गुरुवार, मई 24, 2012

सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान- हरियाणा का एकमात्र

दिल्ली जैसे शहर की धक्कामुक्की और उबाऊ दिनचर्या से यदि आप उकता गये हैं, तो आप राजधानी से एकदम करीब सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान का रुख कर सकते हैं। अरावली पर्वत श्रंखलाओं की गोद में स्थित यह राष्ट्रीय उद्यान दिल्ली की सीमा से लगे हरियाणा राज्य के गुडगांव जिले में स्थित है।
करीब 1.47 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले इस राष्ट्रीय उद्यान के मध्य में पहुंचकर एक खूबसूरत झील के दर्शन होते हैं। सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान की धडकन और वन्य प्राणियों के लिये जीवनदायिनी है यह झील। मछलियों की मौजूदगी और दलदली वनस्पति की बहुतायत के चलते प्रवासी पंछी सर्दियां शुरू होते ही यहां आकर डेरा डाल देते हैं।
सुल्तानपुर हरियाणा का एकमात्र राष्ट्रीय उद्यान है। सुप्रसिद्ध विहंगप्रेमी स्वर्गीय सालिम अली और पीटर जैक्सन को इस जगह से बेहद लगाव था।
कब जायें: सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान के भ्रमण के लिये अक्टूबर से फरवरी के महीने सर्वोत्तम हैं।
कैसे जायें: निकटतम हवाई अड्डा पालम सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान से सिर्फ 35 किलोमीटर के फासले पर स्थित है। निकटतम रेलवे स्टेशन गुडगांव है और सडक मार्ग से आने वाले यात्री दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पकडकर सीधे सुल्तानपुर पहुंच सकते हैं।
प्रमुख नगरों से दूरी: गुडगांव 15 किलोमीटर, पालम 35 किलोमीटर, दिल्ली बस अड्डा 56 किलोमीटर, जयपुर 300 किलोमीटर, चण्डीगढ 384 किलोमीटर।
कहां रहें: सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटकों के ठहरने के लिये कुटीर से लेकर वातानुकूलित कमरों तक की व्यवस्था है। पर्यटक चाहें तो दिनभर यहां भ्रमण करने के बाद शाम को दिल्ली भी जा सकते हैं।
क्या देखे: सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान उन पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करता है जिन्हें पक्षियों से लगाव है। यह स्थाई और प्रवासी दोनों ही प्रकार के पक्षियों का घर है। यहां सारस, क्रेन, स्पॉट बिल, गीज और बत्तख सुगमतापूर्वक देखे जा सकते हैं। पेडों पर रहने वाले पक्षियों- बुलबुल, नीलकण्ठ, फाख्ता और मैना के शोरगुल के बीच अगर नृत्यरत मोर के दर्शन हो जायें तो यात्रा सफल हो जाती है।
पक्षी विशेषज्ञों के अनुसार सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान में 100 से अधिक प्रजातियों के पक्षी देखे जा सकते हैं।

लेख: अनिल डबराल (26 नवम्बर 1995 को हिन्दुस्तान में प्रकाशित)
सन्दीप पंवार के सौजन्य से

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें