शनिवार, अक्तूबर 29, 2011

डोडरा क्वार- प्रकृति ही प्रकृति बिखरी है चारों ओर

हिमाचल प्रदेश में अनेक रूपों में बिखरी पडी है प्रकृति। यहां स्थित डोडरा क्वार नामक क्षेत्र में प्रकृति ने अपनी जादुई छटा बिखेरी है। हिमाचल के शिमला जनपद के उत्तर में तथा उत्तराखण्ड के उत्तरकाशी जनपद की सीमा से सटे इस जनजातीय क्षेत्र की प्रकृति का आनन्द हर कोई नहीं उठा पाता क्योंकि दुर्गम मार्गों के कारण यहां पहुंचना आसान नहीं। इस क्षेत्र में दूर-दूर तक 9 गांव बसे हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश के दुर्गम इलाकों में बसा एक स्वप्निल और दर्शनीय क्षेत्र है- डोडरा क्वार। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच यहां प्रकृति ने जादुई सौन्दर्य बिखेरा है। कठोरता और मधुरता का ऐसा अदभुत संयोग कम ही क्षेत्रों में दिखाई देता है। कहीं आकाश को छूती ऊंची चोटियां और बर्फीले दर्रे हैं तो कहीं गहराई में धंसती हुई घाटियां। यह सौन्दर्य सिर्फ पर्वत, झरनों, चरागाहों, मखमली बादल व फूलों में ही नहीं पसरा है बल्कि यहां के मानवीय जीवन में भी भरपूर आकर्षण के साथ उतरा है। ऐसे सौन्दर्य में आकर आगन्तुक को ऐसा लगता है जैसे किसी दूसरी दुनिया में आ गये हों।

यह जनजातीय क्षेत्र शिमला जनपद के उत्तर में उत्तराखण्ड के सीमान्त उत्तरकाशी, गढवाल क्षेत्र से सटा है। यह क्षेत्र समुद्र तल से आठ हजार फीट से लेकर पन्द्रह हजार फीट ऊंचाई तक फैला है। इस क्षेत्र में दूर-दूर तक 9 गांव बसे हुए हैं, ये हैं- डोडरा, पजेली, दम्दवाडी, कितरवाडी, कोटोल, क्वार, जिसकुण्ड, जाखा और पण्डार। यातायात सुविधा की घोर कमी के कारण यह खूबसूरत क्षेत्र बेहद पिछडा रह गया है। यही कारण है कि यह क्षेत्र प्रकृति प्रेमी व पर्यटकों की निगाहों से छुपा रह गया।

डोडरा क्वार इलाके में पहुंचना ही एक बडे साहसिक रोमांच का काम है। पर यह रोमांच प्रकृति के अदभुत सौन्दर्य के कारण सदा यादों में रच-बस जाता है। एक-दो नहीं, पूरे चार रास्ते हैं यहां पहुंचने के। सभी पैदल और बहुत लम्बे हैं। इन रास्तों में कहीं विकट दर्रे हैं तो कहीं मीलों फैले खूबसूरत ढलान। कहीं घने सन्नाटेदार जंगल हैं तो कहीं नदी-नाले, झरने व फूलों के कुंज।

यहां पहुंचने के लिये पहला रास्ता उत्तरकाशी गढवाल के नैतवाड नामक कस्बे से है। रूपिन और सूपिन नदियों के संगम में स्थित इस कस्बे में यक्ष व राजा कर्ण के कलात्मक दुर्लभ मन्दिर हैं। यहां से एक मार्ग विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हर की दून की ओर जाता है।

नैतवाड से पैदल यात्रा शुरू होती है डोडरा क्वार के लिये, जिसकी दूरी 35 किलोमीटर है। रास्ता काफी सुगम है। रूपिन नदी के किनारे 15 किलोमीटर चलने के बाद लोग दोणी गांव पहुंचते हैं। फिर 20 किलोमीटर चढाई व उतार भरे थकाऊ मार्ग के बाद डोडरा पहुंचते हैं। यह अन्य मार्गों की अपेक्षा ज्यादा सुविधाजनक व निरापद है। यह मार्ग बारहों महीने खुला रहता है। डोडरा क्वार गांव के लोग ज्यादातर इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।

दूसरा मार्ग शिमला से रोहडू, चीडगांव, टिक्करी से है। टिक्करी तक बस सुविधा है। यहां से फिर डोडरा क्वार तक पहुंचने में पूरे दो दिन लग जाते हैं। इस मार्ग पर जडी-बूटियों व दुर्लभ भोजपत्र के वृक्षों का जमघट भी मिलता है। हिरण भी यहां यदा-कदा विचरण करते दिखाई देते हैं।

तीसरा रास्ता शिमला से धरवाडी व दिऊदी होकर है। यह काफी दुर्गम मार्ग है। वहां पहुंचने के लिये सत्रह हजार फीट ऊंचाई पर एक दर्रे को पार करना पडता है। इसे बीघू पर्वत भी कहते हैं। इस मार्ग में घनघोर जंगल है, जहां भालू बहुतायत में रहते हैं। यहां लोग समूह में शोर मचाते चलते हैं जिससे भालू डरकर छिप जाते हैं। यह मार्ग बहुत ज्यादा लम्बा तो नहीं पर विकट है।

इसी तरह चौथा मार्ग किन्नौर जनपद के सांगला नामक कस्बे से है। यह मार्ग भी प्रकृति के विविध सौन्दर्य से आच्छादित है। इस मार्ग पर छोटे-छोटे गांव मिलते हैं।

डोडरा क्वार के गांव भी अजीब कशिश रखते हैं। यहां के मकान व मन्दिरों में लकडियों व पत्थरों पर की गई अनूठी नक्काशी विशेष दर्शनीय हैं। इस परम्परागत विशिष्ट लोककला के लुप्त होने या संकट में पडने का खतरा नहीं है। भले ही भौतिक विकास यहां नहीं पहुंचा हो पर उत्कृष्ट लोककलाएं यहां विद्यमान हैं। छत्रशैली व किलेनुमा आकृति के मन्दिर बेहद लुभाते हैं।

यहां की महिलाएं सौन्दर्य के लिहाज से किसी तरह के परिचय की मोहताज नहीं हैं। सिर पर किन्नौरी टोपी, गले व कानों में लटकते आभूषण, कमर पर बंधी रस्सी, ऊन के कोट, पजामे पहने महिलाएं किसी देवलोक की अप्सराएं सी लगती हैं। कुदरत ने इन महिलाओं को ऐसा मीठा स्वर दिया है कि इनकी बोली भले ही समझ में न आये पर सुनने वालों अन्दर तक झंकृत कर देती है।

इस क्षेत्र में होने वाले विवाह भी कम विचित्र नहीं हैं। यहां दुल्हन अपनी ससुराल में घोडे पर सवार होकर जाती हैं। विवाह भी पण्डित के मन्त्रोच्चार व सात फेरे लेने से नहीं होते। दूल्हे को ससुराल पक्ष के लिये एक तयशुदा धनराशि (जिसे शशौंग कहा जाता है) अदा करनी पडती है। यहां विवाह की एक रस्म है- धाडा। इसके अनुसार जब कोई युवक किसी युवती पर मोहित हो जाता है, तो उसे वह अपने कुछ मित्रों द्वारा अगवा करवा लेता है। यदि युवती सहमत होती है तो शादी कर दी जाती है अन्यथा उसके साथ कोई जोर-जबर्दस्ती न कर सम्मानपूर्वक उसे वापस भेज दिया जाता है। एक अन्य विवाह परम्परा के अनुसार दूल्हे या उसके परिवार द्वारा एक निश्चित धनराशि वधूपक्ष को देनी पडती है। फिर विवाह सम्पन्न हो जाता है।

लेख: प्रकाश पुरोहित जयदीप

सन्दीप पंवार के सौजन्य से

आप भी अपने यात्रा वृत्तान्त और पत्र-पत्रिकाओं से यात्रा लेख भेज सकते हैं। भेजने के लिये neerajjaatji@gmail.com का इस्तेमाल करें। नियम व शर्तों के लिये यहां क्लिक करें

मुसाफिर हूं यारों- नीरज जाट का यात्रा ब्लॉग

1 टिप्पणी: