील हो झील बन पड़ी, जिसका नाम हुआ पद्मसंभव। बौद्ध मतावलंबी रिवालसर को सो-पेमा भी कहते हैं।
बताया जाता है कि तांत्रिक व महान शिक्षक पद्मसंभव यहीं से तिब्बत गए। यहां के गोम्पा में पद्मसंभव की विशाल मूर्ति है। दो बड़े दीपक जिनमें कई किलो घी समा जाता है दर्शनीय है। मंदिर में बाह्य हिस्सा तिब्बती शैली में निर्मित है। साथ के कमरे में विशालाकार पेरू है जिसे बच्चे शौक से घुमाते हैं। बौद्ध धर्म से संबंधित एक ऐतिहासिक गुफा पड़ोस में है जिसके अंदर चट्टान पर बौद्ध लिपि में मंत्र उकेरे गए हैं।
महर्षि लोमेश से संबंध
दिलचस्प यह है कि भूटान वालों की भी एक मोनेस्ट्री यहां हैं। रिवालसर का एक संबंध महर्षि लोमेश से भी बंधा है। पुराण संदर्भ है कि उन्हें एक तपस्या स्थल की खोज थी जो उन्हें यहां मिला। झील के किनारे उनका मंदिर है। साथ में नागर शैली में निर्मित एक शिवालय भी व कृष्ण मंदिर भी है। असंख्य सुंदर मंदिरों के प्रदेश में जाने क्यूं श्रद्धालु अटपटे ढंग से पूजालयों का निर्माण करते रहते हैं जबकि ऐसे पुराने मंदिरों का रख-रखाव करना ज्यादा पुनीत कार्य है।
गुरु गोविंद सिंह से भी जुड़ाव
एक और संदर्भ जो सिख इतिहास से है रिवालसर से जुड़ा है। सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह हिमाचल प्रवास के दौरान वर्ष 1758 में यहां आए थे। बाइस धाराओं के राजाओं से मिलकर मुगल सम्राट औरंगजेब से टक्कर लेने के बारे में यहां मंत्रणा व युद्ध योजनाएं परवान चढ़ाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। गुरु यहां लगभग एक महीना रहे। बताते हैं जब गुरु ने झील की प्रदक्षिणा की तो पद्मसंभव ने प्रकट हो गुरु को कार्य सिद्धि का आशीर्वाद दिया। मंडी के राजा जोगेन्द्र सेन द्वारा सन् 1930 में बनवाया गुरुद्वारा रिवालसर काफी ऊंचाई पर निर्मित है। एक सौ ग्यारह सीढि़यां चढ़कर या फिर संकरी पक्की सड़क से भी वहां पहुंच सकते हैं। गुरुद्वारे में मेहनत से गढ़े सुंदर पत्थरों का खूबसूरती से प्रयोग किया गया है जो अंदरूनी कक्ष को सरलता व कलात्मकता भरी भव्यता प्रदान करते हैं। गुरुद्वारा परिसर काफी खुला है जिसमें लगभग एक हजार श्रद्धालु एक समय में ठहर सकते हैं। यहां हमेशा ठंडी बयार चलती है।
झील और बौद्घ गुफा
रिवालसर से तीन किलोमीटर दूर एक और झील है और बौद्घ गुफा भी। हर वर्ष यहां भी हजारों बौद्घ धर्मावलंबियों का आना होता है। एक और नजदीकी पहाड़ी चोटी पर माता का आराधना स्थल है साथ में प्राकृतिक स्थल भी है। झील की प्रदक्षिणा हिंदू, बौद्घ व सिख समान रूप व श्रद्धा से कर धार्मिक सामंजस्य स्थापित करते हैं। झील में मछलियां हैं जिन्हें कोई नही मारता। पर्यटक झील के किनारे बैठकर फुदकती मछलियों को आटा, मक्की के दाने, बिस्कुट खिलाते हैं। शिमला के जाखू मंदिर की तरह यहां बंदर भी खूब हैं। इनके लिए अलग से इलायची दाना व चने उपलब्ध हैं।
सीसू मेला
झील में घास के बेड़े भी तैरते देखे जा सकते हैं जो अपना आकर्षण आप हैं। सीसू मेला के अवसर पर बौद्ध श्रद्धालु इन पर ‘परना’ चढ़ाते हैं। कहते हैं जब लामा पूजा करते हैं तो यह बेड़े स्वत: मंदिर के सामने झील के किनारे लग जाते हैं। श्रद्धालु इनमें पद्मसंभव की आत्मा का वास मानते हैं। झील की परिक्रमा में अनेक आकार व प्रकार के ‘मनी’ घुमाते मंत्र पढ़ते तिब्बती श्रद्धालु घूमते दिखते हैं। कुछ ‘मनी’ बहुत कलात्मक दिखते हैं व पुराने भी। तिब्बती कलाकार छैनी से सपाट सलेटनुमा पत्थरों पर ‘पूजा’ माने जाते मंत्र खूबसूरती से उकेरते देखे जा सकते हैं। रिवालसर में कोरिया, जापान, मंगोलिया, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, तिब्बत व लद्दाख से भी श्रद्धालु आते हैं। झील के पानी में गाद बढ़ रही है। पानी कम होता जा रहा है। झील के अंदर क्या, बाहर भी पालीथीन बैग काफी आराम से मुंह चिढ़ाते हैं।
रिवालसर के शांत माहौल व सुखद पर्यावरण में रात बितानी हो तो हिमाचल पर्यटन की टूरिस्ट इन में ठहर सकते हैं। यहां सौ रुपये में डॉर्मेटरी से लेकर नौ सौ रुपये में चार बिस्तर वाले कमरे तक, सबकुछ है। खाने-पीने के लिए कई अन्य आउटलेट्स भी हैं।

गणेश बाग- मराठों का मिनी खजुराहो

राजश्री टंडन जैसे लोगों ने खजुराहो, उसके वास्तु, उसके दर्शन का जमकर विरोध किया किन्तु खजुराहो का दर्शन और उसका शिल्प भारतीय कला पर अपनी छाप छोड़ता गया। बुंदेलखंड और उसके बाहर अनेक ऐसे मंदिर मिल जाएंगे जिन पर खजुराहो के दर्शन और वास्तु का स्पष्ट प्रभाव है। मराठे भी इस प्रभाव से अछूते न रहे। राजा छत्रपाल से पेशवा बाजीराव प्रथम को बुंदेलखंड का तिहाई भाग उपहार में मिला तो मराठों ने यहां अपनी जड़े जमानी शुरू कीं। मराठों ने बुंदेलखंड में अनेक किलों, बावडि़यों और मंदिरों का निर्माण कराया किंतु बुंदेलखंड में जिस निर्माण के लिए मराठों को सबसे ज्यादा याद किया जाता है- वह है कर्वी मुख्यालय से पांच किमी दूर बना गणेश बाग का मंदिर। इस मंदिर को खजुराहो की शैली में बनाने की कोशिश की गई है इसीलिए गणेश बाग को मिनी खजुराहो कहा जाता है।
मिनी खजुराहो की विशेषता
एक खूबसूरत बावड़ी के किनारे बनाए गए इस दो मंजिला मंदिर की विशेषता इसकी बाहरी दीवारों पर की गई पच्चीकारी है। इस पच्चीकारी में कहीं अपने सात अश्वों के रथ पर सवार सूर्य, कहीं विष्णु हैं तो कहीं अन्य देवसमूह। अगर कुछ नहीं तो मैथुन प्रतिमाएं। संभवत: वास्तुकार खजुराहो की मैथुन प्रतिमाओं के दर्शन से अज्ञात रहा है, अन्यथा उसकी भी नकल करता।
अपनी भव्यता और आकर्षण के बावजूद यह मंदिर पर्यटकों से अछूता है। केवल कुछ धार्मिक अवसरों पर भक्तगण इसकी उपासना करते हैं। खेत-खलिहानों के बीच खड़े इस मंदिर से संपूर्ण परिवेश जीवंत हो जाता है। आसपास की हरियाली इसके सौंदर्य में चार चांद लगाती है। यहां का निर्जन वातावरण पंडों-पुरोहितों के खौफ से भी दूर है। आश्चर्य है कि कर्वी का जिला प्रशासन अभी तक इस अमूल्य धरोहर से अनजान क्यों हैं?
कर्वी जिला मुख्यालय से इसकी दूरी महज 4 किलोमीटर है। गणेश बाग से धार्मिक नगरी चित्रकूट दस किलोमीटर है। पर्यटक चित्रकूट के साथ कालिंजर किले का भी आनंद ले सकते हैं जो यहां से 50 किलोमीटर है।
कैसे पहुंचे
कर्वी दिल्ली, झांसी और वाराणसी रेलमार्ग पर स्थित है। गणेश बाग के लिए कर्वी या चित्रकूट रेलवे स्टेशन पर उतरा जा सकता है। चित्रकूट अब हवाई मार्ग से भी जुड़ गया है। कर्वी इलाहाबाद, वाराणसी और दिल्ली से बस सेवा भी जुड़ा है। गणेश बाग आने वाले पर्यटक रात्रि विश्राम धार्मिक नगरी चित्रकूट में करना अधिक पसंद करते हैं। वैसे अब कर्वी में भी स्तरीय होटल बन गए हैं।

कालजयी कालिंजर

कालिंजर को कालजयी यूं ही नहीं कहा जाता है। इसने कालखंड के प्रत्येक प्रसंग को, चाहे वो प्रागैतिहासिक काल के पेबुल उपकरण हों, पौराणिक घटनाएं हों या 1857 का विद्रोह हो, सबको बहुत ही खूबसूरती से अपने आंचल में समा रखा है। वेदों में उल्लेख के आधार पर जहां इसे विश्व का प्राचीनतम किला माना गया है, वहीं इसके विस्तार और विन्यास को देखते हुए आधुनिक एलेक्जेंड्रिया से भी श्रेष्ठ। वेदों में इसे रविचित्र और सूर्य का निवास माना गया है। पद्म पुराण में इसकी गिनती नवऊखल अर्थात सात पवित्र स्थलों में की गई है। मत्स्य पुराण में इसे उज्जैन और अमरकटंक के साथ अविमुक्त क्षेत्र कहा गया है। जैन ग्रंथों और बौद्ध जातकों में इसे कालगिरि कहा गया है।
पौराणिक महत्व
कालिंजर का पौराणिक महत्व शिव के विष पान से है। समुद्र मंथन में मिले कालकूट के पान के पश्चात शिव ने इसी कालिंजर में विश्राम करके काल की गति को मात दी थी। महाभारत के युद्ध के पश्चात युधिष्ठिर ने यहां के कोटतीर्थ में स्नान किया था। मध्यकालीन इतिहास में कालिंजर भोरखां की मौत का कारण बना। मेवाड़ विजय के बाद भोरखां की महत्वाकांक्षाएं उफान पर थी। वह कालपी, खजुराहो होता हुआ सीधे कालिंजर पहुंचा, किन्तु सात माह के घेरे के पश्चात भी चंदेल हथियार डालने को तैयार नहीं थे। अत: भोरखां ने किले के सामने कालिंजरी पहाड़ी पर तोपों को चढ़ाया और गोलाबारी कराई, किन्तु एक गोला फटने के बाद कालिंजर भोरखां की कब्रगाह बन गया। उसके पुत्र इस्लाम खां ने चंदेल नरेश कीरत सिंह को उसके 70 सहयोगियों के साथ कत्ल करके अपने पिता को श्रद्धांजलि दी।
कालिंजर अपने शिल्प के कारण अद्वितीय है। यह समुद्र तल से 375 मीटर ऊंचाई पर है। 90 डिग्री पर खड़ी इसकी दीवारें आज भी कारीगरों को विस्मित करती हैं। किले के सात द्वार- गणेश, चंडी, बुद्ध, हनुमान, आलमगीर, लाल व बड़ा दरवाजा आज भी पूरी तरह महफूज हैं। आलमगीर दरवाजे का निर्माण कार्य औरंगजेब ने करवाया था।
पर्यटकों के लिए आकर्षण
किले के परिसर में फैली मूर्तियां पर्यटकों और दर्शकों के जबरदस्त आकर्षण का केंद्र हैं। सर्वाधिक मूर्तियां भौव धर्म से संबंधित है। काल भैरव की प्रतिमा सर्वाधिक भव्य है। 32 फीट ऊंची और 17 फीट चौड़ी इस प्रतिमा के 18 हाथ हैं। वक्ष में नरमुंड और त्रिनेत्र धारण किए यह प्रतिमा बेहद जीवंत है। झिरिया के पास गजासुर वध को वर्णित करती मंडूक भैरव की प्रतिमा दीवार पर उकेरी गई है। उसके समीप ही मंडूक भैरवी है। मनचाचर क्षेत्र में चतुर्भुजी रुद्राणी काली, दुर्गा, पार्वती और महिषासुर मर्दिनी की प्रतिमाएं हैं।
कालिंजर के वास्तुकारों ने क्षेत्र की दुर्गम स्थिति को देखते हुए पेयजल की सुगम व्यवस्था की और इसके लिए जलाशय का निर्माण किया। काल भैरव की प्रतिमा के बगल में चट्टान काटकर ‌स्वर्गारोहण तालाब बनाया गया जिसका उल्लेख अबुल फजल ने किया है। पाताल गंगा, पांडु तालाब, बुढि़या ताल कुछ अन्य जलाशय हैं जिनका पौराणिक महत्व है। कहा जाता है कि इसी में स्नान करने से कीर्तिवर्मन का कुष्ठ रोग समाप्त हुआ था।
कालिंजर के किले पर जिन राजवंशों ने शासन किया उसमें दुष्यंत- शकुंतला के पुत्र भरत का नाम सर्वप्रथम उल्लिखित है। कर्नल टॉड के अनुसार उसने चार किले बनाए जिसमें कालिंजर का सर्वाधिक महत्व है। 249 ई. में यहां हैहय वंशी कृष्णराज का शासन था, तो चौथी सदी में नागों का जिनसे सत्ता गुप्तों को हस्तांतरित हुई। इसके पश्चात यहां चंदेलों का यशस्वी शासन रहा जिसका विनाश 1545 ई. में भोरशाह (भोरखां) सूरी ने किया। मुगल काल में कालिंजर कविराज बीरबल की जागीर था।
नीलकंठ मंदिर
जो मंदिर कालिंजर के प्रांगण में सर्वाधिक पूज्य हैं उनमें नीलकंठ मंदिर प्रमुख है जिसका निर्माण नागों ने कराया। कोटितीर्थ के पश्चात वैष्णव मंदिर है। किले में जगह-जगह फैले मुख लिंग प्रतिहारों की देन हैं। कालिंजर के अन्य दर्शनीय स्थलों में सीतासेज, राजा अमान सिंह महल, राजकीय म्यूजियम प्रमुख है। इस म्यूजियम में लकुलेश, चतुर्मुखी शिव लिंग सहस्त्र लिंग के अतिरिक्त गुप्त, प्रतिहार, चंदेल काल की अनेक अमूल्य धरोहरें मौजूद है।
कैसे जाएं
कालिंजर बांदा से 50 किलोमीटर की दूरी पर है। बांदा और सतना निकटतम रेलवे स्टेशन हैं। दिल्ली से बांदा के लिए कई रेलगाडि़यां हैं। खजुराहो, चित्रकूट और कालिंजर पर्यटकों के लिए नया त्रिकोण बना रहे हैं। खजुराहो के लिए मुंबई, दिल्ली व वाराणसी से सीधी उड़ानें भी हैं। सैलानी वहां से भी कालिंजर पहुंचते हैं। बांदा प्रशासन हर साल कालिंजर महोत्सव का भी आयोजन करता है, उस समय वहां सैलानियों की खासी भीड़ रहती है। पर्यटकों की आमद को देखते हुए कालिंजर में अब अलग-अलग बजटों के कई बढि़या होटल भी खुल गए हैं।

गुरुवार, मई 24, 2012

सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान- हरियाणा का एकमात्र

दिल्ली जैसे शहर की धक्कामुक्की और उबाऊ दिनचर्या से यदि आप उकता गये हैं, तो आप राजधानी से एकदम करीब सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान का रुख कर सकते हैं। अरावली पर्वत श्रंखलाओं की गोद में स्थित यह राष्ट्रीय उद्यान दिल्ली की सीमा से लगे हरियाणा राज्य के गुडगांव जिले में स्थित है।
करीब 1.47 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले इस राष्ट्रीय उद्यान के मध्य में पहुंचकर एक खूबसूरत झील के दर्शन होते हैं। सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान की धडकन और वन्य प्राणियों के लिये जीवनदायिनी है यह झील। मछलियों की मौजूदगी और दलदली वनस्पति की बहुतायत के चलते प्रवासी पंछी सर्दियां शुरू होते ही यहां आकर डेरा डाल देते हैं।
सुल्तानपुर हरियाणा का एकमात्र राष्ट्रीय उद्यान है। सुप्रसिद्ध विहंगप्रेमी स्वर्गीय सालिम अली और पीटर जैक्सन को इस जगह से बेहद लगाव था।
कब जायें: सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान के भ्रमण के लिये अक्टूबर से फरवरी के महीने सर्वोत्तम हैं।
कैसे जायें: निकटतम हवाई अड्डा पालम सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान से सिर्फ 35 किलोमीटर के फासले पर स्थित है। निकटतम रेलवे स्टेशन गुडगांव है और सडक मार्ग से आने वाले यात्री दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पकडकर सीधे सुल्तानपुर पहुंच सकते हैं।
प्रमुख नगरों से दूरी: गुडगांव 15 किलोमीटर, पालम 35 किलोमीटर, दिल्ली बस अड्डा 56 किलोमीटर, जयपुर 300 किलोमीटर, चण्डीगढ 384 किलोमीटर।
कहां रहें: सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटकों के ठहरने के लिये कुटीर से लेकर वातानुकूलित कमरों तक की व्यवस्था है। पर्यटक चाहें तो दिनभर यहां भ्रमण करने के बाद शाम को दिल्ली भी जा सकते हैं।
क्या देखे: सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान उन पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करता है जिन्हें पक्षियों से लगाव है। यह स्थाई और प्रवासी दोनों ही प्रकार के पक्षियों का घर है। यहां सारस, क्रेन, स्पॉट बिल, गीज और बत्तख सुगमतापूर्वक देखे जा सकते हैं। पेडों पर रहने वाले पक्षियों- बुलबुल, नीलकण्ठ, फाख्ता और मैना के शोरगुल के बीच अगर नृत्यरत मोर के दर्शन हो जायें तो यात्रा सफल हो जाती है।
पक्षी विशेषज्ञों के अनुसार सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान में 100 से अधिक प्रजातियों के पक्षी देखे जा सकते हैं।

लेख: अनिल डबराल (26 नवम्बर 1995 को हिन्दुस्तान में प्रकाशित)
सन्दीप पंवार के सौजन्य से

बुधवार, मई 23, 2012

कान्हा नेशनल पार्क- कुदरत का करिश्मा

मध्य प्रदेश के मण्डला और बालाघाट जिलों में मैकल पर्वत श्रंखलाओं की गोद में स्थित कान्हा देश के सर्वोत्कृष्ट राष्ट्रीय उद्यानों में एक है। कान्हा महज एक पर्यटन केन्द्र ही नहीं है, बल्कि भारतीय वन्य जीवन के प्रबंधन और संरक्षण की सफलता का प्रतीक भी है। हृष्ट-पुष्ट जंगली जानवरों के लिये पूरी दुनिया में मशहूर कान्हा में प्रतिवर्ष एक लाख से अधिक सैलानी घूमने आते हैं।
कान्हा मध्य प्रदेश का पहला राष्ट्रीय उद्यान है। वन्य जन्तुओं की सघनता की दृष्टि से यह उद्यान काफी समृद्ध है। 940 वर्ग किलोमीटर दायरे में सदाबहार साल वनों से आच्छादित कान्हा एक अदभुत वन्य प्रान्तर है। प्रबंधन की दृष्टि से यह कान्हा, किसली, मुक्की, सुपरवार और मैसानघाट नामक पांच वन परिक्षेत्रों (रेंज) में बंटा हुआ है। पार्क में पर्यटकों के प्रवेश के लिये खटिया (किसली रेंज) और मुक्की में दो प्रवेश द्वार (बैरियर) हैं। यहां से पार्क के प्रमुख पर्यटन क्षेत्र कान्हा की दूरी क्रमशः 10 और 30 किलोमीटर है।
अपने नैसर्गिक सौन्दर्य के लिये दुनियाभर में मशहूर इस राष्ट्रीय उद्यान की स्थापना सन 1955 में हुई और सन 1974 में इसे प्रोजेक्ट टाइगर के अधीन ले लिया गया।
कब जायें: कान्हा राष्ट्रीय उद्यान 1 जुलाई से 31 अक्टूबर के मध्य वर्षा के दौरान पर्यटकों के लिये बन्द रहता है। यहां भ्रमण के लिये नवम्बर से जून तक कभी भी जाया जा सकता है। सर्दियों में ऊनी और गर्मियों में हल्के सूती वस्त्रों की जरुरत पडती है।
कैसे जायें: जबलपुर निकततम हवाई अड्डा है। रेल से आने वाले मुसाफिरों को भी कान्हा आने के लिये जबलपुर रेलवे स्टेशन पर उतरना चाहिये। जबलपुर से कान्हा के लिये नियमित बस सेवा समेत सभी प्रकार की सडक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हैं।
प्रमुख नगरों से दूरी: दिल्ली 980 किलोमीटर, मुम्बई 1305 किलोमीटर, नागपुर 290 किलोमीटर, भोपाल 540 किलोमीटर, जबलपुर 165 किलोमीटर।
कहां ठहरें: कान्हा आने वाले पर्यटकों के लिये आवास की स्तरीय सुविधाएं सुलभ हैं। भारतीय पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित सफारी लॉज में पर्यटकों के लिये वातानुकूलित आवास की सुविधा है। इसके अतिरिक्त मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम का किसली स्थित यूथ हॉस्टल और टूरिस्ट बंगला मुक्की और टूरिस्ट हट खटिया में भी खाने-पीने और ठहरने की अच्छी व्यवस्था है।
क्या देखे: बाघ देखू पर्यटकों के लिये कान्हा स्वर्ग है। दरअसल कान्हा में बाघ दर्शन ने पर्यटन को काफी बढावा दिया है। कान्हा, किसली और मुक्की में वन विभाग के पालतू हाथी सुबह सवेरे पांच साढे पांच बजे ही घने जंगलों में बाघ की तलाश में निकल पडते हैं। वर्षों के अनुभव से महावत बाघ की खोज में माहिर हो गये हैं।
बाघ के पदचिन्ह, वन्य जन्तुओं की अलार्म काल, लंगूरों की हलचल और गिद्धों की मंडराहट के जरिये वे बाघ खोज लेते हैं। बाघ की खोज के बाद वायरलेस के जरिये सूचना भेज दी जाती है कि अमुक स्थान पर बाघ मिल गया है।
इस सन्देश के पश्चात बाघ देखू पर्यटक निर्धारित स्थल तक वाहन से पहुंचते हैं और वहां से हाथी पर सवार होकर बाघ देखने जाते हैं। आमतौर पर बाघ आदमी को देखते ही भाग जाते हैं, मगर कान्हा के बाघ कैमरे और दूरबीनों से लैस हाथी के हौदे पर सवार पर्यटकों को देखने के आदी हो चुके हैं।
बाघ के अतिरिक्त कान्हा में बारहसिंघा की एक दुर्लभ प्रजाति पंकमृग (सेर्वुस बांडेरी) भी पाई जाती है। सन 1970 में यहां इनकी संख्या 3000 से घटकर सिर्फ 66 रह गई थी। बाद में एक विशेष योजना के जरिये इनकी जनसंख्या वृद्धि के प्रयास किये गये जो काफी हद तक सफल रहे। बाघ और बारहसिंघा के अतिरिक्त यहां भालू, जंगली कुत्ते, काला हिरण, चीतल, काकड, नीलगाय, गौर, चौसिंगा, जंगली बिल्ली और सूअर भी पाये जाते हैं। इन वन्य प्राणियों को हाथी की सैर अथवा सफारी जीप के जरिये देखा जा सकता है।
वन्य प्राणियों के दर्शन के अतिरिक्त पर्यटकों को पार्क में स्थित ब्राह्मणी दादर भी जरूर जाना चाहिये। किसली से करीब 36 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस जगह से सूर्यास्त का मनोरम दृश्य दर्शकों को मुग्ध कर देता है।
कान्हा का इलाका आदिवासियों का गढ है। पर्यटक पार्क के निकटवर्ती भीलवानी, मुक्की, छपरी, सोनिया, असेली आदि वनग्रामों में जाकर यहां की प्रमुख बैगा जनजाति के लोगों से मिल सकते हैं। उनकी अनूठी जीवनशैली और परिवेश का पर्यवेक्षण निःसन्देह आपकी यात्रा की एक और स्मरणीय सौगात होगी।

लेख: अनिल डबराल: हिन्दुस्तान में 26 नवम्बर 1995 को प्रकाशित
सन्दीप पंवार के सौजन्य से

रविवार, मई 20, 2012

सरिस्का राष्ट्रीय उद्यान- जंगल के रोमांच का नाम

सरिस्का आने के लिये आप जयपुर या अलवर से रेलगाडी से भी पहुंच सकते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग 8 पर स्थित होने के कारण यहां सडक परिवहन से पहुंचना भी काफी सुगम है। दिल्ली से कार द्वारा यहां पहुंचने में सिर्फ चार घण्टे का समय लगता है और जयपुर से यहां दो घण्टे में पहुंच जाते हैं।
प्रमुख नगरों से दूरी: दिल्ली 202 किलोमीटर, जयपुर 107 किलोमीटर, अलवर 34 किलोमीटर।
कहां ठहरें: सरिस्का की सैर के लिये एक दिन का समय काफी है। जयपुर से बस या टैक्सी से सुबह सरिस्का आकर उसी शाम वापस जयपुर पहुंचा जा सकता है। फिर भी यदि आप यहां ठहरना चाहें तो आवास के लिये सरिस्का में पर्याप्त सुविधाएं मौजूद हैं। सरिस्का पैलेस, राजस्थान स्टेट होटल, टूरिस्ट बंगला, टाइगर डीन बंगला और टूरिस्ट रेस्ट हाउस में ठहरने की अच्छी सुविधाएं हैं।
क्या देखें: बाघ सरिस्का का मुख्य आकर्षण है। सन 1988 में यहां 45 बाघ थे किन्तु अब (1995) में यह संख्या घटकर आधी हो गई है। अवैध शिकार, अवैध खनन और उससे उत्पन्न शोर-शराबे ने सरिस्का के बाघों पर प्रतिकूल असर डाला है। फिर भी यदि आप सौभाग्यशाली हैं तो सरिस्का की काली घाटी, राइका, काकवाडी, माला, पाण्डुपोल, उमरी और देबरी के जंगलों में वनराज के दर्शन हो सकते हैं।
सरिस्का का वन्य जीवन काफी विविधतापूर्ण है। बाघों के अलावा आप यहां काला हिरण, सांभर, चीतल, नीलगाय और चौसिंगा हिरणों के झुण्ड को कुलांचे भरते देख सकते हैं। जंगली सूअर, लंगूर, बन्दर, गीदड और लोमडी भी यहां काफी तादाद में मौजूद हैं। हजारों की संख्या में राष्ट्रीय पक्षी मोर, गरुड, उल्लू, कठफोडवा और किंगफिशर जैसी दर्जनों प्रजातियों के पक्षी भी यहां पर्यटकों की अगवानी के लिये सदैव तैयार मिलते हैं।
सरिस्का की हरियाली, ताल-तलैये और नुकीली चट्टानें भी पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। सरिस्का जायें तो भीषण गर्मी और सूखे में भी हरे रहने वाले हिंगोट और रौहंज प्रजाति के पेडों की पहचान करना न भूलें।
राष्ट्रीय उद्यान में हनुमानजी का प्राचीन मन्दिर, मुगलकालीन काकवाडी का किला और अलवर नरेश जयसिंह द्वारा निर्मित (अब होटल) भी दर्शनीय हैं। जंगल में यहां-वहां आठवीं से दसवीं सदी के मध्य निर्मित हिन्दू और जैन मन्दिरों के अवशेष भी नजर आते हैं।
राष्ट्रीय उद्यान में सैर के लिये जालीदार जीपों की व्यवस्था है। इनमें बैठकर पर्यटक सरिस्का भ्रमण का आनन्द ले सकते हैं। सरिस्का में पर्यटकों की काफी भीडभाड रहती है। औसतन 250 वाहन प्रतिदिन राष्ट्रीय उद्यान में प्रवेश करते हैं। सरिस्का राष्ट्रीय उद्यान में पहले पर्यटकों को रात्रि में भी घुमाने की व्यवस्था थी लेकिन वन्य जन्तुओं की शान्ति में बाधा न पडे, इसलिये इसे बन्द कर दिया गया है। सूर्यास्त के बाद पर्यटकों को राष्ट्रीय उद्यान में घूमने की मनाही कर दी गई है। इसलिये सूर्यास्त से पहले ही उद्यान क्षेत्र से बाहर निकल आना चाहिये।

लेख: अनिल डबराल (26 नवम्बर 1995 को हिन्दुस्तान में प्रकाशित)
सन्दीप पंवार के सौजन्य से

शनिवार, मई 19, 2012

पेरियार राष्ट्रीय उद्यान- प्राकृतिक सौन्दर्य की अदभुत थाती

कुदरत ने केरल में मुक्तहस्त से अपना वैभव बिखेरा है। चप्पे-चप्पे पर बिखरी हरियाली, हरे-भरे वृक्षों से ढके पर्वत, नदियों और झीलों की यह धरती प्रकृति प्रेमियों के लिये स्वर्ग है। राज्य के एक चौथाई क्षेत्र में सदाबहार वन हैं, जहां जंगल की खुशनुमा दुनिया आबाद है। इस छोटे से प्रान्त में प्रकृति के सुन्दरतम स्वरूप की झलक पेरियार राष्ट्रीय उद्यान में देखने को मिलती है, वह अभिभूत हो उठता है इसके सौन्दर्य पर। सचमुच पेरियार दुनिया के उन राष्ट्रीय उद्यानों में से एक है, जहां वन्य प्राणियों का भरा-पूरा साम्राज्य आपको रोमांचित कर देता है।
पश्चिमी घाट की खूबसूरत पहाडियों से घिरा पेरियार राष्ट्रीय उद्यान 777 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। पार्क के बीचोंबीच केरल की सबसे लम्बी पेरियार नदी पर एक कृत्रिम झील बनाई गई है। 26 वर्ग किलोमीटर के दायरे में फैली इस झील के चारों ओर घने जंगल पसरे हुए हैं, जहां वन्य प्राणियों की आवाजें जंगल की निस्तब्धता को भंग करती हैं। सन 1973 में पेरियार को ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ क्षेत्र में शामिल किया गया। यह भारत के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र का अंतिम टाइगर रिजर्व है। नवीनतम गणना के अनुसार इस समय (1995) यहां 80 बाघ हैं।
कब जायें: मानसूनी बरसात के तीन महीनों को छोडकर पेरियार की यात्रा सितम्बर से मई के मध्य कभी भी की जा सकती है। गर्मी के मौसम में यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री तथा सर्दियों में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री तक पहुंच जाता है। गर्मियों में सूती और सर्दियों में हल्के गरम कपडों की जरुरत पडती है।
कैसे जायें: पेरियार के लिये निकटतम हवाई अड्डा मदुरई है। आप चाहें तो तिरुअनन्तपुरम अथवा कोचीन की हवाई यात्रा से भी यहां पहुंच सकते हैं। निकटतम रेलवे स्टेशन बोदिनायकानूर 67 किलोमीटर दूर है। वैसे मदुरई, कोचीन अथवा कोट्टायम तक रेल यात्रा के बाद सडक परिवहन के जरिये यहां पहुंचना अधिक सुविधाजनक है। पेरियार दक्षिण भारत के सभी प्रमुख नगरों से सडक मार्ग द्वारा जुडा हुआ है। कोचीन, तिरुअनन्तपुरम, कोट्टायम और मदुरई से यहां के लिये नियमित बस सेवाएं सुलभ हैं।
प्रमुख नगरों से दूरी: तिरुअनन्तपुरम 220 किलोमीटर, कोचीन 200 किलोमीटर, कोडाईकनाल 160 किलोमीटर, मदुरई 145 किलोमीटर, चेन्नई 639 किलोमीटर।
कहां ठहरें: पर्यटकों के लिये पेरियार में ठहरने के लिये आधुनिक सुविधाओं से सम्पन्न प्राइवेट होटल, लॉज और सरकारी विश्राम गृह मौजूद हैं। केरल पर्यटन विकास निगम (केटीडीसी) द्वारा संचालित अरण्य निवास और लेक पैलेस में वातानुकूलित कमरों की सुविधा है। केटीडीसी का पेरियार हाउस, लेक क्वीन, अम्बाडी, वन रानी, होली-डे होम, रानी लॉज आदि में भी ठहरने की समुचित व्यवस्था है। इनके अतिरिक्त वन विभाग की ओर से तन्निकुडी, मुल्लाकुडी और मानकावला में पर्यटकों के लिये रियायती दरों पर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हैं।
क्या देखें: जल-क्रीडा में मग्न हाथियों को देखना पेरियार का मुख्य आकर्षण है। यहां झील में तैरते हाथी अक्सर नजर आ जाते हैं। गर्मी के मौसम में अपने शरीर को ठण्डक पहुंचाने के लिये बाघ भी झील में कूद पडते हैं। यदि आप भाग्यशाली हैं तो ये दुर्लभ नजारा आपको भी नजर आ सकता है।
हाथी और बाघ के अलावा यहां गौर, चीतल, सांभर, बन्दर, जंगली सूअर और भालू भी पाये जाते हैं।
उद्यान की सैर के लिये हालांकि यहां प्रशिक्षित हाथियों की समुचित व्यवस्था है, लेकिन इस प्रचलित तरीके से घूमने की बजाय मोटर बोट से यहां भ्रमण का एक अलग ही मजा है। झील में नौकायन के दौरान तटवर्ती क्षेत्र में जंगली जानवर खासतौर पर हाथी, गौर और हिरणों के झुण्ड नजर आ जाते हैं। पेरियार में नौकायन के साथ साथ जंगली जानवरों को निहारने का अनुभव सचमुच अनूठा है। अरण्य निवास से प्रातः 7 बजे से सायं 3 बजे तक प्रत्येक दो घण्टे के अन्तराल में यहां सैर के लिये मोटर बोट की सुविधा उपलब्ध है।
पेरियार के इर्द-गिर्द कई दर्शनीय स्थल हैं। इनमें अरूवी क्रीक (16 किलोमीटर), क्रूसोई आइलैण्ड (19 किलोमीटर), मानकावला (10 किलोमीटर), मुल्लकुडी (29 किलोमीटर), पवारासू (19 किलोमीटर) और पेरियार बांध (12 किलोमीटर) आदि प्रमुख हैं। यदि आपके पास पर्याप्त समय हो तो उक्त स्थलों की सैर अवश्य करनी चाहिये। इन स्थलों की ओर जाते समय रास्ते में आपको नारियल, रबड, कॉफी और कालीमिर्च के बागान भी देखने को मिलेंगे।
कुल मिलाकर पेरियार की यात्रा एक अनूठा अनुभव है। हरियाली और पानी से घिरी इस जगह की शान ही निराली है।

लेख: अनिल डबराल (हिन्दुस्तान में 26 नवम्बर, 1995 को प्रकाशित)
सन्दीप पंवार के सौजन्य से

शुक्रवार, मई 18, 2012

दाचीगाम राष्ट्रीय उद्यान- कुदरत की खुशबू से सराबोर

हांगुल प्रजाति के हिरणों के लिये प्रसिद्ध दाचीगाम राष्ट्रीय उद्यान वन्य जन्तु प्रेमियों को हमेशा से आकर्षित करता रहा है। 141 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला यह राष्ट्रीय उद्यान दुर्लभ वन्य प्राणियों का डेरा है। दाचीगाम के शान्त और सुरम्य वातावरण में पहुंच कर पर्यटक प्रकृति और वन्य जन्तुओं के स्वच्छंद विहार को देखकर खो सा जाता है।
किसी जमाने में दाचीगाम शाही शिकारगाह के रूप में मशहूर था। इस वन्य क्षेत्र में कश्मीर नरेश और उनके विशिष्ट मेहमानों को ही शिकार करने की अनुमति थी। स्वतंत्रता के बाद इसे अभयारण्य का दर्जा दिया गया और सन 1987 में इसे राष्ट्रीय उद्यान में तब्दील कर दिया गया। जम्मू कश्मीर के चार राष्ट्रीय उद्यानों में से सबसे समृद्ध दाचीगाम अपनी जैव विविधता के कारण पूरी दुनिया में मशहूर है।
कब जायें: गर्मी का मौसम दाचीगाम की सैर के लिये अनुकूल रहता है, वैसे सर्दियों में भी पार्क के निचले हिस्सों में भ्रमण का आनन्द लिया जा सकता है। बहरहाल आतंकवादी गतिविधियों के कारण कश्मीर के इस मशहूर राष्ट्रीय उद्यान में प्रकृति एवं वन्य जन्तु प्रेमियों के लिये घूमना फिलहाल असुरक्षित है। सुधरे हुए हालात में आप यहां भ्रमण का कार्यक्रम बना सकते हैं।
कैसे जायें: दाचीगाम का निकटतम हवाई अड्डा श्रीनगर सिर्फ 20 किलोमीटर दूर है। श्रीनगर के लिये जम्मू, चण्डीगढ और दिल्ली से सीधी विमान सेवा उपलब्ध है।
निकटतम रेलवे स्टेशन जम्मूतवी है जहां देश के विभिन्न हिस्सों से रेलगाडियां पहुंचती हैं। यहां से दाचीगाम तक का सफर सडक मार्ग से बस या टैक्सी द्वारा तय किया जा सकता है।
प्रमुख नगरों से दूरी: श्रीनगर 20 किलोमीटर, जम्मू 320 किलोमीटर, चण्डीगढ 668 किलोमीटर, दिल्ली 906 किलोमीटर, मुम्बई 2284 किलोमीटर।
कहां ठहरें: दाचीगाम गेस्ट हाउस पार्क में आवास के लिये एक उपयुक्त जगह है। वैसे पर्यटक श्रीनगर में रहते हुए भी सुगमतापूर्वक दाचीगाम आ जा सकते हैं।
क्या देखें: दाचीगाम राष्ट्रीय उद्यान का मुख्य आकर्षण है- हांगुल। यूरोपियन रेड डियर प्रजाति का यह मासूम हिरण पूरी दुनिया में सिर्फ यहीं पाया जाता है। अत्यन्त दुर्लभ प्रजाति का यह मृग अपने अस्तित्व के लिये जूझ रहा है। अंतर्राष्ट्रीय वन्य जीव संरक्षण संघ की रेड डाटा बुक में हांगुल का भी नाम दर्ज है।
विश्व वन्य जन्तु कोष के सहयोग से जम्मू कश्मीर सरकार ने हांगुलों के समुचित संरक्षण के लिये सन 1970 में प्रोजेक्ट हांगुल नाम की एक विशेष परियोजना शुरू की। यह परियोजना काफी हद तक सफल रही और सन 1988 में यहां हांगुलों की संख्या 170 से बढकर 818 तक पहुंच गई। किन्तु इसके बाद राज्य में लगातार बढती हुई आतंकवादी गतिविधियों के कारण हांगुलों का जमकर शिकार किया गया और सिर्फ चार वर्ष में ही सात सौ से अधिक हांगुल मार डाले गये। राज्य सरकार ने वर्ष 1992 में जब हांगुलों की गणना कराई तो इनकी संख्या सिर्फ सौ के करीब पाई गई। हांगुलों की घटती संख्या पर समस्त विश्व में चिन्ता व्यक्त की गई। सैन्य बल की मदद से वन्य जन्तु संरक्षकों ने हांगुलों की हर सम्भव सुरक्षा की, खासतौर पर तस्करों, घसियारों और लकडी काटने वालों पर विशेष नजर रखी गई। इस सुरक्षा व्यवस्था से दाचीगाम में हांगुलों के अवैध शिकार में कमी आई है। अब इनकी संख्या में बढोत्तरी हुई है। जनवरी 1995 की गणना में यहां 290 हांगुल पाये गये जिनमें 24 नर, 181 मादा और शेष बच्चे थे।
कश्मीरी बारहसिंगा के नाम से प्रसिद्ध हांगुल गर्मियों में ऊपरी दाचीगाम की 9000 से 16000 फीट ऊंची पहाडियों में चले जाते हैं, जहां वे पतझड तक निवास करते हैं। सर्दियों में हांगुल निचली पहाडियों में चले आते हैं और बसन्त तक यहीं रहते हैं। ऊपरी दाचीगाम, दारा, न्यूथेड, खामोह, ओवरो, तराल और सांगर गुलु क्षेत्र में इन्हें अपेक्षाकृत सुगमतापूर्वक देखा जा सकता है।
दाचीगाम राष्ट्रीय उद्यान के वन्य आकर्षणों में कस्तूरी मृग, तेंदुआ, काला और भूरा भालू, जंगली बिल्ली, मार्टिन मारमोट, लाल लोमडी और जंगली बकरी को देखना एक रोमांचकारी अनुभव है।

लेख: अनिल डबराल (हिन्दुस्तान में 26 नवम्बर 1995 को प्रकाशित)
सन्दीप पंवार के सौजन्य से