गुरुवार, फ़रवरी 09, 2012

महाबलेश्वर

महाबलेश्वर अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, आकर्षक नजारों और पहाडों के चलते मशहूर है। यहां से आप समुद्र की झलक भी पा सकते हैं। 

समुद्र तल से 1372 मीटर की ऊंचाई पर स्थित महाबलेश्वर महाराष्ट्र के सतारा जिले में सहयाद्रि पर्वतों के बीच स्थित है। इस जगह के नाम पर कई तथ्य प्रचलित हैं, जैसे शीर्षक ‘महाबलेश्वर’ भगवान महादेव के मन्दिर से उत्पन्न हुआ है और संस्कृत के तीन शब्द महा (बढिया), बल (शक्ति) और ईश्वर (भगवान) इसके नाम को बनाते हैं। कुछ लोगों का कहना है कि महाबलेश्वर का अर्थ शक्तिशाली ईश्वर है, जो पौराणिक अतीत का भी सर्वेसर्वा है। मैदानी इलाके की गर्मी से बचने के लिये अक्सर मुम्बई के आसपास के इलाकों व अन्य राज्यों से भी लोग यहां वीकेंड पर आते हैं। यहां घूमने और मस्ती-मनोरंजन करने के लिये उम्दा स्थान हैं। 

महाबलेश्वर अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, आकर्षक नजारों और सुन्दर दिखते पहाडों के लिये मशहूर है। यहां से आप समुद्र की झलक भी पा सकते हैं। महाबलेश्वर की गलियों में टट्टू की सवारी का मजा लेना रोमांचक अनुभव है। कई तरह के मन को लुभाते हिल रिसॉर्ट इन पहाडों में बनाये गये हैं, जिन्हें देखकर लगता है कि यह सभी कोलोनियल एरा से यहां मौजूद हों। महाबलेश्वर को महाराष्ट्र के छुट्टियों में घूमने लायक उम्दा व सबसे बेहतरीन माना गया है।, फिर चाहें मौसम, एडवेंचर, घूमने-फिरने के नजरिये से ही क्यों न हो। यहां देखने लायक प्रतापगढ किला काफी भव्य है। इसके अलावा यहां पर ट्रेकिंग, बोटिंग और हॉर्स राइडिंग भी कर सकते हैं। 

कब जायें 

सभी हिल स्टेशनों की तरह महाबलेश्वर भी मानसून (मध्य जून से मध्य सितम्बर) के समय बन्द रहता है। गर्मी के दिनों में यहां अधिक संख्या में पर्यटक आते हैं। अप्रैल से मई के बीच, क्रिसमस (दिसम्बर) और दिवाली (अक्टूबर से नवम्बर) पर आसपास के लोग त्यौहार को डिफरेंट तरीके से इंजॉय करने के लिये यहां आना पसन्द करते हैं। हालांकि अक्टूबर से दिसम्बर के बीच घूमना काफी रोमांचक अनुभव है। 

कैसे जायें 

सडक मार्ग: मुम्बई से होते हुए पुणे यहां की दूरी 290 किलोमीटर है और महाड से 247 किलोमीटर। मुम्बई-पुणे से महाबलेश्वर के बीच प्रतिदिन बसें चलती हैं। बारिश में बसें कम चलती हैं। 
रेल मार्ग: नजदीकी रेलवे स्टेशन वथार है, जो 62 किलोमीटर दूर है। 120 किलोमीटर दूर पुणे सबसे सुविधाजनक रेलवे मार्ग पर पडता है। 
हवाई मार्ग: नजदीकी हवाई अड्डा पुणे है।
कहां ठहरें: यहां कई अच्छे होलीडे रिसॉर्ट और मोटल हैं, जहां उचित दर पर ठहरने की व्यवस्था है। 

लेख: अंशुमाला (राष्ट्रीय सहारा में 30 अक्टूबर 2011 को प्रकाशित)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें